अरहर से मूंग तक, दालों में सालभर नहीं लगेंगे कीड़े और घुन; जब स्टोर करने के लिए अपनाएंगे ये घरेलू नुस्खे
तेजपत्ता, नीम की पत्तियां, लहसुन, एयरटाइट कंटेनर जैसे घरेलू उपाय दालों को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकते हैं।

दालों को कीड़े और घुन से बचाने के तरीके (Image Source: AI Generated)
HighLights
दालों में तेजपत्ता, लौंग और कपूर की पोटली रखें
नीम की सूखी पत्तियां दालों में डालकर सुरक्षित करें
एयरटाइट डिब्बे में सरसों का तेल लगाकर दाल स्टोर करें
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय घरों में दाल सर्दी हो या गर्मी, हर मौसम में खाई जाने वाली चीज है। फिर ये कई क्षेत्रीय पारंपरिक खानपान का भी हिस्सा है। इसी वजह से लोग अरहर, मसूर, चना और मूंग की दाल को एक साथ स्टॉक में खरीद लाते हैं और इसे स्टोर करना सही समझते हैं। पर कई बार इन दालों को सालभर स्टोर कर पाना इतना आसान नहीं होता, क्योंकि अक्सर ही इसमें घुन या कीड़े लग जाते हैं।
ऐसे में अगर आप लगने से बचाना चाहते हैं, इसे स्टोर करने के लिए घरेलू उपाय अपनाए जा सकते हैं।
तेजपत्ता, लौंग और कपूर
जब भी दालों को स्टोर करें तो उसमें 2-3 तेजपत्ता, 3-4 लौंग और 2-3 कपूर की गोली डालकर रख सकते हैं। इसे सीधे दाल में नहीं डालना है, इसके बजाय एक सूती कपड़े की पोटली या टिशू पेपर में लपेटकर में इन तीनों को डिब्बे में डालें। इससे न तो कपूर की तेज गंध दाल में जाएगी और न ही कीड़े-घुन लग पाएंगे।
नीम की पत्तियां
यह हम सभी जानते हैं कि नीम में नेचुरल कीटनाशक गुण होते हैं, ऐसे में नीम की पत्तियां भी दालों को सुरक्षित रखने का एक कारगर उपाय हो सकती हैं। दाल को एयरटाइट डिब्बे में भरते समय उसमें 5-6 नीम की पत्तियों को भी डाल देना है। इस बात का ध्यान रखें कि अगर पत्तियों को धोया हो तो डालते समय उनमें नमी न हो।
लहसुन की कलियां
आपको शायद पता न हो पर लहसुन की तेज गंध से भी दाल में कीड़े नहीं लगते हैं। इसके लिए 4-5 सूखी लहसुन की कलियां किसी छोटी सूती पोटली में बांधकर डाल दें। इस उपाय से दाल सालभर सुरक्षित स्टोर की जा सकती है।
एयरटाइट कंटेनर
दालों को बिना किसी उपाय के सुरक्षित स्टोर करने के लिए जरूरी है कि उसे हमेशा एयरटाइट कंटेनर में ही रखा जाए। इससे हवा और नमी डिब्बे में प्रवेश नहीं कर पाएगी और कीड़े-घुन लगने का खतरा भी नहीं रहेगा। इसके लिए अच्छी क्वालिटी वाला प्लास्टिक, स्टील या कांच का कंटेनर चुनें।
सरसों का तेल
अरहर, मसूर, मूंग और चने की दालों को सुरक्षित रखने के लिए सभी पर सरसों का तेल लगाकर धूप में सुखाएं। इस बात का ध्यान रखें कि तेल ज्यादा नहीं लगाना है, इसे हथेली पर कुछ बूंद लेकर रगड़ना है और उसके बाद धूप में सुखाना है। इस उपाय को अपनाने के बाद डिब्बे में भरकर रख दें।
