विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समोसे-पकौड़े साइड कीजिए, चाय का मजा दोगुना कर देगा बिहार का फेमस आलू चॉप; रेसिपी है बेहद आसान

Published: Sun, 27 Sep 2026 04:09 PM (IST)

शाम की कड़क चाय हो और साथ में कुछ चटपटा खाने को न मिले, तो चाय का मजा अधूरा सा ...और पढ़ें

इस रेसिपी से बनाएं बिहारी स्टाइल आलू चॉप (Image Source: AI-Generated)

इस रेसिपी से बनाएं बिहारी स्टाइल आलू चॉप (Image Source: AI-Generated)

HighLights

  1. आलू चॉप बिहार का प्रसिद्ध और स्वादिष्ट स्नैक है

  2. इसे घर पर बनाना बेहद आसान है, सामग्री रसोई में उपलब्ध

  3. शाम की चाय के लिए समोसे-पकौड़े का बेहतरीन विकल्प है

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप रोज-रोज वही स्नैक्स खाकर बोर हो गए हैं, तो आज कुछ नया और मजेदार ट्राई करने का दिन है। आज हम आपको सीधे बिहार की गलियों से एक ऐसी शानदार डिश की रेसिपी बताने जा रहे हैं, जो आपकी शाम की चाय का मजा दोगुना कर देगी। इस डिश का नाम है- 'आलू चॉप'।

आलू चॉप बाहर से एकदम क्रिस्पी और अंदर से मसालों से भरपूर मुलायम आलू का मिश्रण होता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाना बहुत ही आसान है और इसके सारे मसाले आपकी रसोई में ही मिल जाएंगे। आइए जानते हैं इसकी आसान-सी रेसिपी।

आलू चॉप बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • उबले हुए आलू - 4 से 5
  • बेसन - 1 कप (घोल के लिए)
  • बारीक कटा प्याज - 1
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
  • अदरक-लहसुन का पेस्ट - 1 छोटा चम्मच
  • हरा धनिया - 2 बड़े चम्मच (बारीक कटा हुआ)
  • हल्दी पाउडर - आधा छोटा चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - आधा छोटा चम्मच (स्वादानुसार)
  • भुना जीरा पाउडर - आधा छोटा चम्मच
  • गरम मसाला - आधा छोटा चम्मच
  • अमचूर पाउडर या चाट मसाला - 1 छोटा चम्मच (चटपटे स्वाद के लिए)
  • नमक - स्वादानुसार
  • तेल - डीप फ्राई करने के लिए

आलू चॉप बनाने का आसान तरीका

  • सबसे पहले उबले हुए आलुओं को छीलकर एक बर्तन में अच्छी तरह मैश कर लें। ध्यान रखें कि आलू में बड़ी गाठें न रहें। अब एक कड़ाही में थोड़ा सा तेल गरम करें और उसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
  • इसके बाद मैश किए हुए आलू, नमक, हल्दी, लाल मिर्च, जीरा पाउडर, गरम मसाला और चाट मसाला डाल दें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें और 2 मिनट तक भूनें। गैस बंद करें और हरा धनिया डालकर इस मसाले को ठंडा होने दें। जब मसाला ठंडा हो जाए, तो इसकी छोटी-छोटी गोल टिक्कियां बना लें।
  • अब एक दूसरे बर्तन में बेसन लें। इसमें थोड़ा सा नमक, एक चुटकी हल्दी और थोड़ी सी लाल मिर्च डालें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक गाढ़ा और स्मूद घोल तैयार कर लें। ध्यान रहे कि घोल बहुत ज्यादा पतला न हो, वरना यह आलू की टिक्की पर चिपकेगा नहीं।
  • एक गहरी कड़ाही में तेल गरम करें। तेल के अच्छे से गरम हो जाने पर गैस की आंच को मध्यम कर दें। अब आलू की टिक्कियों को एक-एक करके बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबोएं और सावधानी से गरम तेल में डाल दें।
  • टिक्कियों को दोनों तरफ से पलट-पलट कर तब तक तलें, जब तक कि वे एकदम सुनहरी और क्रिस्पी न हो जाएं। जब ये करारी हो जाएं, तो इन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए।
  • लीजिए। आपका गरमा-गरम और सुपर टेस्टी आलू चॉप बिल्कुल तैयार है। इसे हरी धनिया-पुदीने की तीखी चटनी या टोमेटो केचप के साथ सर्व करें और साथ में अदरक वाली कड़क चाय का आनंद लें। यकीन मानिए, इसे खाने के बाद आपके घरवाले समोसे और पकौड़े भूल जाएंगे।

यह भी पढ़ें- आलू वही पर स्वाद शाही, आज ही बनाएं रिच, क्रीमी और मसालेदार 'अफगानी आलू', नोट करें सीक्रेट रेसिपी

यह भी पढ़ें- तवे पर बनाएं बिल्कुल ढाबे जैसा टेस्टी 'आलू कुलचा', नोट कर लें ये सिक्रेट रेसिपी; हर कोई करेगा तारीफ