जूते निकालने पर आती है पैरों से बदबू? सिर्फ मोजे बदलना काफी नहीं, अपनाएं ये 3 हैक्स, गायब हो जाएगी स्मेल
जूते उतारने पर पैरों से आने वाली बदबू कई बार शर्मिंदगी का कारण बनती है, जिसके लिए सिर्फ मोजे बदलना काफी नहीं है।

पैरों की बदबू बिगाड़ रही है इम्प्रेशन? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि ऑफिस या किसी दोस्त के घर जाकर जूते उतारते ही पैरों से अजीब-सी बदबू आने लगती है? यह सिचुएशन कई बार बहुत शर्मिंदगी भरी हो सकती है।
ज्यादातर लोग सोचते हैं कि रोज मोजे बदलने या पैर धो लेने से यह समस्या खत्म हो जाएगी, लेकिन सच तो यह है कि पसीना और बैक्टीरिया जूतों और पैरों के बीच गहराई से घर बना लेते हैं। पैरों की बदबू से हमेशा के लिए छुटकारा पाने के लिए सिर्फ मोजे बदलना काफी नहीं है, बल्कि आपको कुछ स्मार्ट तरीके अपनाने होंगे।
बेकिंग सोडा का इस्तेमाल
पैरों और जूतों की बदबू दूर करने के लिए बेकिंग सोडा एक बहुत ही असरदार उपाय है। यह पसीने की नमी को सोख लेता है और बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया को खत्म करता है। आप रात को अपने जूतों के अंदर थोड़ा-सा बेकिंग सोडा छिड़क कर छोड़ दें और अगली सुबह जूते पहनने से पहले उसे झाड़ लें। इसके अलावा, आप हफ्ते में दो बार गुनगुने पानी में बेकिंग सोडा डालकर अपने पैरों को 15 मिनट तक डुबोकर भी रख सकते हैं।
सूखे हुए टी-बैग्स आएंगे काम
अगर आपके जूतों के अंदर से ही बहुत ज्यादा स्मेल आती है, तो ब्लैक टी के इस्तेमाल किए हुए टी-बैग्स आपके बहुत काम आ सकते हैं। इस्तेमाल किए हुए टी-बैग्स को अच्छी तरह सुखा लें और फिर इन्हें रात भर के लिए अपने जूतों के अंदर रख दें। चाय की पत्ती में टैनिन होता है, जो जूतों के अंदर पनपने वाले बैक्टीरिया को मारता है और सारी बदबू को अपने अंदर खींच लेता है।
नमक वाले गुनगुने पानी का फुट बाथ
पैरों की गहराई से सफाई करना सबसे ज्यादा जरूरी है। नहाते समय पैरों को सिर्फ साबुन से धो लेना काफी नहीं होता। एक टब या बाल्टी में गुनगुना पानी लें और उसमें दो चम्मच सेंधा नमक मिला लें। अब अपने पैरों को 15 से 20 मिनट तक इस पानी में डुबोकर रखें। नमक पैरों के फंगस और बैक्टीरिया को जड़ से खत्म करता है और पसीने की ग्रंथियों को भी शांत करता है।
इन आसान हैक्स को अपने रूटीन में शामिल करें और कोशिश करें कि एक ही जूते को लगातार कई दिनों तक न पहनें। इसके अलावा, जूतों को बीच-बीच में धूप दिखाने से भी स्मेल आने की प्रॉब्लम काफी हद तक कम हो सकती है।
