दाल-चावल का स्वाद दोगुना करती है ये खास बंगाली डिश, तवे पर झटपट तैयार हो जाता है मसालेदार 'बैंगन भाजा'
इसे बनाने का तरीका इतना आसान है कि कोई भी इसे झटपट बना सकता है। इसके लिए आपको बस एक ...और पढ़ें

सुपर क्रिस्पी बैंगन भाजा रेसिपी (Image Source: AI-Generated)
HighLights
दाल-चावल के साथ परोसने वाली खास बंगाली डिश
तवे पर झटपट तैयार होने वाला कुरकुरा और स्वादिष्ट बैंगन भाजा
बाहर से क्रिस्पी और अंदर से मुलायम, बनाने में बेहद आसान
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय घरों में दाल-चावल से बेहतरीन और सुकून देने वाला खाना शायद ही कोई दूसरा हो। थका देने वाले दिन के बाद जब गरमागरम दाल-चावल की थाली सामने आती है, तो सारी थकान मिट जाती है। हालांकि, अगर इसी सादे खाने के साथ कोई चटपटी और क्रिस्पी साइड डिश मिल जाए, तो खाने का मजा दस गुना बढ़ जाता है। आज हम आपको एक ऐसी ही शानदार बंगाली डिश के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपके खाने में जादू कर देगी। जी हां, इसका नाम है 'बैंगन भाजा'।
बैंगन भाजा असल में बंगाल की एक बेहद फेमस डिश है, जिसका मतलब है तवे पर करारा सेंका हुआ मसालेदार बैंगन। बंगाल के लगभग हर घर में यह डिश बहुत शौक से खाई जाती है। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसे बनाने में न तो घंटों किचन में खड़ा रहना पड़ता है और न ही कोई खास तैयारी करनी पड़ती है। बाहर से एकदम कुरकुरा और अंदर से मक्खन की तरह मुलायम, यह डिश मुंह में जाते ही घुल जाती है।

(Image Source: AI-Generated)
बैंगन भाजा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- बैंगन: 1 बड़ा और गोल (भरते वाला बैंगन)
- हल्दी पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर: 1 छोटा चम्मच (तीखापन अपने हिसाब से कम या ज्यादा कर सकते हैं)
- धनिया पाउडर: 1 छोटा चम्मच
- जीरा पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर या चाट मसाला: 1/2 छोटा चम्मच (बढ़िया खट्टे स्वाद के लिए)
- नमक: स्वादानुसार
- चावल का आटा या बेसन: 2 छोटे चम्मच (इससे बैंगन बहुत कुरकुरा बनता है)
- सरसों का तेल: 3-4 बड़े चम्मच (तवे पर सेंकने के लिए)
बैंगन भाजा बनाने की स्टेप बाय स्टेप रेसिपी
- सबसे पहले बैंगन को अच्छी तरह धो लें और साफ कपड़े से पोंछ लें। अब इसके गोल और थोड़े मोटे टुकड़े काट लें। ध्यान रहे कि टुकड़े बहुत ज्यादा पतले न हों, वरना तवे पर वो गलकर टूट जाएंगे।
- अब एक बड़ी प्लेट या बाउल लें। उसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, अमचूर पाउडर, नमक और चावल का आटा या बेसन डालकर सभी सूखी चीजों को अच्छी तरह से मिला लें।
- अब बैंगन के एक-एक कटे हुए टुकड़े को लें और इस सूखे मसाले में दोनों तरफ से अच्छी तरह लपेटें। मसाले को उंगलियों से हल्का-हल्का दबाएं ताकि वह बैंगन पर अच्छे से चिपक जाए। सारे टुकड़ों पर मसाला लगाकर इन्हें 10 से 15 मिनट के लिए एक तरफ रख दें। इससे बैंगन अपना हल्का पानी छोड़ेगा और मसाला अंदर तक सेट हो जाएगा।
- गैस पर एक तवा या फ्लैट पैन रखें। इसमें 2-3 चम्मच सरसों का तेल डालें और उसे अच्छी तरह गरम होने दें। जब तेल से हल्का धुआं आने लगे, तो गैस की आंच को धीमा या मीडियम कर दें।
- अब मसाले से कोट किए हुए बैंगन के टुकड़ों को एक-एक करके तवे पर रखें। एक बार में उतने ही टुकड़े रखें जितने आसानी से आ जाएं। इन्हें धीमी से मध्यम आंच पर 3-4 मिनट तक सिकने दें। जब एक तरफ से रंग सुनहरा और क्रिस्पी हो जाए, तो इन्हें सावधानी से पलट दें।
- दूसरी तरफ से भी बैंगन को 3-4 मिनट तक सेंक लें। जब बैंगन अंदर से बिल्कुल नरम हो जाए और बाहर से करारा सुनहरा दिखने लगे, तो इन्हें प्लेट में निकाल लें।
- आपका चटपटा और क्रिस्पी बैंगन भाजा बिल्कुल तैयार है। इसे गरमागरम दाल, चावल और थोड़ा-सा देसी घी डालकर परोसें। खाने वाले बस उंगलियां चाटते रह जाएंगे।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़-झारखंड में बनती है उड़द दाल की 'डुबकी कढ़ी', स्वाद ऐसा कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे; नोट करें रेसिपी
