क्या आपने चखा है उमामी स्वाद? घर पर मास्टर शेफ की इस रेसिपी से बनाएं उमामी 'मटन उप्पु करी' और 'फिश अमृतसरी'
भारतीय खाने में सदियों से मौजूद उमामी स्वाद अब चर्चा में है। विश्व उमामी दिवस पर शेफ अजय चोपड़ा की 'मटन उप्पु करी' और 'फिश अमृतसरी' रेसिपी जानें।

भारतीय खाने में सदियों से मौजूद है 'उमामी' स्वाद!
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आज उमामी स्वाद काफी चर्चा में है, लेकिन ये कोई नया स्वाद नहीं है। सदियों से भारतीय खाने में इसका प्रभाव रहा है। हां, ये अलग बात है कि इस ओर लोगों का ध्यान अब जा रहा है। कई भारतीय डिशेज हैं, जिनमें आपको उमामी स्वाद चखने को मिल जाएगा है।
हर साल 25 जुलाई को विश्व उमामी दिवस मनाया जाता है। आइए इसी खास मौके पर शेफ अजय चोपड़ा की कुकबुक ‘डिस्कवरिंग उमामी इन इंडियन क्यूजीन’ से दो स्पेशल रेसिपी जानते हैं।
मटन उप्पु करी
तमिलनाडु के चेट्टीनाड क्षेत्र की यह पारंपरिक डिश नरम मटन को लाल मिर्च, करी पत्तों और कम मसालों के साथ धीमी आंच पर पकाकर तैयार की जाती है।
सामग्री
मटन को प्रेशर कुकर में पकाने के लिए
- 1 बड़ा चम्मच तेल
- 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 1 किलोग्राम मटन
- 1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- स्वादानुसार नमक
- पानी (इतना कि प्रेशर कुकर में मौजूद सभी सामग्री पूरी तरह ढक जाए)
मसाला तैयार करने के लिए
- 2 बड़े चम्मच तेल
- 1 छोटा चम्मच सौंफ
- 4-5 बड़ी काली इलायची
- 15-17 गुंटूर लाल मिर्च
- 15-16 छोटे प्याज (छिले हुए)
- 9-10 लहसुन की कलियां
- 2 टहनी करी पत्ते
- 1 टमाटर, कटा हुआ
- 1/4 छोटा चम्मच अजीनोमोटो (MSG)
- लास्ट में मिलाने के लिए
- ऊपर तैयार किया हुआ पका हुआ मटन
- स्वादानुसार नमक
- ½ बड़ा चम्मच काली मिर्च पाउडर
- कुछ ताजे करी पत्ते
- 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
विधि-
- सबसे पहले प्रेशर कुकर में तेल गरम करें। इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर थोड़ी देर भूनें।
- फिर साफ किया हुआ मटन, नमक, हल्दी पाउडर और इतना पानी डालें कि सारी सामग्री ढक जाए।
- मटन को नरम होने तक 5–7 सीटी आने तक प्रेशर कुकर में पकाएं। इसके बाद अलग रख दें।
- अब एक भारी तले की कड़ाही में तेल गरम करें। इसमें सौंफ और बड़ी काली इलायची डालकर खुशबू आने तक भूनें।
- फिर गुंटूर लाल मिर्च, छोटे प्याज, लहसुन की कलियां और करी पत्ते डालें। प्याज के सुनहरा होने तक भूनें।
- इसके बाद कटा हुआ टमाटर डालें और उसके नरम होने तथा तेल अलग होने तक पकाएं। स्वाद का संतुलन बढ़ाने के लिए इसमें अजीनोमोटो (MSG) मिलाएं।
- अब तैयार मसाले में पका हुआ मटन और उसका थोड़ा-सा स्टॉक डालें और स्वादानुसार नमक और काली मिर्च पाउडर मिलाएं।
- मध्यम से तेज आंच पर चलाते हुए तब तक पकाएं, जब तक मसाला मटन पर अच्छी तरह चढ़ न जाए और डिश सेमी-ड्राई अवस्था में न पहुंच जाए।
- अब इसमें ताजे करी पत्ते और नींबू के रस की कुछ बूंदें डालें और गरमागरम सादे चावल, डोसा या इडली के साथ परोसें।
फिश अमृतसरी
अमृतसर के सड़क किनारे लगने वाले खाने के स्टॉलों से प्रेरित यह कुरकुरी फिश डिश अपनी खास पहचान रखती है।
सामग्री
- 250 ग्राम भेतकी मछली
- 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
- 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 2 छोटे चम्मच नमक
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच जीरा पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1 छोटा चम्मच गरम मसाला पाउडर
- 1 छोटा चम्मच अजवाइन
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 1 अंडा
- 2 बड़े चम्मच सूजी
- 1 बड़ा चम्मच सरसों का तेल
- 1/2 कप चावल का आटा
- 1 कप बेसन
- 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- 1 चुटकी बेकिंग सोडा
- 1 बड़ा चम्मच चाट मसाला
- 1/4 छोटा चम्मच अजीनोमोटो (MSG)
विधि
- सबसे पहले भेतकी मछली को फिंगर आकार के टुकड़ों में काट लें।
- अब एक बाउल में नींबू का रस, हल्दी, नमक, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अजवाइन, अदरक-लहसुन का पेस्ट, अंडा, सूजी, सरसों का तेल, चावल का आटा, बेसन, बारीक कटा हरा धनिया, बेकिंग सोडा और अजीनोमोटो (MSG) डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
- इस मैरिनेड से मछली के टुकड़ों पर समान रूप से कोटिंग करें। इसे 15–20 मिनट के लिए रख दें।
- अब एक कड़ाही में तेल गरम करें। मैरीनेट किए हुए मछली के टुकड़ों को सावधानी से एक-एक करके गरम तेल में डालें। सभी तरफ से सुनहरा भूरा और कुरकुरा होने तक तलें।
- इसके बाद मछली को निकालकर अतिरिक्त तेल निकलने दें।
- अब तली हुई मछली को प्लेट में सजाएं। ऊपर से चाट मसाला छिड़कें। स्टार्टर या स्नैक के रूप में गरमागरम परोसें।
