प्लेट में रखते ही थोड़ी देर बाद नरम पड़ जाते हैं पकौड़े? बैटर में मिलाएं ये चीजें, लंबे समय तक रहेंगे कुरकुरे
पकौड़ों को लंबे समय तक क्रिस्पी रखने के लिए बैटर बनाते समय कई चीजें मिलाई जा सकती हैं।

पकौड़ों को कुरकुरा रखने के टिप्स (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। शाम की चाय के साथ गरमा-गरम पकौड़े खाना आखिर किसे पसंद नहीं, पर अक्सर बेसन के पकौड़े बनाने के थोड़ी देर बाद ही एकदम नरम हो जाते हैं। जबकि इन्हें खाने का मजा तब तक नहीं, जब तक ये खूब कुरकुरे न हो जाएं।
पकौड़े बनाने के कुछ देर बाद इसलिए नरम पड़ जाते हैं, क्योंकि तलने के बाद जब वो ठंडे होते हैं तो उसके अंदर की भाप निकल जाती है। वहीं, पकौड़े सीधे प्लेट या पेपर टॉवल पर रखते समय आपने देखा होगा कि उसका निचला हिस्सा भाप से नरम हो जाता है। दरअसल, भाप प्लेट में रखते समय नीचे ही फंस जाती है।
ऐसे में अगर आप पकौड़े के जल्दी नरम होने से बचाना चाहते हैं तो यहां बताए गए टिप्स एंड ट्रिक्स आपके काम आ सकते हैं।
चावल का आटा
बेसन के पकौड़े बनाते समय आप उसमें चावल का आटा मिला सकते हैं। इससे बेसन का बैटर तलने के बाद लंबे समय तक कुरकुरा बना रहता है। इसके लिए 1 कप बेसन में कम से कम 2-3 बड़े चम्मच चावल का मिलाएं। जितना ज्यादा बेसन डालते जाएं, चावल के आटे का अनुपात भी उसी हिसाब से बढ़ाना है, बस ध्यान रखें कि उसमें बेसन से ज्यादा चावल का स्वाद न आने लगे।
कॉर्नफ्लोर
पकौड़ों को क्रिस्पी करने के लिए कॉर्नफ्लोर भी मिक्स कर सकते हैं। 1 कप बेसन में 2-3 चम्मच कॉर्नफ्लोर के साथ 1 छोटा चम्मच गर्म तेल मिलाने वाली यह ट्रिक बड़ी काम की है। यह तरीका पकौड़ों को बाहर से कुरकुरा और अंदर से एकदम नरम बनाए रखता है। इस बात का ध्यान रखें कि कॉर्नफ्लोर ज्यादा न मिलाएं, वरना इससे पकौड़े ज्यादा ही कड़े हो जाते हैं।
ठंडा पानी
शायद आपको पता न हो पर अगर आप ठंडे पानी से बेसन का बैटर तैयार किया जाए, तो इससे बेसन का घोल तलते समय कम तेल सोख पाता है। इससे पकौड़ों की बनावट पर अच्छा खासा फर्क पड़ता है। इसके साथ ही ठंडे पानी से बैटर बनाते समय गौर करें कि उसमें पानी ज्यादा न हो जाए।
बेकिंग सोडा और अरारोट पाउडर
बेसन के घोल में चुटकी भर बेकिंग सोडा और 1 चम्मच अरारोट पाउडर मिलाएं। बेकिंग सोडा पकौड़ों को फूलने में मदद करेगा, तो वहीं अरारोट की मदद से पकौड़े क्रिस्पी हो पाएंगे।
