दिल्ली में 64 कुत्ते लड़ रहे चुनाव! वोट देकर चुन रहे लोग अपना फेवरेट ‘गोलू-मोलू’ डॉग
राजधानी दिल्ली में इन दिनों 'Fat Dogs of Delhi' नाम से एक अनोखा ऑनलाइन चुनावी मुकाबला चल रहा है, जिसमें ...और पढ़ें

दिल्ली में 'फैट डॉग्स ऑफ दिल्ली' का अनोखा चुनाव (Picture Credit- AI Generated)
HighLights
दिल्ली में 'फैट डॉग्स ऑफ दिल्ली' ऑनलाइन प्रतियोगिता जारी
64 कुत्ते 'सबसे मोटे और प्यारे' खिताब के लिए लड़ रहे
इंस्टाग्राम पर वोटिंग, 29 सितंबर को होगा फिनाले
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इस दिनों एक अनोखा ट्रेंड देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली में चुनावी दौर के बीच आजकल एक बेहद अनोखा, प्यारा और खुशनुमा चुनावी बुखार छाया हुआ है। आपको जानकर हैरानी होगी कि इन दिनों यहां राजनेताओं और रैलियों की जगह, 64 गोल-मटोल और प्यारे कुत्ते चुनाव लड़ रहे हैं।
इन दिनों इंटरनेट पर इन कुत्तों के बीच 'शहर के सबसे मोटे और प्यारे कुत्ते' का खिताब जीतने की होड़ मची है। खास बात यह है कि यह कोई आम डॉग शो नहीं, बल्कि एक ऐसा मजेदार डिजिटल चुनावी मुकाबला है, जिसने पूरे इंटरनेट पर धूम मचा दी है।
मोटे कुत्ते के खिताब के लिए मची होड़
जितना दिलचस्प ये मुकाबला है, उतना ही मजेदार इसका नाम है। इस ऑनलाइन मुकाबले का नाम 'Fat Dogs of Delhi' रखा गया है। इतना ही नहीं इंस्टाग्राम पर इसी नाम से एक खास पेज भी बनाया गया है, जो अब शहर के पालतू और प्यारे स्ट्रीट डॉग्स के लिए एक मजेदार मंज बन गया है।
कहां से आया यह कॉम्पिटिशन?
असल में यह प्रतियोगिता अमेरिका के अलास्का में होने वाले मशहूर 'फैट बियर वीक' से प्रेरित है। इस प्रतियोगिता के तहत लोग वोट देकर सबसे मोटे भालू को चुनते हैं। इसी की तर्ज पर, 24 सितंबर से दिल्ली में यह ऑनलाइन डॉग शो शुरू हुआ और इसमें दिल्ली-एनसीआर के 64 कुत्तों को शामिल किया गया। लोगों ने अपने-अपने इलाकों के कुत्तों की प्यारी तस्वीरें, नाम और बाकी की जानकारी भेजकर उन्हें इस रेस का हिस्सा बनाया है।
View this post on Instagram
29 सितंबर को होगा फिनाले
कुत्तों के बीच होने वाला यह मुकाबला किसी टीवी रियलिटी शो से कम नहीं है। इस प्रतियोगिता के लिए रोजाना दोपहर 2 से 3 बजे के बीच इंस्टाग्राम पर वोटिंग पोल खुलते हैं, जो अगले 24 घंटों तक लाइव रहते हैं। हर राउंड में दो कुत्तों के बीच कांटे की टक्कर होती है। सोशल मीडिया यूजर्स अपने पसंदीदा गोलू-मोलू कुत्ते को वोट करते हैं। जिसे ज्यादा वोट मिलते हैं, वह अगले राउंड में चला जाता है और दूसरा बाहर हो जाता है। 29 सितंबर को इस प्रतियोगिता का फिनाले राउंड आयोजित किया जाएगा।
इंटरनेट पर छाए कुत्तों के अतरंगी नाम
इस मुकाबले का सबसे मजेदार हिस्सा इन कुत्तों के अतरंगी नाम है। इस प्रतियोगिता में रोहिणी इलाके से 'कुत्ता सिंह', नोएडा से 'महाकुत्तेश्वर', कमला नगर से 'चोंकू' और लाजपत नगर से 'भोंदू की बर्फी' जैसे नाम शामिल हैं, जिन्हें सुनकर किसी के भी चेहरे पर मुस्कान आ जाए। आलम यह है कि अब लोग सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर न सिर्फ खुद अपने पसंदीदा डॉग को वोट दे रहे हैं, बल्कि दूसरों को भी प्रेरित कर रहे हैं।
