क्यों इतना फेमस है UP के बलिया का बाटी-चोखा? इस रेसिपी को आजमाकर आप भी हो जाएंगे इस स्वाद के दीवाने
वैसे तो बाटी-चोखा पूरे पूर्वांचल और बिहार की शान है, लेकिन यूपी के बलिया में इसे बनाने और खाने का अंदाज इसे सबसे अलग और खास बनाता है।

बलिया का बाटी-चोखा क्यों है इतना खास? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बाटी-चोखा कोई साधारण डिश नहीं, बल्कि पूर्वांचल की थाली का वो स्टार है, जिसके आगे पिज्जा-बर्गर भी फीके लगते हैं। जी हां, इसे उत्तर प्रदेश के बलिया की पहचान यूं ही नहीं कहा जाता है।
देसी घी में गोते लगाती बाटी और सत्तू के चटपटे स्वाद का यह कॉम्बिनेशन ऐसा है कि जो इसे एक बार चख ले, वो इसका जिंदगी भर मुरीद हो जाए। आइए, इस आर्टिकल में जानते हैं कि इस देसी जायके का असली सीक्रेट क्या है और आप इसे अपने घर की रसोई में कैसे तैयार कर सकते हैं।
धीमी आंच का सोंधापन
बलिया के बाटी-चोखे की असली खासियत इसे पकाने के देसी तरीके में छिपी है। गांवों में बाटी को गैस या ओवन में नहीं, बल्कि उपले की धीमी आंच पर पकाया जाता है। इसी वजह से बाटी में मिट्टी की एक सोंधी सी महक आ जाती है, जो इसे अंदर से बिल्कुल मुलायम और बाहर से एकदम कुरकुरा बना देती है।
चोखे का स्वाद बढ़ाता है कच्चा सरसों तेल
बाटी के साथ मिलने वाला चोखा भी कुछ कम नहीं होता। इसे बनाने के लिए बैंगन, टमाटर और आलू को आग में भूना जाता है। हालांकि, इसके स्वाद का असली जादू है 'कच्चा सरसों का तेल'। जब भुनी हुई सब्जियों में कच्चा सरसों का तेल, बारीक कटा लहसुन, तीखी हरी मिर्च और ढेर सारा हरा धनिया मिलाया जाता है, तो तेल का तीखापन चोखे के स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है। जब इस चटपटे चोखे को देसी घी में डूबी हुई बाटी के साथ खाया जाता है, तो खाने वाले का दिल खुश हो जाता है।
घर पर बाटी-चोखा बनाने की आसान विधि
अगर आपके मुंह में भी पानी आ गया है, तो आप इस देसी स्वाद का मजा अपने घर की रसोई में भी ले सकते हैं।
चोखा कैसे बनाएं?
सामग्री:
1 बड़ा गोल बैंगन, 2 उबले आलू, 2 लाल टमाटर, 1 बारीक कटा प्याज, 4-5 कलियां लहसुन, 2 हरी मिर्च, ताजा हरा धनिया, स्वाद अनुसार नमक और 2 चम्मच कच्चा सरसों का तेल।
विधि:
सबसे पहले बैंगन और टमाटर को गैस की आंच पर अच्छे से भून लें। ठंडा होने पर उनका छिलका उतार लें और उन्हें उबले हुए आलू के साथ एक बर्तन में अच्छे से मसल लें। अब इसमें कटा हुआ प्याज, लहसुन, हरी मिर्च, धनिया, नमक और सबसे जरूरी- कच्चा सरसों का तेल डालकर मिला लें। आपका स्वादिष्ट चोखा बिल्कुल तैयार है।
बाटी कैसे बनाएं?
सामग्री: 2 कप गेहूं का आटा, 1 कप सत्तू, बारीक कटा प्याज, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, अजवाइन, कलौंजी, 1 चम्मच आम के अचार का मसाला, नमक और देसी घी।
विधि:
- सबसे पहले आटे में थोड़ा सा नमक और हल्का-सा घी डालकर उसे सख्त गूंद लें।
- स्टफिंग के लिए, एक बर्तन में सत्तू लें। उसमें बारीक कटा प्याज, लहसुन, अदरक, मिर्च, अजवाइन, कलौंजी, अचार का मसाला, हल्का नमक और थोड़ा-सा पानी या सरसों का तेल डालकर मिक्सचर तैयार कर लें ताकि वह हल्का बंधने लगे।
- अब आटे की छोटी-छोटी लोई लें, उन्हें कटोरी का आकार दें और बीच में सत्तू का मसाला भरकर अच्छी तरह बंद कर लें और गोल आकार दें।
- घर पर पकाने के लिए आप गैस पर 'बाटी मेकर', ओवन, या भारी तले वाली कड़ाही का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन्हें धीमी आंच पर पलट-पलट कर तब तक सेंकें जब तक ये सुनहरी और कुरकुरी न हो जाएं और इनमें हल्की दरारें न आ जाएं।
- बाटी तैयार होने पर उसे बीच से हल्का सा दबाकर फोड़ें और एक कटोरी शुद्ध देसी घी में डुबो दें।
- अब गरमागरम, घी में नहाई हुई बाटी को चटपटे चोखे, हरी चटनी और नींबू लगे कच्चे प्याज के साथ परोसें।
यह भी पढ़ें- UP के बाराबंकी की पहचान है मावे की ये खास मिठाई, स्वाद ऐसा कि जलेबी-रसगुल्ला भी इसके आगे फेल
