विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न तेल पिएगी, न सख्त होगी! करवाचौथ पर 2 कप मैदा से तैयार करें डिब्बा भर मीठी मठरी, सरगी में आएगी काम

Published: Wed, 28 Oct 2026 10:26 AM (IST)

आज हम आपके लिए करवाचौथ स्पेशल एक सीक्रेट रेसिपी लेकर आए हैं, जिससे आपकी मठरी मुंह में जाते ही घुल जाएगी।

सरगी में खा लेंगी 2 मठरी तो दिनभर नहीं सताएगी भूख (Image Source: AI-Generated)

सरगी में खा लेंगी 2 मठरी तो दिनभर नहीं सताएगी भूख (Image Source: AI-Generated) 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। इस साल 29 अक्टूबर को करवाचौथ का त्योहार मनाया जा रहा है और सरगी की तैयारियां हर घर में शुरू हो चुकी हैं। बता दें, सरगी की थाली में मीठा होना बहुत जरूरी माना जाता है। ऐसे में, बाजार की मिठाइयों से बेहतर है कि आप घर पर ही एकदम शुद्ध और खस्ता मीठी मठरी तैयार करें।

जी हां, आज हम आपके लिए एक ऐसी कमाल की रेसिपी लेकर आए हैं, जिससे आपकी मठरी न तो कड़ाही में तेल पिएगी और न ही दांतों से तोड़ने में सख्त होगी। सबसे अच्छी बात यह है कि सिर्फ 2 कप मैदा से आप पूरा डिब्बा भर मठरी तैयार कर सकती हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।

जरूरी सामग्री

मठरी के लिए आपको 2 कप मैदा, मोयन के लिए 1/4 कप पिघला हुआ घी, थोड़ा-सा पानी और तलने के लिए तेल या घी चाहिए। वहीं, चाशनी बनाने के लिए आपको 1 कप चीनी, आधा कप पानी और चुटकी भर इलायची पाउडर की जरूरत होगी।

आटा गूंथने का सही तरीका

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा छान लें। अब इसमें पिघला हुआ घी डालें और दोनों हाथों से अच्छी तरह रगड़ते हुए मिलाएं। जब मैदा आपकी मुट्ठी में बंधने लगे, तो समझ लें कि मोयन एकदम परफेक्ट है। यही वह ट्रिक है जिससे मठरी सख्त नहीं होती, बल्कि बिस्किट जैसी खस्ता बनती है। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सख्त आटा गूंथ लें और इसे 15-20 मिनट के लिए सूती कपड़े से ढककर रख दें।

मठरी बेलने और छेद करने की ट्रिक

आटे के सेट होने के बाद इसकी छोटी-छोटी लोइयां बना लें। इन्हें न बहुत ज्यादा मोटा बेलें और न ही एकदम पापड़ की तरह पतला। बेलने के बाद एक कांटे या चाकू की मदद से मठरी में दोनों तरफ छोटे-छोटे छेद कर दें। ऐसा करने से मठरी कड़ाही में जाने के बाद फूलेगी नहीं और अंदर तक अच्छी तरह सिकेगी।

तलने का गोल्डन रूल

कड़ाही में तेल या घी गरम करें। ध्यान रहे कि तेल बहुत ज्यादा गरम नहीं होना चाहिए। मठरियों को हमेशा धीमी या मध्यम आंच पर ही तलें। धीमी आंच पर तलने से ये अंदर तक पक जाती हैं, तेल बिल्कुल नहीं पीतीं और इनका रंग एकदम सुनहरा आता है। सिकने के बाद इन्हें एक प्लेट में निकाल लें।

चाशनी की मिठास और कोटिंग

अब एक पैन में चीनी और पानी डालकर एक या दो तार की गाढ़ी चाशनी बना लें। खुशबू के लिए इसमें थोड़ा-सा इलायची पाउडर मिला दें। गैस बंद करें और अब तली हुई मठरियों को एक-एक करके चाशनी में डालें और अच्छे से लपेट कर बाहर निकाल लें। इन्हें एक बड़ी प्लेट में अलग-अलग करके सूखने के लिए रख दें।

कुछ ही देर में चाशनी सूख कर मठरी पर एक सफेद और मीठी परत की तरह जम जाएगी। पूरी तरह ठंडी होने के बाद इन्हें एक एयरटाइट डिब्बे में भर लें। यह खस्ता मीठी मठरी आपकी सरगी की थाली की शान तो बढ़ाएगी ही, साथ ही आपके करवाचौथ के व्रत को भी खास बना देगी।

यह भी पढ़ें- करवाचौथ पर चांद निकलने तक रहना है एनर्जेटिक? सरगी में इन चीजों को जरूर करें शामिल

यह भी पढ़ें- क्या आपने कभी चखा है यूपी की 'लापसी' का स्वाद? सिर्फ 3 चीजों से घर पर बहुत आसानी से बना सकते हैं ये डिश