छत्तीसगढ़-झारखंड में बनती है उड़द दाल की 'डुबकी कढ़ी', स्वाद ऐसा कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे; नोट करें रेसिपी
इस बार बेसन की सामान्य कढ़ी के बजाय उड़द दाल से बनी यह स्वादिष्ट कढ़ी ट्राई करें।

बरई उर्फ डुबकी कढ़ी रेसिपी (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आपने बेसन के पकौड़ों और प्याज की कढ़ी की बहुत बार खाई होगी, पर कभी बरई कढ़ी का स्वाद चखा? यह छत्तीसगढ़ और झारखंड में बनाई जाने वाली एक पारंपरिक डिश है, जिसे डुबकी कढ़ी भी कहा जाता है। दरअसल, यह कढ़ी इसलिए खास है क्योंकि इसे उड़द की दाल से बनाया जाता है।
बरई उर्फ डुबकी कढ़ी रेसिपी
बरई कढ़ी में बरई का मतलब है दाल के पकौड़े जिसे बड़ी कहा जाता है। यह कढ़ी स्वाद और सेहत दोनों के लिहाज से एक बहतरीन विकल्प है। आइए जानते हैं इसकी सीक्रेट रेसिपी:
सामग्री
3-4 कप बिना छिलके वाली उड़द दाल
1 लीटर छाछ
10-12 करी पत्ते
4-5 हरी मिर्च
1 सूखी लाल मिर्च
1/2 इंच कद्दूकस अदरक
2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
1/2 छोटा चम्मच मेथी दाना
1/2 छोटा चम्मच सरसों
1 छोटा चम्मच जीरा
1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1 बड़ा चम्मच साबुत हरा धनिया
2 मीडियम साइज स्लाइस में कटी हुई प्याज
स्वादानुसार नमक
तड़के के लिए सामग्री
3-4 बारीक कटी लहसुन की कलियां
1/2 इंच बारीक कटी अदरक
1 बड़ा चम्मच तेल
1 छोटा चम्मच हींग
1/2 छोटा चम्मच अजवाइन
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
विधि
डुबकी कढ़ी या बरई बनाने के लिए उड़द दाल को धोकर इसे कम से कम 3-4 घंटे तक भिगोकर रख देना है।
अगले स्टेप में दाल में जीरा, साबुत धनिया, और काली मिर्च के साथ ही बारीक कटी हरी मिर्च और अदरक डालकर दाल को मिक्सी में दरदरा पीस लेना है।
ध्यान रहे कि दाल में ज्यादा पानी नहीं डालना, उसे थोड़ा गाढ़ा ही रखना है।
अब 1 लीटर छाछ लेकर 1-2 चम्मच दरदरी पिसी हुई उड़द दाल भी इसमें अच्छे से मिलाएं। ठीक वैसे ही जैसे बेसन की कढ़ी बनाते समय बेसन मिलाते हैं।
एक लोहे की बड़ी सी कड़ाही लेकर उसे गैस पर रखें। उसमें सरसों का तेल डालकर गर्म करें।
इसके बाद सूखी लाल मिर्च, जीरा, मेथी दाना भून लेना है। फिर कढ़ी पत्ता और बाद में प्याज भी इसमें डालें।
प्याज भुन जाने के बाद हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर डालकर उसे थोड़ी देर पकने देना है।
इस स्टेप में छाछ धीरे-धीरे कड़ाही में डालकर उसे लगातार तेज आंच पर चलाते रहें। जब वो अच्छे से खदकने लगे तब ही रुकना है।
अब इसमें स्वादानुसार नमक भी डालना है।
इसे धीमी आंच पर थोड़ी देर पकने देना है, तब तक दाल की मंगौड़ी तैयार कर लें।
इसके बाद कढ़ी में तड़का लगाना है, इसके लिए छोटे पैन में 1 छोटा चम्मच सरसों का तेल डालकर उसमें लहसुन, अजवाइन, हींग और सूखी लाल मिर्च को भून लें। इस तड़के को कढ़ी के ऊपर डालने के बाद दाल की मंगौड़ी मिक्स कर लें।
इस तरह तैयार है आपकी स्पेशल उड़द दाल की डुबकी कढ़ी।
