शर्ट धोने के बाद भी कॉलर दिखता है गंदा? बिना घिसे और रगड़े इन घरेलू ट्रिक्स से ऐसे करें एकदम साफ
शर्ट के गंदे कॉलर को साफ करना इतना भी मुश्किल नहीं, बस जरूरत है कुछ घरेलू नुस्खों को आजमाने की।

शर्ट का कॉलर साफ करने के ट्रिक्स (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कई बार शर्ट को चाहे जितने अच्छे डिटर्जेंट से धो लो पर पसीने और गंदगी के दाग कॉलर से जाते ही नहीं हैं। वहीं, इसे जरूरत से ज्यादा रगड़ा जाए तो कॉलर ही फटने लग जाता है, ऐसे में सवाल यह है कि आखिर इसे आसानी से साफ कैसे किया जाए। अगर आप भी कॉलर को घिस-घिस कर परेशान हैं तो आइए इसे साफ करने के कुछ ट्रिक्स जानते हैं।
नींबू और नमक
नींबू के नेचुरल ब्लीचिंग गुण दाग छुड़ाने में मदद करते हैं। कॉलर से दाग हल्के करने के लिए एक नींबू का रस निकाल लें और उसमें 2-3 चुटकी नमक मिलाएं। रस में नमक अच्छे से मिलाने के बाद उसे कॉलर पर कम से कम 4-5 मिनट तक रगड़ना है। फिर थोड़ी देर बाद सादे पानी और डिटर्जेंट से धो लें।
बेकिंग सोडा
कपड़ों के जिद्दी दाग हटाने के लिए बेकिंग सोडा भी एक असरदार उपाय हो सकता है। 2 चम्मच बेकिंग सोडा में 4-5 चम्मच पानी मिलाकर उसका गाढ़ा सा पेस्ट तैयार कर लें। अब इस पेस्ट को कॉलर पर अप्लाई करने के बाद 2 मिनट तक छोड़ देना है। फिर टूथब्रश से रगड़ने के बाद शर्ट को सामान्य तरीके से धो लें।
सफेद सिरका
2-3 चम्मच सफेद सिरके में 1 चम्मच नींबू का रस मिलाकर घोल तैयार करें। इसके बाद शर्ट को धोते समय कॉलर वाले स्थान पर पहले लिक्विड डिटर्जेंट डालना है और फिर सिरके और नींबू के रस का मिश्रण ऊपर से डालकर छोड़ देना है। 5-10 मिनट तक इस मिश्रण को लगाए रखने के बाद ब्रश की मदद से हल्के हाथ से रगड़ लें। आप पाएंगे कि कॉलर पर लगे दाग हल्के हो गए है।
एक्सपायर टैबलेट और टूथपेस्ट
इस नुस्खे को आजमाने के लिए आपको 1 एक्सपायर विटामिन सी या एस्पिरिन की टैबलेट, 1 चम्मच सफेद टूथपेस्ट और 1/2 कप पानी की जरूरत है। एक बर्तन में शर्ट डूबने जितना पानी लेकर इसमें सबसे पहले 1 टैबलेट डालकर घुल जाने दें। इसमें शर्ट को 5-10 मिनट तक डाले रखने के बाद उसे बाहर निकालें और उसपर टूथपेस्ट लगाकर रगड़ें। इससे कॉलर का दाग काफी हद तक हल्का हो जाएगा।
शैंपू
कई बार कॉलर के जिद्दी दाग हटाने के लिए शैंपू भी बड़ा काम आ सकता है। किसी शैंपू का एक छोटा सा पाउच लें, उसे कॉलर पर डालकर 2 मिनट तक छोड़ दें। फिर इसे 3-4 मिनट तक रगड़ने के बाद सामान्य तरीके से शर्ट धो लें।
