विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रदूषण का असर गर्भ में पल रहे बच्चे पर भी! प्रेग्नेंसी की दूसरी-तीसरी तिमाही में बढ़ सकता है अस्थमा का खतरा

Published: Sat, 14 Nov 2026 08:30 AM (IST)

गर्भावस्था के दौरान वायु प्रदूषण और जंगल की आग के धुएं के संपर्क में आने से बच्चों में अस्थमा का खतरा बढ़ सकता है।

प्रदूषण का असर प्रेगनेंसी में असर (Image Source: AI Genereted)

प्रदूषण का असर प्रेगनेंसी में असर (Image Source: AI Genereted)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

कैलिफोर्निया, रायटर। गर्भावस्था के दौरान वायु प्रदूषण और जंगलों में लगने वाली आग के धुएं के संपर्क में रहना होने वाले बच्चे की सेहत पर बुरा असर डाल सकता है। अमेरिका के कैलिफोर्निया के शोधकर्ताओं के एक नए अध्ययन में पाया गया है कि गर्भावस्था के बीच और आखिरी महीनों में जंगल की आग के धुएं और अन्य वायु प्रदूषण के संपर्क में रहने वाली महिलाओं के बच्चों में कम उम्र में अस्थमा विकसित होने की आशंका अधिक हो सकती है। 

शोधकर्ताओं के अनुसार, गर्भ में ही बच्चे के फेफड़ों का विकास शुरू हो जाता है और गर्भावस्था के कुछ चरण प्रदूषण के प्रति अधिक संवेदनशील हो सकते हैं। यह अध्ययन फीनिक्स में अमेरिकन कालेज आफ एलर्जी, अस्थमा एंड इम्यूनोलाजी की वार्षिक बैठक में प्रस्तुत किया गया। 

1,097 बच्चों पर किया गया अध्ययन

शोधकर्ताओं ने 1,097 ऐसे बच्चों के स्वास्थ्य का अध्ययन किया, जिनका जन्म पूरी गर्भावधि के बाद हुआ था। इन बच्चों की माताएं वर्ष 2017 से 2020 के दौरान उत्तरी कैलिफोर्निया में जंगलों में लगी आग के समय गर्भवती थीं। अध्ययन में गर्भावस्था के अलग-अलग चरणों में महिलाओं के वायु प्रदूषण के संपर्क और बच्चों में अस्थमा के बीच संबंधों की जांच की गई। 

दूसरी और तीसरी तिमाही में ज्यादा खतरा

अध्ययन में पाया गया कि गर्भावस्था की दूसरी तिमाही में सामान्य वायु प्रदूषण के महीन कणों के अधिक संपर्क का संबंध बच्चों में शुरुआती उम्र में अस्थमा से था। वहीं, तीसरी तिमाही में जंगलों में लगी आग के धुएं के संपर्क में रहने वाली महिलाओं के बच्चों में भी अस्थमा की आशंका अधिक देखी गई। महीन कण इतने छोटे होते हैं कि सांस के साथ शरीर के अंदर जाकर फेफड़ों को प्रभावित कर सकते हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि गर्भावस्था के इन दोनों चरणों में प्रदूषण से बचाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इससे बच्चों में अस्थमा को रोका जा सकता है।

जन्म से पहले शुरू हो जाता है फेफड़ों का विकास अध्ययन की प्रमुख शोधकर्ता और सैक्रामेंटो स्थित यूसी डेविस मेडिकल सेंटर की डा. आन गुयेन के अनुसार, बच्चे के फेफड़ों का विकास जन्म से पहले ही शुरू हो जाता है। अध्ययन के नतीजे बताते हैं कि गर्भावस्था के कुछ महीने जंगल की आग के धुएं के दुष्प्रभावों के प्रति अधिक संवेदनशील हो सकते हैं। हालांकि, शोध में प्रदूषण और अस्थमा के बीच संबंध सामने आया है, लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि जंगल की आग का धुआं सीधे अस्थमा का कारण बनता है।

धुएं वाले दिनों में बरतें सावधानी 

शोधकर्ताओं का कहना है कि गर्भवती महिलाएं जंगलों में आग लगने की घटनाओं को नियंत्रित नहीं कर सकतीं, लेकिन धुएं के संपर्क को कम करने के लिए कुछ सावधानियां अपना सकती हैं। ऐसे दिनों में घर के अंदर रहना, खिड़कियां और दरवाजे बंद रखना तथा एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है।

इससे सांस के जरिए शरीर में जाने वाले धुएं और प्रदूषण की मात्रा कम की जा सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक, गर्भावस्था के दौरान प्रदूषण से बचाव मां और बच्चे दोनों की सेहत के लिए महत्वपूर्ण है।

यह भी पढ़ें- डायबिटीज के मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण, प्लेसेंटा से तैयार स्टेम सेल भरेंगे पैरों के पुराने घाव

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR की जहरीली हवा कर रही है आपके फेफड़े काले, बिना सिगरेट पिए भी बढ़ रहा है बीमारी का खतरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।