नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा को लगाएं मलाई पेड़े का भोग, दूध से घर पर बनाएं ये स्वादिष्ट मिठाई, नोट करें रेसिपी
नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा को दूध और उससे बनी चीजों का भोग लगाया जाता है।

मलाई पेड़ा रेसिपी (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। नवरात्र का तीसरा दिन मां चंद्रघंटा को समर्पित होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां चंद्रघंटा को साहस, शक्ति, शांति और निर्भयता की देवी माना जाता है। उनके मस्तक पर सुशोभित अर्धचंद्र मन की शांति, अध्यात्म और चेतना पर नियंत्रण का प्रतीक है।
हिन्दू धर्म में कहा गया है कि मां चंद्रघंटा को दूध और दूध से बनी चीजों का भोग लगाना चाहिए क्योंकि यह उन्हें सबसे अधिक प्रिय है। ऐसे में अगर आप माता के लिए कुछ खास बनाने की सोच रहे हैं, तो भोग में मलाई पेड़ा बनाएं।
मलाई पेड़ा रेसिपी
भोग में क्रीमी दूध से बना मलाई पेड़ा बनाने के लिए यहां बताई रेसिपी फॉलो करें:
सामग्री
4-5 कप फुल क्रीम दूध
2 छोटे चम्मच गर्म दूध
1 बड़ा चम्मच अरारोट पाउडर
3/4 कप मिल्क पाउडर
200 ग्राम कद्दूकस पनीर
3-4 इलायची या 1/4 चम्मच इलायची पाउडर
1 बड़ा चम्मच घी
1/2 कप चीनी
1 बड़ा चम्मच कटा हुआ पिस्ता
1 बड़ा चम्मच कटा हुआ बादाम
कुछ केसर
विधि
मलाई पेड़ा बनाने के लिए एक गहरे नॉन स्टिकी पैन में 4-5 कप फुल क्रीम दूध को 4-5 मिनट तक तेज आंच पर उबालना है।
इसके बाद मध्यम आंच पर 15 मिनट तक दूध के आधा हो जाने तक उबालें। इस दौरान चम्मच से बीच-बीच में चलाते हुए किनारों को खुरचना है।
एक कटोरी में 2 छोटे चम्मच गर्म दूध में कुछ केसर मिलाकर अलग रख दें।
15 मिनट बाद दूध में केसर वाला गर्म दूध और 1/2 कप चीनी मिलाएं। इसे भी 5 मिनट तक उबालना है और इस दौरान खुरचने के प्रोसेस को भी जारी रखें।
अब एक छोटी कटोरी में दूध के साथ 1 बड़ा चम्मच अरारोट पाउडर मिलाना है। इसे तब तक मिलाते रहें जब तक घोल न बन जाए।
इसके बाद उबलते हुए दूध में कद्दूकस पनीर के साथ अरारोट पाउडर का घोल भी डालें।
इस मिश्रण को तब तक उबालना है, जब तक वह गाढ़ा होकर पैन का किनारा न छोड़ने लगे।
मिश्रण मावा या खोया जैसा दिखने लगे तो गैस बंद कर इसमें 1/4 चम्मच इलायची पाउडर मिलाएं।
इसे एक तरफ ठंडा होने के रख देना है।
इस स्टेप में दूध के गाढ़े मिश्रण से छोटी-छोटी लोई बनाकर उसे चपटा करें और ऊपर से पिस्ता-बादाम लगाएं।
देवी चंद्रघंटा के लिए मलाई पेड़ा भोग तैयार है।
