रोज-रोज वही बेसन का चीला क्यों? नाश्ते में बनाएं पनीर-सब्जियों वाला स्टफ्ड ओट्स चीला, नोट करें रेसिपी
इस बार सुबह के नाश्ते में बेसन या मूंग दाल के बजाय फाइबर और प्रोटीन से भरपूर स्टफ्ड ओट्स चीला ट्राई करें।

स्टफ्ड ओट्स चीला रेसिपी (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आपने सुबह के नाश्ते में बेसन या मूंग दाल का चीला तो बहुत बार खाया होगा, इस बार स्टफ्ड ओट्स का चीला ट्राई करें। फाइबर और प्रोटीन से भरपूर यह नाश्ता आपको दिनभर एनर्जेटिक रखने में मदद करेगा। वहीं, यह चीला पोषक तत्वों से भरपूर होने के साथ ही पेट की सेहत का भी ख्याल रखता है, क्योंकि इसे पचाना भी आसान है।
स्टफ्ड ओट्स चीला रेसिपी
ओट्स से बना यह चीला सब्जियों और पनीर की स्टफिंग के साथ बनता है, आइए जानते हैं इसकी खास रेसिपी:
सामग्री
1 कप ओट्स
2 चम्मच बेसन या चावल का आटा
1-2 बारीक कटी हरी मिर्च
1 बड़ा चम्मच तेल
1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च (ऑप्शनल)
1 चुटकी हींग
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा धनिया
स्वादानुसार नमक
स्टफिंग के लिए सामग्री
1 चम्मच जीरा
2 चम्मच टुकड़ों में कटा पनीर
1/2 कप उबली हुई हरी मटर
1/2 उबला हुआ आलू
1 छोटा चम्मच बारीक कटी प्याज
1 छोटा चम्मच टमाटर
1 छोटा चम्मच उबली हुई बीन्स
1 चुटकी हींग
1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च
1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला या गरम मसाला
स्वादानुसार नमक
विधि
स्टफ्ड ओट्स चीला बनाने के लिए सबसे पहले स्टफिंग की तैयारी कर लें। इसके लिए एक पैन में 1 चम्मच तेल गर्म कर जीरा भूनें।
इसके बाद प्याज और टमाटर के साथ 1 चुटकी हींग, 1 छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च के साथ स्वादानुसार नमक डालकर 1 मिनट तक भून लेना है।
फिर इसमें 1/2 कप उबली हुई हरी मटर, 2 चम्मच टुकड़ों में कटा पनीर, 1/2 उबला हुआ आलू और 1 छोटा चम्मच उबली हुई बीन्स को अच्छे से मिक्स कर लेना है।
इसे एक बर्तन में निकालकर अलग ठंडा होने के रख दें।
अब एक बड़ा कटोरा लें, उसमें 2 चम्मच बेसन या चावल का आटा डालें।
इसके बाद ओट्स को मिक्सी में महीन पीस लें।
ओट्स को भी बेसन के मिश्रण में डालकर ऊपर से 1 चुटकी हींग, 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च, 1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला या गरम मसाला डालें।
इसमें सब्जियों की स्टफिंग डालें और अच्छे से मिक्स कर लें।
सबसे आखिर में थोड़ा सा नमक और पानी मिलाकर गाढ़ा बैटर तैयार कर लें।
एक नॉन स्टिक पैन पर हल्का तेल लगाकर चिकना करें और उसपर बैटर डालकर गोल आकार दें।
इसे दोनों तरफ से सेंक लेना है, तैयार है आपका ब्रेकफास्ट स्पेशल स्टफ्ड ओट्स चीला।
चीला हरी चटनी या सॉस के साथ नाश्ते में परोसें।
