Painkiller Side Effects: जरा से दर्द में खाते हैं पेन किलर तो हो जाएं सावधान, दिल और लिवर को हो सकता नुकसान
अक्सर दर्द से निजात पाने के लिए लोग पेन किलर्स खाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दर्द से राहत पाने के लिए इस्तेमाल होने वाली ये दवाएं आपकी सेहत पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती हैं। अगर नहीं तो चलिए जानते हैं इससे होने वाले नुकसानों के बारे में-

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Painkiller Side Effects: भागदौड़ भरे इस जीवन अक्सर थकान की वजह से सिर दर्द या शरीर में दर्द की समस्या बनी रहती है। ऐसे में दर्द से परेशान होकर हम अक्सर इससे निजात पाने के लिए पेन किलर का सहारा लेते हैं। इन दिनों कई लोग आए दिन पेन किलर का इस्तेमाल कर रहे हैं। हल्का दर्द होने पर भी लोग पेन किलर खा लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पेन किलर का ज्यादा इस्तेमाल आपके लिए हानिकारक साबित हो सकता है। बहुत कम लोग ही यह जानते होंगे कि लगातार पेन किलर खाने से हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही शरीर पर इसके अन्य कई साइड इफेक्ट भी होते हैं। अगर आप भी उन लोगों में शामिल हैं, जो अक्सर पेन किलर का इस्तेमाल करते हैं, तो इससे होने वाले नुकसानों के बारे में जरूर जान लें।
रोग प्रतिरोधक क्षमता होती है कमजोर
छोटे-मोटे दर्द के लिए भी अगर पेन किलर का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। दरअसल, पेन किलर के ज्यादा इस्तेमाल से आपके शरीर पर नकारात्मक पड़ता है। लंबे समय तक इसे खाने से हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो सकती है। इसकी वजह से हमारा शरीर रोग से लड़ने की अपनी शक्ति खो सकता है। साथ ही पेन किलर के सेवन से शरीर में “अच्छा महसूस करने” वाले रसायनों और एंडोर्फिन का उत्पादन भी कम हो सकता है।
लिवर के लिए हानिकारक
पेन किलर खाने से हमारे लिवर पर भी गहरा प्रभाव पड़ता है। दरअसल,लिवर इन दवाओं को तोड़ता और प्रोसेस करता है। लेकिन जब हम लगातार पेन किलर का सेवन करते रहते हैं, तो लिवर इन दवाओं से जहरीले पदार्थों को जमा करने लगता है, जिससे लिवर को नुकसान पहुंचता है।
दिल के लिए खतरनाक
अक्सर दर्द से जल्द निजात पाने के लिए लोग पेन किलर को तोड़कर या सीधे इंजेक्शन के तौर पर इसे शरीर मे इंजेक्ट करते हैं। ऐसा करने से दवा सीधे आपके खून में जाती है, जिसका दिल पर असर पड़ता है। लंबे समय तक पेन किलर खाने से कई बार हृदय संबंधी गंभीर समस्याएं और दिल का दौरा पड़ने की संभावना बढ़ जाती है।
पेट की समस्या
ज्यादा पेन किलर खाने से हमारे पेट और आंतों में भी समस्याएं हो सकती हैं। पेन किलर के ज्यादा इस्तेमाल से कब्ज, सूजन, पेट फूलना और बवासीर जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। दरअसल, ऐसा इसलिए होता है क्योंकि हमारे शरीर के लिए पेन किलर को पचाना मुश्किल होता है।
नसों को पहुंचता है नुकसान
कई लोग दर्द से जल्द आराम पाने के लिए पेन किलर के इंजेक्शन का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन यह हमारे लिए और भी ज्यादा हानिकारक है। ओपिओइड पेनकिलर जैसी दवाओं का इंजेक्शन लगाने से नसों को नुकसान पहुंचता है, जिससे खून में संक्रमण और कई बीमारियां हो सकती हैं।
Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
Picture Courtesy: Freepik
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।