न कभी देखी, न खाई होगी ऐसी मिठाई! फेमस है उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर की 'राम कटोरी', दूर-दूर से खिंचे आते हैं लोग
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर की 'राम कटोरी' एक अनोखी पारंपरिक मिठाई है, जो अपनी खस्ता बाहरी परत और ताजे नरम मावा के लिए बेहद मशहूर है।

क्या आपने चखी है यूपी की यह अनोखी मिठाई? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश का सिद्धार्थनगर जिला अपनी एक बेहद खास और अनोखी मिठाई के लिए मशहूर है। इस पारंपरिक मिठाई का नाम है 'राम कटोरी'।
दरअसल, जो भी इस मिठाई को एक बार देखता या चखता है, वो इसका मुरीद हो जाता है। आइए जानते हैं क्या है इस मिठाई में इतना खास जो दूर-दूर से लोग इसे खाने खींचे चले आते हैं।
क्या है 'राम कटोरी' की खासियत?
जैसा कि नाम से ही पता चलता है, यह मिठाई बिल्कुल एक कटोरी की तरह दिखती है। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह ऊपर से एकदम खस्ता और अंदर से बेहद नरम होती है। इसे बनाने में खोया, मैदा, चीनी और शुद्ध देसी घी का इस्तेमाल किया जाता है। इसकी मिठास बहुत हल्की होती है, जो हर किसी को खूब पसंद आती है। सजावट के लिए इसके ऊपर नारियल के लच्छे और मेवे डाले जाते हैं, जो इसे देखने में और भी आकर्षक बना देते हैं।
कैसे तैयार होती है यह लाजवाब मिठाई?
'राम कटोरी' को आज भी पूरी तरह से पारंपरिक तरीके से ही बनाया जाता है। सबसे पहले मैदे का एक सख्त आटा गूंथा जाता है और फिर उसे हाथों से एक छोटी कटोरी का आकार दिया जाता है। इसके बाद इन मैदे की कटोरियों को धीमी आंच पर तब तक तला जाता है, जब तक कि वे सुनहरी और खस्ता न हो जाएं। तलने के बाद इन्हें हल्की चाशनी में डुबोया जाता है और फिर इनके अंदर भुना हुआ स्वादिष्ट खोया भरा जाता है। यही भुना हुआ खोया इसके स्वाद को दोगुना कर देता है।
'लोकल से ग्लोबल' की ओर कदम
अपनी इसी अनोखी बनावट और बेजोड़ पारंपरिक स्वाद के चलते 'राम कटोरी' आज सिद्धार्थनगर की एक अलग पहचान बन चुकी है। सिर्फ स्थानीय निवासी ही नहीं, बल्कि बाहर से आने वाले लोग भी इसके स्वाद को बहुत चाव से खाते हैं। अब इस बेहतरीन मिठाई को ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ODOC) योजना के तहत लोकल से ग्लोबल बनाने की कोशिशें जी जा रही हैं। इस शानदार पहल का मकसद 'राम कटोरी' को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाना है, ताकि यहां के स्थानीय कारीगरों को रोजगार और इस अनूठे स्वाद को एक बड़ा बाजार मिल सके।
