घिसी-पिटी चटनी छोड़िए, घर पर बनाइए आंध्रा स्टाइल टमाटर का अचार; हर निवाले में आएगा स्वाद का चटकारा
इस आर्टिकल में आप आंध्रा स्टाइल टमाटर के अचार की आसान रेसिपी जानेंगे, जो आपके सिंपल खाने को भी खास बनाने का दम रखता है।

उंगलियां चाटने पर मजबूर कर देगा आंध्रा स्टाइल टमाटर का अचार (Image Source: AI-Generated)
HighLights
टमाटर, इमली और मसालों से बनाएं स्वादिष्ट अचार का पेस्ट
भुनी राई-मेथी पाउडर और लहसुन से बढ़ाएं अचार का स्वाद
गरमागरम तड़के के साथ तैयार करें चटपटा आंध्रा अचार
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। रोजाना वही दाल-सब्जी खाते-खाते कई बार मुंह का स्वाद फीका पड़ जाता है। ऐसे में, खाने का मजा बढ़ाने के लिए हम अक्सर आम की चटनी या बाजार के अचार का सहारा लेते हैं। मगर कैसा हो अगर आपको घर पर ही एक ऐसा तीखा और चटपटा स्वाद मिल जाए, जो आपके सादे खाने को भी दावत में बदल दे?
आज हम आपके लिए लाए हैं दक्षिण भारत की एक बेहद खास और लजीज रेसिपी- आंध्रा स्टाइल टमाटर का अचार। तीखेपन और इमली की खटास का यह लाजवाब कॉम्बिनेशन आपकी भूख को दोगुना कर देगा। सबसे खास बात कि इसे बनाना भी बहुत आसान है। आइए जानते हैं।
टमाटर का अचार बनाने के लिए सामग्री
- लाल पके टमाटर: 500 ग्राम (बारीक कटे हुए)
- इमली: नींबू के आकार जितनी (बीज निकली हुई)
- लहसुन: 10 से 12 कलियां
- लाल मिर्च पाउडर: 2 से 3 बड़े चम्मच
- राई : 1 छोटा चम्मच
- मेथी दाना: आधा छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- तेल: 4-5 बड़े चम्मच (तिल या मूंगफली का तेल हो तो स्वाद और बढ़ जाएगा)
- तड़के के लिए: थोड़ी सी राई, जीरा, सूखी लाल मिर्च, हींग और 8-10 कढ़ी पत्ते।
टमाटर का अचार बनाने का आसान तरीका
- सबसे पहले एक कड़ाही में थोड़ा-सा तेल गरम करें। इसमें कटे हुए टमाटर, इमली, हल्दी और नमक डाल दें। इसे धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक टमाटर पूरी तरह से गल कर पेस्ट जैसे न हो जाएं और इनका सारा पानी न सूख जाए। अब गैस बंद करें और इसे ठंडा होने के लिए रख दें।
- जब तक टमाटर ठंडे हो रहे हैं, एक छोटे पैन में राई और मेथी दाने को बिना तेल के हल्का सा भून लें। जब इनमें से अच्छी महक आने लगे, तो गैस बंद करें और ठंडा होने पर मिक्सी में पीसकर बारीक पाउडर बना लें।
- अब ठंडे हो चुके टमाटर-इमली के पेस्ट में तैयार किया हुआ राई-मेथी का पाउडर और लाल मिर्च पाउडर मिला दें। साथ ही लहसुन की कलियों को हल्का सा कुचल कर इसमें डाल दें।
- आंध्रा स्टाइल का कोई भी अचार अच्छे तड़के के बिना अधूरा है। एक पैन में बचा हुआ सारा तेल गरम करें। तेल गरम होते ही उसमें राई, जीरा, सूखी लाल मिर्च, हींग और कढ़ी पत्ते डालें। जब तड़का चटकने लगे, तो इसे टमाटर के पेस्ट के ऊपर डाल दें और चम्मच से अच्छी तरह मिला लें।
- बस, आपका चटपटा और लजीज आंध्रा स्टाइल टमाटर का अचार तैयार है। आप इसे किसी साफ और सूखे कांच के जार में भरकर रख लें। फ्रिज में रखने पर यह महीनों तक खराब नहीं होता।
यह भी पढ़ें- सादे दाल-चावल को बनाना है स्पेशल? तवे पर झटपट तैयार करें बंगाली 'बैंगन भाजा', उंगलियां चाटने पर होंगे मजबूर
