विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिना तंदूर के घर पर बनेगी होटल जैसी मुलायम रूमाली रोटी, बस फॉलो करने होंगे ये आसान स्टेप्स

Published: Sun, 18 Oct 2026 08:54 AM (IST)

रेस्टोरेंट या ढाबे में तो हम अक्सर रूमाली रोटी को बड़े मजे से खाते हैं, लेकिन जब इसे घर पर ...और पढ़ें

क्या लोहे के तवे पर बन सकती है होटल जैसी रूमाली रोटी? (Image Source: AI-Generated)

क्या लोहे के तवे पर बन सकती है होटल जैसी रूमाली रोटी? (Image Source: AI-Generated) 

HighLights

  1. कड़ाही का उपयोग कर घर पर बनाएं रुमाली रोटी

  2. दूध से आटा गूंथने पर रोटी रहेगी मुलायम

  3. पतली रोटी बेलकर गर्म कड़ाही पर सेकें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अक्सर जब हम किसी रेस्टोरेंट या ढाबे पर जाते हैं, तो अपनी मनपसंद ग्रेवी वाली सब्जी के साथ रूमाली रोटी ऑर्डर करना नहीं भूलते। इसकी पतली और मुलायम लेयर खाने का स्वाद दोगुना कर देती है। हालांकि, जब इसे घर पर बनाने की बात आती है, तो हम यह सोचकर पीछे हट जाते हैं कि बिना तंदूर के यह कैसे बनेगी?

अब आपको निराश होने की कोई जरूरत नहीं है। आप अपनी रसोई में मौजूद एक साधारण कड़ाही का इस्तेमाल करके घर पर ही एकदम परफेक्ट, पतली और मुलायम रूमाली रोटी बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का सबसे आसान तरीका।

रूमाली रोटी बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?

  • 1 कप मैदा
  • 1/2 कप गेहूं का आटा
  • 1/2 कप हल्का गर्म दूध (आटा गूंधने के लिए)
  • 1 चम्मच तेल या घी
  • 1 चम्मच नमक
  • थोड़ा सा नमक मिला हुआ पानी (कड़ाही पर छिड़कने के लिए)

रूमाली रोटी बनाने का आसान तरीका

  • सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा, गेहूं का आटा और नमक अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा गर्म दूध डालते हुए एकदम नरम और मुलायम आटा गूंध लें। दूध के इस्तेमाल से रोटी बिल्कुल होटल जैसी सॉफ्ट बनेगी और ठंडी होने पर भी कड़क नहीं होगी।
  • गूंधे हुए आटे के ऊपर हल्का सा तेल या घी लगा दें और उसे एक साफ, हल्के गीले सूती कपड़े से ढक दें। इसे कम से कम 30 से 40 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें ताकि आटा अच्छी तरह सेट हो जाए।
  • तय समय के बाद आटे को एक बार फिर से हल्के हाथों से मलें और इसकी छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें।
  • चकले पर थोड़ा-सा सूखा मैदा छिड़कें और लोई को जितना हो सके, उतना पतला बेल लें। यह इतनी पतली होनी चाहिए कि इसके नीचे से आपकी उंगलियां हल्की-हल्की नजर आएं। आप इसे हाथों से थोड़ा खींच कर भी बड़ा कर सकते हैं, ठीक वैसे ही जैसे ढाबे वाले करते हैं।
  • गैस पर एक लोहे या एल्युमीनियम की भारी कड़ाही को उल्टा करके रख दें और उसे तेज आंच पर अच्छी तरह गर्म होने दें। जब कड़ाही गर्म हो जाए, तो उस पर थोड़ा-सा नमक वाला पानी छिड़कें और कपड़े से पोंछ लें। बता दें, यह स्टेप बहुत जरूरी है, इससे रोटी कड़ाही पर चिपकेगी नहीं।
  • अब बेली हुई पतली रोटी को सावधानी से कड़ाही के ऊपर फैला दें। रूमाली रोटी बहुत जल्दी पकती है। कुछ ही सेकंड में जैसे ही आपको रोटी पर हल्के बुलबुले नजर आएं, इसे एक साफ सूती कपड़े की मदद से पलट लें। कपड़े से हल्का-हल्का दबाकर दूसरी तरफ से भी सेक लें।
  • लीजिए, आपकी गरमागरम और एकदम मुलायम रूमाली रोटी तैयार है।

यह भी पढ़ें- बिना लहसुन-प्याज के इस तरीके से बनाएं ‘गोभी मसाला’, तंदूरी रोटी के साथ खाने का मजा हो जाएगा दोगुना

यह भी पढ़ें- चाय के साथ पकौड़े हो जाते हैं सौगी? आलू-प्याज के बैटर में मिलाएं ये सीक्रेट आटा, मिलेगा बाजार जैसा कुरकुरापन