न तंदूर चाहिए, न होगा झंझट; घर की कड़ाही पर भी बन जाएगी रेस्टोरेंट जैसी कागज-सी पतली रुमाली रोटी
इस आर्टिकल में आप बिना तंदूर के, कड़ाही का इस्तेमाल करके रेस्टोरेंट जैसी पतली और मुलायम रुमाली रोटी बनाने की सिंपल ट्रिक जानेंगे।

घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसी मुलायम रुमाली रोटी (Image Source: AI-Generated)
HighLights
कड़ाही पर घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसी रुमाली रोटी
दूध से गूंथा आटा रोटी को मुलायम रखता है
पतली रोटी बेलने और सेकने की आसान विधि
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। शादी-ब्याह की दावत हो या किसी बढ़िया रेस्टोरेंट का डिनर, गरमा-गरम पनीर बटर मसाला या तंदूरी चाप के साथ जब कागज-सी पतली और मुलायम रुमाली रोटी सामने आती है, तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है। अक्सर हम यही सोचते हैं कि ऐसी रोटी सिर्फ ढाबे के उस्ताद या बड़े-बड़े उल्टे तवे पर ही बन सकती है।
अगर आपसे कहा जाए कि आप यही कमाल अपने घर की रसोई में भी कर सकते हैं, तो कैसा रहेगा? जी हां, इसके लिए आपको न तो किसी तंदूर की जरूरत है और न ही बाजार से कोई नया बर्तन लाने की। आपके किचन में रखी एक आम भारी तले वाली कड़ाही ही आपका काम आसान कर देगी।
सबसे जरूरी है सही आटा गूंथना
रुमाली रोटी के नरम और लचीले होने का सारा राज इसके आटे में छिपा होता है। इसके लिए आप 2 कप मैदा और आधा कप गेहूं का आटा मिला लें। इसमें स्वाद के अनुसार थोड़ा नमक और एक बड़ा चम्मच तेल या घी डालें।
अब इसे पानी की जगह हल्के गुनगुने दूध से गूंथें। दूध से गूंथा हुआ आटा रोटी को लंबे समय तक मुलायम बनाए रखता है। आटा न ज्यादा सख्त हो और न ज्यादा गीला। गूंथने के बाद इस पर हल्का-सा तेल लगाएं और गीले सूती कपड़े से ढककर कम से कम 30 मिनट के लिए छोड़ दें। इससे आटे में लचक आ जाती है और बेलते वक्त रोटी फटती नहीं है।
कागज की तरह पतली कैसे बेलें?
आधा घंटा पूरा होने के बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। अब सूखा मैदा लगाकर इन्हें बेलना शुरू करें। ध्यान रखें कि रोटी को किनारों से भी बराबर पतला बेलना है।
अगर आप रोटी को और ज्यादा पतला करना चाहते हैं, तो इसे थोड़ा बेलने के बाद हाथों पर उठाकर हल्के-हल्के घुमाएं। अगर इसमें दिक्कत हो, तो चकले या साफ किचन स्लैब पर ही बेलन से इसे इतना पतला बेल लें कि आर-पार हल्की रोशनी झलकने लगे।
उल्टी कड़ाही का कमाल
अब बारी है उस खास ट्रिक की, जो आपकी रोटी को बिल्कुल बाजार जैसा बना देगी। गैस पर एक भारी तले की लोहे या एल्युमीनियम की कड़ाही को उल्टा करके रख दें और तेज आंच पर अच्छे से गर्म होने दें।
जैसे ही कड़ाही खूब गर्म हो जाए, उस पर थोड़ा-सा नमक वाला पानी छिड़क दें और साफ कपड़े से पोंछ लें। यह नमक का पानी एक नॉन-स्टिक परत की तरह काम करता है, जिससे रोटी कड़ाही पर चिपकती नहीं है।
अब बड़ी सावधानी से अपनी पतली बेली हुई रोटी को उल्टी कड़ाही के ऊपर फैला दें। चूंकि रोटी बहुत पतली है, इसलिए इसे पकने में बस 15 से 20 सेकंड लगेंगे। जैसे ही ऊपर हल्के बुलबुले दिखें, रोटी को पलट दें और एक साफ सूती कपड़े से हल्का-हल्का दबाकर दूसरी तरफ से भी सेक लें। ध्यान रहे, इसे ज्यादा देर तक न सेकें, वरना यह पापड़ जैसी कड़क हो जाएगी।
परोसने का सही तरीका
कड़ाही से उतारते ही रोटी को गरमा-गरम ही रुमाल की तरह चार तहों में मोड़ लें और किसी हॉटकेस या कैसरोल में सूती कपड़े के अंदर रखते जाएं। इससे इसकी भाप अंदर ही बनी रहेगी और आखिरी रोटी तक सब कुछ मक्खन जैसा मुलायम रहेगा।
अब इसे अपनी पसंदीदा तंदूरी चाप, भुने हुए कबाब या किसी भी मसालेदार ग्रेवी के साथ परोसें। यकीन मानिए, घरवाले खाते ही पूछेंगे कि आखिर किस रेस्टोरेंट से ऑर्डर किया है।
यह भी पढ़ें- यूं ही मत फेंकिए मूली के पत्ते! बाजरा-मक्का की रोटी संग लाजवाब लगती है इनसे बनी चटपटी चटनी, बनाना भी है आसान
यह भी पढ़ें- न सूप, न दलिया... छाछ और मक्के के आटे से बनती है ये देसी राब, सर्दियों में शरीर को देगी गर्माहट; आसान है रेसिपी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।