धागा भी नहीं काट पा रही कैंची? बिना एक रुपया खर्च किए घर पर ही तेज करें धार, मिलेगी ब्लेड जैसी शार्पनेस
क्या आप जानते हैं खराब धार वाली कैंची को घर पर ही तेज किया जा सकता है... वो भी बिना कोई पैसा खर्च किए?

कैंची की धार हो गई है बेकार? अपनाएं ये घरेलू उपाय (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। घर में सिलाई का काम हो, बच्चों का स्कूल प्रोजेक्ट हो या किचन में दूध का पैकेट काटना हो, एक तेज धार वाली कैंची की जरूरत हर जगह पड़ती है। हालांकि, कई बार लगातार इस्तेमाल से कैंची की धार इतनी खराब हो जाती है कि वह एक पतला धागा या कागज भी नहीं काट पाती। ऐसे में, लोग या तो नई कैंची खरीद लाते हैं या फिर बाजार जाकर धार तेज करवाने के लिए पैसे खर्च करते हैं।
अगर आपकी कैंची भी काम करते-करते थक गई है, तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आज हम आपको कुछ ऐसे आसान घरेलू तरीके बता रहे हैं, जिनसे आपकी कैंची कुछ ही मिनटों में बिल्कुल नए जैसी और ब्लेड जैसी तेज हो जाएगी। सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको अपनी जेब से एक रुपया भी खर्च नहीं करना पड़ेगा।
एल्युमिनियम फॉयल का कमाल
खाना पैक करने वाला एल्युमिनियम फॉयल हर घर की रसोई में आसानी से मिल जाता है। कैंची की धार तेज करने के लिए यह एक बेहतरीन जुगाड़ है। जी हां, इसके लिए एक फॉयल का टुकड़ा लें और उसे 5-6 बार मोड़कर थोड़ा मोटा कर लें। अब अपनी बिना धार वाली कैंची से इस मुड़े हुए फॉयल को 10 से 15 बार काटें। फॉयल और कैंची के बीच होने वाले घर्षण से कैंची की धार एकदम तेज हो जाएगी।
कांच की बोतल या जार से करें तेज
यह तरीका थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन यकीन मानिए यह वाकई असरदार है। घर में रखी कोई भी खाली कांच की बोतल लें। अब कैंची को बोतल की गर्दन पर ऐसे चलाएं जैसे आप बोतल को काटने की कोशिश कर रहे हों। ध्यान रखें, आपको थोड़ा दबाव बनाते हुए कैंची को आगे से पीछे की तरफ खिसकाना है। 10-12 बार ऐसा करने से कैंची की धार एकदम शार्प हो जाएगी।
रेगमाल से मिलेगी ब्लेड जैसी धार
अगर आपके घर में पेंटिंग या पुट्टी के काम से बचा हुआ रेगमाल रखा है, तो वह भी बड़े काम आ सकता है। रेगमाल की खुरदरी सतह कैंची को तेज करने के लिए परफेक्ट है। बस रेगमाल को लें और कैंची से उसकी लंबी-लंबी पट्टियां काटें। यह तरीका कैंची के ब्लेड को घिसकर नया जैसा बना देता है।
सिलाई वाली सुई या स्क्रूड्राइवर का इस्तेमाल
अगर ऊपर बताई गई कोई भी चीज पास न हो, तो घर में रखा पेचकस या कोई मोटी लोहे की सुई ले आएं। सुई या पेचकस को कैंची के ब्लेड के बीच में फंसाएं और कैंची को ऐसे चलाएं जैसे आप उस लोहे को काटना चाह रहे हों। इसे ब्लेड के निचले हिस्से से लेकर ऊपरी सिरे तक खिसकाएं। कुछ ही देर में आपको फर्क नजर आने लगेगा।
ध्यान रहे, कई बार कैंची की धार कम नहीं होती, बल्कि उस पर जंग या गंदगी जम जाने की वजह से वह चलना बंद कर देती है। धार तेज करने से पहले, रुई में थोड़ा-सा सैनिटाइजर, नेल पेंट रिमूवर या सरसों का तेल लगाकर कैंची के ब्लेड को अच्छी तरह साफ भी कर लें।
