गर्मी में डाइजेशन की समस्या से हैं परेशान, तो जरूर करें ये 7 काम; शीतल हो जाएंगी आंतें
गर्मी में अक्सर पेट की गर्मी और जलन एक आम समस्या बन जाती है। तेज धूप मसालेदार खाना और कम पानी पीने की वजह से हमारी बॉडी में गर्मी बढ़ सकती है। इसका सीधा असर हमारे पेट पर ही पड़ता है। अगर आपको भी पेट में जलन भारीपन अपच या गैस जैसी समस्याएं हो रही हैं तो ये टिप्स आपके काम आ सकते हैं।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मी का मौसम अपने साथ कई सारी समस्याएं लेकर आता है। इन दिनों कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए कहा जाता है कि इस माैसम में खानपान का विशेष रूप से ध्यान रखें। ताकि आप सेहतमंद रह सकें। गर्मी में बाजारों में मौसमी फल और हरी सब्जियों की भरमार होती है। ये आपकी बॉडी को हाइड्रेट रखते हैं। साथ ही सभी जरूरी पोषक तत्वों की कमी को पूरा करते हैं।
इन दिनों पेट की समस्याएं ज्यादातर देखने को मिलती हैं। पेट में जलन, गैस, एसिडिटी और कब्ज की समस्या तो आम है। खानपान पर सही ध्यान नहीं दिया जाए तो पाचन बिगड़ जाता है। ऐसे में आज हम आपको अपने इस लेख में कुछ खास टिप्स देने जा रहे हैं जो आपके पेट काे ठंडा रखेंगे। पाचन की समस्या भी नहीं होगी। आइए जानते हैं विस्तार से-
लिक्विड चीजों को डाइट में करें शामिल
गर्मी में पसीने के कारण शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इससे पाचन संबंधित दिक्कतें बढ़ सकती हैं। दिनभर में 8-10 गिलास पानी जरूर पिएं। इसके अलावा नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी और बेल का शरबत जैसे नेचुरल ड्रिंक्स भी शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं।
हल्का भोजन करें
गर्मियों में भारी, तला-भुना और मसालेदार खाना खाते हैं तो इसे पचाना मुश्किल हो सकता है। इसलिए हल्की और आसानी से डाइजेस्ट होने वाली चीजों को डाइट में शामिल करें। आप खिचड़ी, दही-चावल, सब्जी-रोटी या दलिया खा सकते हैं। खाने में हरी पत्तेदार सब्जियां और मौसमी फल शामिल करें, जो फाइबर से भरपूर होते हैं और पाचन को बेहतर बनाते हैं।
दही जरूर खाएं
दही में मौजूद प्रोबायोटिक गुण अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं, जिससे आपका पेट स्वस्थ रहता है। गर्मियों में रोजाना एक कटोरी दही या छाछ जरूर लें। ये पेट को ठंडा रखने में काफी फायदेमंद होते हैं।
फास्ट फूड से बचें
फास्ट फूड, ऑयली स्नैक्स और ज्यादा मसालेदार खाने से पेट में गर्मी, जलन और गैस बन सकती है। इससे एसिडिटी और अपच की समस्या भी बढ़ जाती है। कोशिश करें कि घर का बना ताजा और हल्का खाना ही खाएं।
भोजन के बीच लंबा गैप न छोड़ें
अगर आप लंबे समय तक भूखे रहते हैं तो इससे पेट में एसिड बनने लगता है। इससे गैस और जलन जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। हर 2-3 घंटे में कुछ हल्का और पौष्टिक खाएं। इससे आपके पेट पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ेगा।
ताजे फल और सलाद बढ़ाएं
गर्मियों में मौसमी फलों की भरमार होती है। तरबूज, खरबूज, खीरा, ककड़ी जैसे पानी से भरपूर फल और सब्जियां गर्मी में शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं। सलाद बनाते समय नींबू और काला नमक डाल सकते हैं, जिससे पाचन और स्वाद दोनों बेहतर होंगे।
वॉक भी जरूरी
गर्मी के कारण ज्यादातर लोग खाना खाने के बाद तुरंत लेट जाते हैं। अगर आप ऐसा करते हैं तो खाने को पचाने में कठिनाई होती है। आपको 5 से 10 मिनट की हल्की वॉक जरूर करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: Heart Attack आने से एक महीने पहले 6 संकेत देता है आपका शरीर, नजरअंदाज किया तो जा सकती है जान
यह भी पढ़ें: शरीर में दिखने वाले ये 5 संकेत बताते हैं कि कमजोर हो रहे हैं आपके फेफड़े, वक्त रहते हो जाएं सावधान
Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।