विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीन के नाम पर बिकता है भारत का स्वाद.. मंचूरियन से हक्का नूडल्स तक, दिलचस्प है इंडो-चाइनीज फूड की कहानी

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:30 AM (IST)

भारत में इंडो-चाइनीज खाने का बेहद दिलचस्प सफर है, जिसकी शुरुआत को लेकर अलग-अलग कहानियां हैं। 

इंडो-चाइनीज खाने की दिलचस्प कहानी (Image Source: AI Generated)

इंडो-चाइनीज खाने की दिलचस्प कहानी (Image Source: AI Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

मिशेलिन स्टार शेफ सुवीर सरन, लखनऊ। देवी उत्तर अमेरिका का पहला भारतीय रेस्तरां बना जिसे 'मिशेलिन स्टार' मिला। वहां का मेन्यू बहुत बड़ा नहीं था, मगर फूलगोभी मंचूरियन ने उस पर अपनी खास जगह बना ली थी। जो लोग उसे एक बार चखते, वे अक्सर दूसरी प्लेट मंगाते, कभी तीसरी भी। मेरे लिए उस पकवान की सबसे बड़ी तारीफ यही थी: लोग बाहर खाना खाने आए थे, जहां आम तौर पर निगाह पहले मांसाहारी पकवानों पर जाती है, लेकिन लौट-लौटकर फूलगोभी मंगाते थे।

इंडो-चाइनीज खाने की दिलचस्प कहानी 

चीन से आए मेहमान जब हमारी फूलगोभी मंचूरियन की प्लेट देखते हैं, तो कभी-कभी उनके चेहरे पर प्यारी-सी हैरानी उतर आती है। वे पूछते हैं-यह चीन में कहां मिलता है? और हमारा जवाब है-शायद कहीं नहीं। फिर भी भारत में इसे खाते हुए किसी को यह समझाने की ज़रूरत नहीं पड़ती कि यह 'चीनी' खाना है। इसकी चमकती लाल चटनी, लहसुन-अदरक की ख़ुशबू, हल्की मिठास, खटास और मिर्च की चुटकी हमारे लिए एक पूरी दुनिया खोल देती है।

यही इंडो-चाइनीज खाने का सबसे दिलचस्प पहलू है। यह भारत में बसने, काम करने, रसोई खोलने और अपने पड़ोसियों के स्वाद को समझने वाले चीनी समुदायों की कहानी भी है। कोलकाता इस कहानी का अहम पड़ाव है। टोंग अच्चू का नाम अक्सर 1778 और हुगली के पास आचिपुर की बसावट से जोड़ा जाता है। लेकिन कोलकाता का चाइनाटाउन उसी दिन बनकर तैयार नहीं हो गया था। वह आगे चलकर बसा, बढ़ा और अलग-अलग चीनी समुदायों के साथ बदलता रहा। उसकी रसोई भी किसी एक तारीख में पैदा नहीं हुई; वह कई पीढ़ियों की मेहनत और मेल-जोल से बनी।

कोलकाता में शुरू हुए थे सबसे पहले चीनी रेस्तरां

20वीं शताब्दी के दूसरे-तीसरे दशक में कोलकाता में परिवारों के चलाए चीनी रेस्तरां प्रचलित हो चुके थे। ईओ च्यू उन्हीं पुराने नामों में है, जिसकी शुरुआत आम तौर पर पिछली शताब्दी के दूसरे दशक में मानी जाती है। ऐसे रेस्तरां केवल बाहर खाना खिलाने की जगह नहीं थे। वे घर से दूर बसे लोगों के लिए काम, कारोबार, मेल-मिलाप और अपनी पाक-पहचान संभालने की जगह थे। फिर उनके खाने ने अपने समुदाय की चौखट पार की और शहर के दूसरे लोगों की जबान पर भी जगह बना ली।

इस खान-पान को एक ही स्वाद या एक ही नुस्ख़े में बांधना मुश्किल है। कोलकाता में अलग-अलग चीनी समुदाय अपने साथ अलग हुनर, आदतें और पकाने के तरीके लाए। फिर हर शहर, हर मोहल्ले और हर ग्राहक ने उसमें अपनी पसंद का कुछ जोड़ दिया। अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, सोया, सिरका, कुरकुरी परत और गाढ़ी चटनी-इन सबका अपना रिश्ता हमारी रसोई से बनता चला गया। यह कोई एक दिन का आविष्कार नहीं था। यह उस रसोई का काम था जो सुनती है कि लोग क्या खाना चाहते हैं और फिर अगली बार उन्हें थोड़ा और खुश करके मेज़ से उठाती है।

नेल्सन वांग चिकन मंचूरियन के जनक? 

इंडो-चाइनीज खाने की सबसे मशहूर कहानियों में से एक नेल्सन वांग और चिकन मंचूरियन की है। कहा जाता है कि 1975 में मुंबई के क्रिकेट क्लब आफ इंडिया में काम करते हुए वांग से एक ग्राहक ने मेन्यू से हटकर कुछ नया बनाने को कहा। वांग को इस व्यंजन का जनक माना जाता है, हालांकि खाने की कहानियों में किसी एक पल को अंतिम सच ठहराना हमेशा आसान नहीं होता। फिर भी चिकन मंचूरियन की लोकप्रियता से इन्कार कौन कर सकता है? तला हुआ चिकन, अदरक-लहसुन, हरी मिर्च, सोया और एक गाढ़ी चटनी-इसमें भारतीय ज़ायके की पहचान भी है और चीनी नाम का रहस्य भी। मंचूरियन के नाम से पुकारा जाने वाला यह पकवान असल में भारतीय कल्पना की देन है।

गोल्डन ड्रैगन और कैमेलिया पंजाबी का किस्सा 

मुंबई में इसी दौर की एक दूसरी अहम कहानी ताज के गोल्डन ड्रैगन और कैमेलिया पंजाबी की है। 20वीं शताब्दी के सातवें दशक में उन्होंने सिचुआन खाना नए शहरी दर्शकों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई; हांगकांग से शेफ बुलाए गए और लोगों ने मिर्च, सिचुआन के जायके और एक अलग तरह के चीनी खाने से परिचय पाया। मगर यह कहानी कोलकाता के चीनी-भारतीय समुदायों की रसोइयों की जगह नहीं लेती। ये दोनों धाराएं साथ-साथ चलती हैं-एक तरफ़ समुदायों की रोजमर्रा की रसोई, दूसरी तरफ बड़े होटलों के जरिये भारत के सामने खुलता क्षेत्रीय चीनी भोजन।

फूलगोभी मंचूरियन से मेरा अपना रिश्ता इसी बड़ी कहानी का एक छोटा, मगर बहुत प्यारा हिस्सा है। देवी का मेन्यू सीमित था, लेकिन यह पकवान उस पर जगह पाने के बाद मेहमानों का चहेता बन गया। सैम सिफ्टन ने न्यू यार्क टाइम्स में इसको 'जादुई' कहा। टाइम आउट न्यू यार्क ने इसको शहर के सौ बेहतरीन पकवानों और पेयों में गिना। मार्क बिटमैन ने इसे अपनी किताब 'हाउ टू कुक एवरीथिंग वेजिटेरियन' में शामिल किया और अपनी वेबसाइट पर बताया कि यह नुस्ख़ा उन्हें मुझसे मिला था। 

हमारे भारत में कितनी ही जबानें, कितने ही जायके और कितनी ही खाने की आदतें हैं। हमारा ताल्लुक कभी पंजाबी स्वाद से बनता है, कभी उत्तर प्रदेश के खाने से; कहीं तमिल रसोई का तड़का मन को भाता है, कहीं असम की सादगी, कहीं बंगाल की मछली और सरसों की महक। मगर जब हम बाहर खाने बैठते हैं, तो हममें से बहुत-से लोग प्लेट में ऐसा स्वाद चाहते हैं जो पहली ही बाइट में अपना एलान कर दे। 

चीनी-पंजाबी फूड नहीं - ‘चिंजाबी’

हम स्वाद का धमाका चाहते हैं-मिर्च, मिठास, खटास, नमक, कुरकुरापन, चटनी और गरम मसाले का ऐसा संगम जो मुंह में उतरते ही कहे: 'मैं यहां हूं!' इंडो-चाइनीज़ पकवानों ने इसी चाह को समझा। चिकन मंचूरियन हो या गोभी मंचूरियन, मंचाऊ सूप हो या हक्का नूडल्स-इनमें स्वाद मेज पर दस्तक देता है। भारत में लोकप्रिय होने के लिए चीनी खाने ने अपने कुछ पुराने रूपों से फासला तय किया, मगर उसने स्वाद का जादू बरकरार रखा। मैं इस तरह के खाने को हंसकर कभी-कभी 'चिंजाबी' कहता हूं—चीनी असर और भारतीय, खासकर पंजाबी, जायके का अपना-सा मेल। यह कोई बाकायदा पाक-शास्त्रीय नाम नहीं, बस मेरा चुटीला नाम है उस रसोई के लिए जिसने अपनी पहचान बनाने में संकोच नहीं किया!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।