विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्ट्रोक है या ब्रेन ट्यूमर? मिलते-जुलते लक्षणों का फर्क पहचानना है जरूरी, छोटी-सी गलती ले सकती है जान

Published: Mon, 08 Jun 2026 07:00 AM (IST)

स्ट्रोक और ब्रेन ट्यूमर के लक्षण अक्सर एक जैसे लग सकते हैं, लेकिन इनके कारण और इलाज में बड़ा अंतर है। 

अचानक आता है स्ट्रोक, धीरे-धीरे बढ़ता है ब्रेन ट्यूमर (Image Source: AI-Generated)

अचानक आता है स्ट्रोक, धीरे-धीरे बढ़ता है ब्रेन ट्यूमर (Image Source: AI-Generated) 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अक्सर हम देखते हैं कि जब घर में किसी को अचानक कमजोरी महसूस होती है, बोलने में लड़खड़ाहट होती है या बहुत तेज सिरदर्द होता है, तो हमारी पहली प्रतिक्रिया यही होती है- "थोड़ी देर आराम कर लो, शायद अपने आप ठीक हो जाए।" लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी यह सोच किसी की जान के लिए कितनी खतरनाक साबित हो सकती है?

स्ट्रोक और ब्रेन ट्यूमर- ये दिमाग की दो ऐसी गंभीर बीमारियां हैं, जिनके लक्षण देखने में काफी हद तक एक जैसे लग सकते हैं, लेकिन इनके होने का कारण, शरीर पर असर करने की रफ्तार और इलाज की जल्दबाजी में जमीन-आसमान का अंतर है।

आइए, आज 8 जून को मनाए जा रहे World Brain Tumor Day के मौके पर मेदांता अस्पताल, नोएडा के न्यूरोसाइंसेस विभाग के डायरेक्टर और हेड, डॉ. मनीष वैश्य से जानते हैं कि स्ट्रोक और ब्रेन ट्यूमर के बीच के फर्क को सही समय पर पहचानना क्यों है बेहद जरूरी।

stroke vs brain tumor

(Image Source: AI-Generated) 

एक 'ब्रेन अटैक' जो बिल्कुल इंतजार नहीं करता

डॉ. मनीष कहते हैं, "स्ट्रोक को आप एक 'ब्रेन अटैक' कह सकते हैं। यह अचानक होता है और आपको संभलने का मौका नहीं देता। स्ट्रोक तब आता है जब दिमाग तक खून पहुंचना अचानक से बंद हो जाता है। ऐसा या तो किसी खून के थक्के की वजह से होता है या फिर दिमाग की किसी नस के फट जाने से।"

स्ट्रोक आने पर दिमाग की कोशिकाएं मिनटों में मरने लगती हैं। आप जानकर हैरान रह जाएंगे कि इलाज में होने वाली हर एक मिनट की देरी से दिमाग के करीब 19 लाख न्यूरॉन्स नष्ट हो जाते हैं। इसलिए मेडिकल भाषा में कहा जाता है- "Time is Brain" यानी समय ही दिमाग है।

स्ट्रोक के अचानक दिखने वाले लक्षण:

  • शरीर के किसी एक हिस्से में अचानक कमजोरी आना।
  • चेहरे का एक तरफ से टेढ़ा हो जाना।
  • बोलने में या दूसरों की बात समझने में अचानक दिक्कत होना।
  • बहुत तेज और अचानक सिरदर्द उठना।
  • अचानक आंखों की रोशनी कम होना या चलने में लड़खड़ाना।

हमेशा याद रखें 'FAST' का फॉर्मूला:

  • F (Face drooping): चेहरे का लटकना या टेढ़ा होना।
  • A (Arm weakness): बांह या हाथ में कमजोरी महसूस होना।
  • S (Speech difficulty): बोलने में परेशानी होना।
  • T (Time): तुरंत एम्बुलेंस बुलाने का समय।

neurological emergency

(Image Source: AI-Generated) 

दिमाग पर धीरे-धीरे बढ़ता दबाव

स्ट्रोक के बिल्कुल उलट, ब्रेन ट्यूमर अचानक नहीं होता। चाहे यह ट्यूमर बिनाइन हो या मैलिग्नेंट, यह हफ्तों और महीनों में धीरे-धीरे बढ़ता है। इसके लक्षण मिनटों में नहीं बल्कि वक्त के साथ सामने आते हैं। इसके लक्षणों को पहचानने का सबसे अहम शब्द है- प्रोग्रेसिव, यानी ऐसी तकलीफें जो समय के साथ लगातार बढ़ती जाती हैं।

ब्रेन ट्यूमर के मुख्य संकेत:

  • सुबह सोकर उठने पर तेज सिरदर्द होना (क्योंकि रात भर लेटे रहने से दिमाग का प्रेशर बढ़ता है)।
  • जिंदगी में पहली बार दौरे पड़ना।
  • किसी एक हाथ या पैर का धीरे-धीरे कमजोर होते जाना।
  • व्यक्ति के व्यवहार या पर्सनैलिटी में बदलाव आना।
  • देखने और बोलने में ऐसी दिक्कत होना जो समय के साथ बढ़ती जा रही हो।

जब दोनों बीमारियां एक जैसी लगें...

मेडिकल साइंस में हर मामला किसी किताब में लिखी थ्योरी जैसा सीधा नहीं होता। कभी-कभी ब्रेन ट्यूमर अंदर से ब्लीड करने लगता है, जिसके लक्षण बिल्कुल अचानक आए स्ट्रोक जैसे ही लगते हैं। वहीं, कुछ स्ट्रोक ऐसे भी होते हैं जो शरीर में बहुत धीरे-धीरे विकसित होते हैं।

इसलिए, घर पर बैठकर खुद डॉक्टर बनना और बीमारी का अंदाजा लगाना बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसे मामलों में इमेजिंग कोई विकल्प नहीं, बल्कि एक सख्त जरूरत है।

  • CT Scan: कुछ ही मिनटों में बता देता है कि दिमाग में ब्लीडिंग हो रही है या नहीं।
  • MRI: ट्यूमर की एकदम बारीक और विस्तृत जानकारी देता है।

आपको क्या करना चाहिए?

दिमाग हमारे शरीर का सबसे जटिल और नाजुक हिस्सा है। इसे सबसे पहले और सही ध्यान की जरूरत होती है। इसलिए ये दो बातें हमेशा याद रखें:

  • अचानक लक्षण दिखें: अगर स्ट्रोक जैसे अचानक न्यूरोलॉजिकल लक्षण दिखें, तो तुरंत इमरजेंसी में जाएं। खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल जाने की गलती न करें और न ही किसी चीज का इंतजार करें।
  • धीरे-धीरे बढ़ती तकलीफ: अगर हफ्तों या महीनों से कोई तकलीफ धीरे-धीरे बढ़ रही है, तो बिना देरी किए किसी अच्छे न्यूरोलॉजिस्ट से मिलें।

यह भी पढ़ें- अब 45 से कम उम्र वालों पर भी मंडरा रहा है ब्रेन स्ट्रोक का खतरा, कहीं आप तो नहीं कर रहे ये बड़ी भूल?

यह भी पढ़ें- क्या बहू-बेटी की तुलना में पार्टनर की देखभाल से जल्दी ठीक होते हैं स्ट्रोक के मरीज?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।