विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोटी में लपेटकर खाएं या दाल-चावल में मिलाकर, थाली का जायका बढ़ा देगी मीठे नीम की सूखी चटनी; ऐसे करें तैयार

Published: Wed, 30 Sep 2026 03:10 PM (IST)

इस आर्टिकल में आप कढ़ी पत्ते की सूखी चटनी बनाने की रेसिपी जानेंगे, जो खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ पाचन के लिए भी फायदेमंद होती है।

बोरिंग से बोरिंग डिश में लग जाएगा स्वाद का तड़का (Image Source: AI-Generated)

बोरिंग से बोरिंग डिश में लग जाएगा स्वाद का तड़का (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय खाने की थाली बिना चटनी के हमेशा अधूरी-सी लगती है। अगर आप रोजाना वही धनिया, पुदीना या टमाटर की चटनी खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ नया और फायदेमंद ट्राई कर सकते हैं। जी हां, आज हम बात कर रहे हैं 'मीठे नीम' यानी कढ़ी पत्ते की सूखी चटनी की।

यह चटनी न सिर्फ आपके खाने का स्वाद दोगुना कर देगी, बल्कि पाचन और सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है। मीठे नीम की इस सूखी चटनी का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसे आप हफ्तों तक स्टोर करके रख सकते हैं। गरमा-गरम पराठे हों, इडली-डोसा हो या फिर सादे दाल-चावल, बस एक चम्मच यह चटनी मिलाने से ही पूरी थाली का जायका बदल जाएगा। आइए जानते हैं इसे बनाने का बेहद आसान तरीका।

Kadi Patta Dry Chutney

(Image Source: AI-Generated)

चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • 2 कप ताजे कढ़ी पत्ते
  • 2 बड़े चम्मच उड़द की दाल या चना दाल
  • 1 बड़ा चम्मच मूंगफली
  • 4-5 सूखी लाल मिर्च (तीखेपन के अनुसार)
  • 5-6 लहसुन की कलियां
  • 1 छोटा चम्मच जीरा
  • 1 छोटा चम्मच राई या सरसों
  • छोटा टुकड़ा इमली का या 1 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
  • स्वादानुसार नमक
  • 1 से 2 चम्मच तेल

चटनी बनाने की आसान विधि

  • सबसे पहले मीठे नीम के पत्तों को अच्छी तरह धो लें और सूती कपड़े से पोंछकर उनका सारा पानी सुखा लें। पत्तों में नमी बिल्कुल नहीं होनी चाहिए, वरना चटनी जल्दी खराब हो सकती है। आप चाहें तो इन्हें कुछ देर पंखे की हवा में भी रख सकते हैं।
  • अब गैस पर एक पैन या कड़ाही रखें और उसमें थोड़ा सा तेल डालें। तेल गरम होने पर राई, जीरा, लहसुन और सूखी लाल मिर्च डालकर हल्का भून लें। इसके बाद उड़द या चना दाल और मूंगफली डालकर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक धीमी आंच पर भूनें। भुने हुए मसालों को एक प्लेट में निकाल लें।
  • उसी पैन में बचे हुए हल्के तेल में कढ़ी पत्तों को डालें। इन्हें धीमी आंच पर तब तक भूनें जब तक ये पूरी तरह से कुरकुरे न हो जाएं। जब पत्तों को हाथ से क्रश करने पर वे आसानी से टूट जाएं, तो गैस बंद कर दें।
  • अब भुने हुए मसाले और कुरकुरे कढ़ी पत्तों को पूरी तरह से ठंडा होने दें। गर्म मिश्रण पीसने से उसमें नमी आ सकती है। ठंडा होने के बाद इन्हें मिक्सी के जार में डालें। साथ में इमली या अमचूर पाउडर और स्वादानुसार नमक भी डाल दें।
  • मिक्सी को रुक-रुक कर चलाएं और इस मिश्रण को हल्का दरदरा पीस लें। ध्यान रहे कि इसका एकदम बारीक पाउडर नहीं बनाना है, हल्का दरदरापन इस सूखी चटनी के स्वाद को और बढ़ा देता है।
  • आपकी स्वादिष्ट और पौष्टिक मीठे नीम की सूखी चटनी बिल्कुल तैयार है। इसे एक साफ और सूखे कांच के डिब्बे में भरकर रख लें। चूंकि इसमें पानी का बिल्कुल इस्तेमाल नहीं हुआ है, इसलिए आप इसे आराम से 15 से 20 दिनों तक बाहर और 2 महीने तक फ्रिज में रखकर खा सकते हैं।

यह भी पढ़ें- ढेर सारे धनिए और बेसन से बनेगी महाराष्ट्र की फेमस कोथिंबीर वड़ी, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाएंगे; नोट करें रेसिपी

यह भी पढ़ें- दाल और अरबी के पत्तों की जुगलबंदी है यूपी की स्पेशल 'सहिना' की सब्जी, स्वाद में एकदम लाजवाब; नोट करें रेसिपी