विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न तेल टपकेगा, न मुंह में चिपकेगा! नवरात्र में आलू-साबूदाने से बनाएं ये क्रंची फलाहारी मिक्चर, आसान है रेसिपी

Published: Wed, 14 Oct 2026 08:00 PM (IST)

इस आर्टिकल में आप नवरात्र व्रत के लिए घर पर कुरकुरा और स्वादिष्ट फलाहारी मिक्चर बनाने की आसान विधि के बारे में जानेंगे।

इस नवरात्र घर पर तैयार करें आलू, साबूदाना और मूंगफली की सुपर क्रिस्पी नमकीन (Image Source: AI-Generated)

इस नवरात्र घर पर तैयार करें आलू, साबूदाना और मूंगफली की सुपर क्रिस्पी नमकीन (Image Source: AI-Generated)

HighLights

  1. आलू को धोकर सुखाएं, स्टार्च निकालने से बनेंगे क्रिस्पी

  2. नायलॉन साबूदाना तेज आंच पर तलने से नहीं चिपकेगा

  3. सभी सामग्री मिलाकर बनाएं स्वादिष्ट और चटपटा फलाहारी मिक्चर

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। शारदीय नवरात्र हों या कोई भी व्रत, ऐसे में अक्सर कुछ चटपटा और कुरकुरा खाने का मन तो करता ही है। बाजार से लाई गई नमकीन में कई बार बहुत ज्यादा तेल होता है या फिर साबूदाना दांतों में चिपकने लगता है।

आपकी इसी परेशानी को दूर करने के लिए आज हम एक ऐसी आसान रेसिपी लाए हैं, जिससे आप घर पर ही एकदम क्रिस्पी, टेस्टी और बिना चिपचिपाहट वाला फलाहारी मिक्चर बना सकते हैं।

फलाहारी मिक्चर बनाने के लिए सामग्री

  • 1 कप नायलॉन साबूदाना
  • 2-3 बड़े कच्चे आलू
  • आधा कप मूंगफली के दाने
  • 10-12 कढ़ी पत्ता
  • 1 चम्मच काली मिर्च पाउडर
  • सेंधा नमक - स्वादानुसार
  • 1 चम्मच पिसी हुई चीनी (अगर खट्टा-मीठा स्वाद पसंद हो)
  • तलने के लिए मूंगफली का तेल या घी

फलाहारी मिक्चर बनाने का आसान तरीका

  • सबसे पहले कच्चे आलू को छीलकर कद्दूकस कर लें। इन लच्छों को 3-4 बार साफ पानी से अच्छी तरह धोएं ताकि आलू का सारा स्टार्च निकल जाए। इसके बाद छलनी में रखकर पानी निकाल दें और एक सूती कपड़े पर 15-20 मिनट के लिए फैला दें ताकि ये सूख जाएं। इसी ट्रिक से आपके आलू के लच्छे एकदम क्रिस्पी बनेंगे।
  • एक कड़ाही में तेल या घी को अच्छी तरह तेज गर्म करें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके नायलॉन साबूदाना डालें। साबूदाना तुरंत फूलकर दोगुना हो जाएगा। तेज आंच पर तलने से यह अंदर तक पक जाता है और खाते समय मुंह में बिल्कुल नहीं चिपकता। तले हुए साबूदाने को टिशू पेपर पर निकाल लें।
  • अब उसी गर्म तेल में आलू के सुखाए हुए लच्छे डालें और उन्हें सुनहरा और कुरकुरा होने तक फ्राई कर लें। इसके बाद मूंगफली के दानों और कढ़ी पत्ता को भी क्रंची होने तक तलकर निकाल लें।
  • एक बड़े बर्तन में तला हुआ साबूदाना, आलू के लच्छे, मूंगफली और कढ़ी पत्ता एक साथ डालें। अब ऊपर से सेंधा नमक, काली मिर्च पाउडर और पिसी हुई चीनी डालकर हल्के हाथों से मिला लें।
  • लीजिए, आपका क्रंची और चटपटा फलाहारी मिक्चर एकदम तैयार है। इसे पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर किसी एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख लें। पूरे 9 दिन तक चाय के साथ इस कुरकुरे मिक्चर का मजा लें।

यह भी पढ़ें- नवरात्र व्रत में हो रही है मोमोज की क्रेविंग? साबुदाना और पनीर से घर पर ही करें तैयार, आसान है रेसिपी

यह भी पढ़ें- व्रत में शाम की भूख मिटाएगी फलाहारी आलू-पनीर टिक्की, कम तेल में भी बनेगी एकदम करारी; नोट करें रेसिपी