साफ-सफाई के बाद भी बदबू मारता है बाथरूम? एयर फ्रेशनर का चक्कर छोड़िए, तुरंत चेक करें यह एक कोना
साफ-सफाई के बाद भी बाथरूम में आने वाली बदबू का कारण अक्सर फर्श की नाली और टॉयलेट सीट के पीछे छिपा होता है।

बाथरूम तो चमक जाता है पर बदबू नहीं जाती? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपके साथ भी अक्सर ऐसा होता है कि आप घंटों लगाकर बाथरूम की टाइल्स, सिंक और कमोड चमकाते हैं, लेकिन फिर भी एक अजीब-सी बदबू पूरे बाथरूम में फैली रहती है? मेहमानों के आने पर आप आनन-फानन में एयर फ्रेशनर तो छिड़क देते हैं, लेकिन कुछ ही देर में फ्रेशनर की खुशबू और बाथरूम की बदबू मिलकर माहौल और भी खराब कर देती है।
अगर आपका जवाब 'हां' है, तो समझ लीजिए कि आपकी सफाई में कोई कमी नहीं है, बल्कि आप उस एक कोने को इग्नोर कर रहे हैं जहां से यह सारी बदबू आ रही है। आइए जानते हैं वह कोना कौन-सा है और इस परेशानी से हमेशा के लिए कैसे छुटकारा पाया जाए।

(Image Source: AI-Generated)
आखिर कहां से आती है यह जिद्दी बदबू?
बाथरूम में बदबू का सबसे बड़ा और छिपा हुआ कारण है- फर्श की नाली और टॉयलेट सीट के ठीक पीछे का हिस्सा।
हम अक्सर ऊपर से नाली की जाली को तो साफ कर देते हैं, लेकिन जाली के ठीक नीचे वाले हिस्से में नहाते समय टूटे हुए बाल, साबुन का झाग और गंदगी जमा होती रहती है। लगातार पानी के संपर्क में रहने के कारण यह गंदगी सड़ने लगती है और इसमें से सीवर जैसी तीखी बदबू आने लगती है। इसके अलावा, टॉयलेट कमोड के बिल्कुल पीछे का हिस्सा, जहां हमारा हाथ आसानी से नहीं पहुंचता, वहां नमी और कीटाणु पनपते रहते हैं जो इस बदबू को दोगुना कर देते हैं।
बदबू दूर करने का अचूक घरेलू नुस्खा
बाजार के महंगे केमिकल या खुशबूदार स्प्रे इस बदबू को सिर्फ कुछ देर के लिए दबाते हैं, खत्म नहीं करते। इसे जड़ से खत्म करने के लिए आपको अपनी रसोई में रखी बस दो चीजों की जरूरत है:
- बेकिंग सोडा और सिरका: सबसे पहले बाथरूम की नाली की जाली हटाएं। अब आधा कप बेकिंग सोडा सीधे नाली के अंदर डाल दें। इसके तुरंत बाद एक कप सफेद सिरका डालें।
- देखें कमाल: सिरका डालते ही नाली में झाग बनने लगेगा। इसे 15 से 20 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। यह मिश्रण अंदर चिपकी हुई सारी सड़ी-गली गंदगी और बदबूदार बैक्टीरिया को काट देगा।
- गर्म पानी का यूज: 20 मिनट बाद, एक बाल्टी उबलता हुआ गर्म पानी नाली में तेजी से डाल दें। इससे सारी फंसी हुई गंदगी पिघल कर सीवर में बह जाएगी और आपकी नाली बिल्कुल नई जैसी साफ हो जाएगी।
टॉयलेट के पीछे की सफाई कैसे करें?
एक पुरानी स्प्रे बोतल में आधा पानी और आधा सिरका मिला लें। इसे टॉयलेट के पीछे और बेस पर अच्छी तरह छिड़कें। 10 मिनट बाद एक पुराने टूथब्रश या लंबे ब्रश की मदद से रगड़ कर साफ कर लें और पानी डाल दें। सारी छुपी हुई बदबू छूमंतर हो जाएगी।
बाथरूम को महकाएंगे 3 आसान टिप्स
- नहाने के बाद बाथरूम का दरवाजा और एग्जॉस्ट फैन कम से कम 15 मिनट के लिए खुला छोड़ दें। नमी ही बदबू की सबसे बड़ी दोस्त होती है, बाथरूम जितना सूखा रहेगा, बदबू उतनी ही दूर रहेगी।
- आर्टिफिशियल फ्रेशनर की जगह एक छोटी सी कटोरी में 3-4 कपूर की गोलियां या थोड़े से कॉफी के बीज बाथरूम के किसी शेल्फ पर रख दें। यह प्राकृतिक रूप से बदबू को सोख लेते हैं।
- हर संडे नाली में गर्म पानी डालने की आदत बना लें। इससे कभी भी नाली के अंदर गंदगी जमा नहीं हो पाएगी।
यह भी पढ़ें- बाथरूम के कोनों में बार-बार बन रहे हैं मकड़ी के जाले? रोकने के लिए आजमाएं 5 आसान ट्रिक्स
