रसगुल्ला-जलेबी नहीं, मावा से भरी ये मिठाई है UP के बाराबंकी की पहचान; घर पर आप भी कर सकते हैं तैयार
बाराबंकी की चंद्रकला एक अनोखी मावा भरी मिठाई है, जो अपने लाजवाब स्वाद के लिए प्रसिद्ध है।

घर पर बनाएं बाराबंकी की मशहूर 'चंद्रकला' (Image Source: AI-Generated)
HighLights
बाराबंकी की चंद्रकला एक खास मावा भरी मिठाई है
यह बाहर से खस्ता और अंदर से रसीली होती है
घर पर चंद्रकला बनाने की आसान विधि जानें
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जब भी उत्तर प्रदेश की मिठाइयों का जिक्र होता है, तो हमारे दिमाग में सबसे पहले रसगुल्ला, जलेबी, पेड़ा या गुलाब जामुन का नाम आता है। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि यूपी के बाराबंकी जिले की एक बेहद खास मिठाई है, जो स्वाद के मामले में इन सभी को कड़ी टक्कर देती है? जी हां, हम बात कर रहे हैं 'चंद्रकला' की। मावे से भरी यह रसीली मिठाई बाराबंकी की असली शान है।
मुंह में मक्खन सी घुलने वाली बाराबंकी की चंद्रकला
चांद के आकार की तरह गोल होने के कारण इस मिठाई का नाम 'चंद्रकला' पड़ा है। यह बाहर से एकदम खस्ता होती है और अंदर से इसमें शुद्ध मावा, इलायची और बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स का मिश्रण भरा होता है। तलने के बाद जब इसे मीठी चाशनी में डुबोया जाता है, तो इसका स्वाद इतना लाजवाब हो जाता है कि यह मुंह में जाते ही मक्खन की तरह घुल जाती है। बाराबंकी और इसके आस-पास के इलाकों में त्योहारों या खास मौकों पर यह मिठाई सबसे ज्यादा पसंद की जाती है।
अब अगर आपके मुंह में भी पानी आ गया है और आप इसे चखने के लिए बाराबंकी नहीं जा सकते, तो उदास होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। आप इस स्वादिष्ट मिठाई को बहुत ही आसानी से अपनी रसोई में भी तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि।
चंद्रकला बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- आटे के लिए: 2 कप मैदा, मोयन के लिए 4 बड़े चम्मच देसी घी और थोड़ा पानी।
- स्टफिंग के लिए: 1 कप मावा, आधा कप पिसी हुई चीनी, बारीक कटे हुए मेवे (काजू, बादाम, पिस्ता) और 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर।
- चाशनी के लिए: डेढ़ कप चीनी और 1 कप पानी।
- तलने के लिए: देसी घी या रिफाइंड तेल।
चंद्रकला बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले एक बर्तन में मैदा लें और उसमें 4 चम्मच हल्का गरम घी डालकर हाथों से अच्छी तरह मिलाएं, ताकि मैदा मुट्ठी में बंधने लगे। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक सख्त आटा गूंथ लें। आटे को गीले सूती कपड़े से ढककर 20 मिनट के लिए सेट होने रख दें।
- एक पैन में मावे को धीमी आंच पर हल्का गुलाबी होने तक भून लें। जब मावा पूरी तरह ठंडा हो जाए, तो उसमें पिसी हुई चीनी, कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। आपकी टेस्टी स्टफिंग तैयार है।
- एक बर्तन में चीनी और पानी डालकर गैस पर रखें। इसे तब तक उबालें जब तक कि एक तार की चाशनी न बन जाए। चाशनी तैयार होने पर गैस बंद कर दें।
- अब गूंथे हुए मैदे की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें और उन्हें पूरी की तरह गोल बेल लें। एक पूरी लें, उसके बीच में एक चम्मच मावे की स्टफिंग रखें और किनारों पर हल्का सा पानी लगाएं। अब इसके ऊपर दूसरी पूरी रखकर किनारों को उंगलियों से अच्छी तरह दबाकर चिपका दें। फिर किनारों को मोड़ते हुए गुझिया की तरह एक सुंदर सी डिजाइन बना लें ताकि तलते समय यह खुले नहीं।
- अब एक कड़ाही में घी गरम करें। घी हल्का गरम होना चाहिए। अब इसमें चंद्रकला डालें और धीमी आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें। तलने के बाद इन्हें सीधे हल्की गरम चाशनी में डाल दें। 4 से 5 मिनट तक इन्हें चाशनी में ही डूबा रहने दें ताकि ये अंदर तक रस सोख लें।
- बस, आपकी स्वादिष्ट और रसीली 'चंद्रकला' बनकर बिल्कुल तैयार है। इन्हें प्लेट में निकालें, ऊपर से थोड़े पिस्ते और केसर से सजाएं और अपनों को परोसें।
यह भी पढ़ें- बाटी-चोखा ही नहीं, लाल पेड़े के लिए भी मशहूर है UP का सुल्तानपुर; घंटों भुने मावा से आता है अनोखा स्वाद
