दही वड़े से भी ज्यादा स्वादिष्ट हैं बुंदेलखंडी बरा, एक बार चखा तो बार-बार बनाएंगे; नोट करें रेसिपी
बुंदेलखंडी बरा शादी-त्योहारों में पसंद किया जाने वाला खास पारंपरिक व्यंजन है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आपने दही वड़ा जरूर ट्राई किए होंगे, पर कभी बुन्देलखंडी बरा का स्वाद चखा है? यकीन माने कि इस रेसिपी को एक बार बना लिया तो बार-बार बनाने का मन करेगा। बुन्देलखंडी बरा को ज्यादातर शादी-त्योहारों और गर्मियों के मौसम में बनाया जाता है।
बुंदेलखंडी बरा रेसिपी
बरा को उड़द की धुली हुई दाल, मट्ठे या पानी में भिगोकर बनाया जाता है, आइए जानते हैं इसकी स्पेशल रेसिपी:
सामग्री
3-4 कप उड़द की धुली हुई दाल
1/2 छोटा चम्मच हींग
1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च
1/4 चम्मच लाल मिर्च
जरूरत अनुसार तेल
1-2 लीटर छाछ या मट्ठा
2-3 चम्मच बारीक कटा धनिया
स्वादानुसार नमक
तड़के के लिए सामग्री
1 चम्मच राई
2-3 खड़ी हरी मिर्च
1-2 कढ़ी पत्ता
1 चम्मच तेल
विधि
बरा बनाने के लिए सबसे पहले उड़द दाल को 3-4 बार अच्छी तरह से धो लेना है।
इसे हाथ से रगड़कर छिलके उतार लें और कम से कम 5-6 घंटे तक भिगोकर रख दें, आप दाल रातभर भी भिगोकर रख सकते हैं।
अगले दिन भीगी हुई दाल का सारा पानी निकालकर मिक्सी में पीस लेना है। स्मूद पेस्ट के लिए इसमें थोड़ा पानी भी मिलाएं।
इस स्टेप में दाल निकालकर चम्मच से चलाते हुए तब तक फेंटना है, जब तक वो एकदम क्रीमी न लगे।
अब एक कटोरी में पानी लेकर उसमें दाल डालें। इसके बाद चेक करें कि दाल पानी के ऊपर तैरने लगी है या नहीं।
अगर तैरने लगे तो समझ जाएं कि बरा बनने के लिए दाल का मिश्रण तैयार है।
एक बर्तन में पानी हल्का सा गुनगुना कर लें। इसे एक कटोरी में डालकर साथ में नमक और 1/2 छोटा चम्मच हींग भी डालें।
कड़ाही में तलने के लिए जरूरत अनुसार तेल डालें।
इसके बाद हाथ पर पानी लगाएं और दाल को चपटा करें। फिर बीच में एक छेद करके बरा बनाकर तेल में सेंक लें।
एक-एक करके तले हुए बरा को हींग और नमक के पानी में डालते जाना है, जिससे वो फूल जाएं।
10 मिनट बाद पानी से सारे बरा निकालकर उसे निचोड़ें और अलग प्लेट में रख लें।
दूसरी तरफ बरा के लिए छाछ तैयार कर लें। इसमें नमक, लाल मिर्च, काली मिर्च और भुना हुआ जीरा डालें।
इसमें राई, कढ़ी पत्ता और हरी मिर्च को तेल में भूनकर तड़का लगाएं।
सबसे आखिर में पानी से निकाले गए बरा छाछ में डालें, आपके बुन्देलखंडी स्पेशल उड़द दाल के बरा तैयार हैं।
