आटा या सूजी नहीं, इस रेसिपी से चुकंदर का हलवा करिए ट्राई; स्वाद और सेहत दोनों में है कमाल
इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें हम न तो आटे का इस्तेमाल करेंगे और न ही ...और पढ़ें

रेगुलर हलवे से हो गए हैं बोर, तो खाएं चुकंदर का हलवा (Image Source: AI-Generated)
HighLights
बिना आटा या सूजी के बनता है यह सेहतमंद हलवा
आयरन, फाइबर से भरपूर, खून की कमी करे दूर
मीठे की क्रेविंग के लिए परफेक्ट, बच्चों को भी आएगा पसंद
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। मीठा खाने का मन तो हम सबका करता है, लेकिन अक्सर वजन बढ़ने या अनहेल्दी होने की चिंता हमें रोक देती है। अगर आप भी कुछ मीठा और पूरी तरह से हेल्दी खाना चाहते हैं, तो 'चुकंदर का हलवा' आपके लिए एक परफेक्ट ऑप्शन है।
बता दें, चुकंदर आयरन, फाइबर और कई विटामिन्स से भरपूर होता है। यह शरीर में खून की कमी को दूर करता है और चेहरे पर एक प्राकृतिक चमक लाता है। अक्सर बच्चे सलाद या जूस के रूप में चुकंदर खाने से कतराते हैं, लेकिन यकीन मानिए, इस स्वादिष्ट हलवे को वे उंगलियां चाट-चाट कर खाएंगे।
चुकंदर का हलवा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- ताजे चुकंदर: 3 से 4 (अच्छेेंम से छिले और कद्दूकस किए हुए)
- फुल क्रीम दूध: 2 कप
- देसी घी: 2-3 बड़े चम्मच
- चीनी या गुड़: आधा कप (अपने स्वादानुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं)
- इलायची पाउडर: आधा चम्मच (बढ़िया खुशबू के लिए)
- ड्राई फ्रूट्स: बारीक कटे हुए काजू, बादाम, और किशमिश
चुकंदर का हलवा बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले गैस पर एक भारी तले वाली कड़ाही रखें और उसमें 2 बड़े चम्मच देसी घी गर्म करें। घी पिघलने पर इसमें कद्दूकस किया हुआ चुकंदर डाल दें। इसे मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए 5 से 7 मिनट तक भूनें। घी में भूनने से चुकंदर का कच्चापन दूर हो जाता है और खुशबू बहुत अच्छी आती है।
- जब चुकंदर थोड़ा नरम हो जाए और भुनने की महक आने लगे, तब इसमें फुल क्रीम दूध मिला दें। गैस की आंच को थोड़ा धीमा कर दें और इसे पकने दें। इसे बीच-बीच में चलाते रहें ताकि हलवा कड़ाही के तले पर चिपके नहीं। आपको इसे तब तक पकाना है जब तक कि सारा दूध सूख न जाए और चुकंदर दूध को अच्छी तरह सोख न ले।
- दूध पूरी तरह सूख जाने के बाद, इसमें अपनी पसंद के अनुसार चीनी या गुड़ डाल दें। ध्यान रहे, चीनी डालने के बाद हलवा थोड़ा सा पानी छोड़ेगा। इसे लगातार चलाते हुए तब तक और पकाएं जब तक कि पानी पूरी तरह से सूख न जाए और हलवा कड़ाही किनारे न छोड़ने लगे।
- जब हलवे में अच्छी चमक आ जाए, तो गैस बंद करने से 2 मिनट पहले इसमें इलायची पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिला दें। अगर आप चाहें तो ऊपर से एक चम्मच देसी घी और डाल सकते हैं, इससे हलवे का स्वाद दोगुना हो जाता है।
- लीजिए, आपका गरमा-गरम और पौष्टिक चुकंदर का हलवा बिल्कुल तैयार है। इसका खूबसूरत गहरा लाल रंग किसी का भी मन ललचाने के लिए काफी है।
यह भी पढ़ें- बाजार जैसा चटपटा 'समोसा चाट' खाने का कर रहा है मन? घर पर इस आसान रेसिपी से लाएं बिल्कुल ठेले वाला स्वाद
