उंगलियां चाटने पर मजबूर कर देगा महाराष्ट्रीयन स्टाइल टमाटर का ठेचा, अचार-सब्जी की भी नहीं पड़ेगी जरूरत
रोज की दाल-सब्जी से बोरियत होने पर महाराष्ट्रीयन टमाटर का ठेचा एक बेहतरीन विकल्प है।

एक बार ट्राई करें टमाटर का 'महाराष्ट्रीयन ठेचा' (Image Source: AI-Generated)
HighLights
महाराष्ट्रीयन टमाटर ठेचा बनाने की आसान विधि जानें
तीखा और चटपटा स्वाद, जो खाने को बनाएगा खास
अचार या सब्जी की जगह परोसें यह स्वादिष्ट ठेचा
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कभी-कभी रोज वही दाल-सब्जी खाकर बोरियत होने लगती है। ऐसे में कुछ तीखा और चटपटा खाने का मन करता है, जो खाने के स्वाद को दोगुना कर दे।
अगर आप भी खाने की थाली में कुछ मजेदार ढूंढ रहे हैं, तो 'महाराष्ट्रीयन टमाटर का ठेचा' आपके लिए एकदम सही ऑप्शन है। यह पारंपरिक डिश इतनी स्वादिष्ट और तीखी होती है कि इसके सामने आपको किसी अचार या महंगी सब्जी की भी जरूरत महसूस नहीं होगी। आइए जानते हैं इसे बनाने का सबसे आसान तरीका, जो सीधे आपके किचन में महाराष्ट्र के असली जायके को ले आएगा।
क्या-क्या सामग्री चाहिए?
- टमाटर: 3 से 4 (मोटे टुकड़ों में कटे हुए)
- हरी मिर्च: 5 से 6 (अपने तीखेपन के अनुसार कम-ज्यादा कर सकते हैं)
- लहसुन की कलियां: 10 से 12
- भुनी हुई मूंगफली: 2 बड़े चम्मच (दरदरी कुटी हुई)
- जीरा: 1 छोटा चम्मचच
- नमक: स्वादानुसार
- तेल: 1 से 2 बड़े चम्म
- बारीक कटा हरा धनिया: मुट्ठी भर
बनाने की बेहद आसान विधि
- सबसे पहले एक पैन या लोहे के तवे पर थोड़ा सा तेल गरम करें। इसमें जीरा, लहसुन की कलियां और साबुत हरी मिर्च डालकर मध्यम आंच पर भून लें। जब लहसुन पर हल्का सुनहरा रंग आ जाए और मिर्च पर सफेद दाग पड़ने लगें, तो इन्हें एक प्लेट में निकाल कर रख लें।
- अब उसी पैन में बचे हुए तेल में कटे हुए टमाटर डाल दें। टमाटर के ऊपर हल्का सा नमक छिड़क दें ताकि वे जल्दी गल जाएं। इन्हें तब तक पकाना है जब तक कि टमाटर का छिलका अलग ना होने लगे और वे बिल्कुल नरम ना हो जाएं। पकने के बाद गैस बंद कर दें।
- अब आता है सबसे जरूरी हिस्सा। ठेचे का असली स्वाद खलबत्ते में कूटने से आता है। अगर आपके पास ओखली है, तो भुने हुए लहसुन, हरी मिर्च और टमाटर को उसमें डालकर दरदरा कूट लें। अगर ओखली नहीं है, तो आप मिक्सी का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन ध्यान रहे कि इसे बारीक पेस्ट नहीं बनाना है, सिर्फ पल्स मोड पर 2-3 बार घुमाकर दरदरा ही रखना है।
- तैयार दरदरे मिश्रण को एक बाउल में निकाल लें। अब इसमें दरदरी कुटी हुई भुनी मूंगफली, बारीक कटा हरा धनिया और जरूरत हो तो थोड़ा और नमक मिला लें। मूंगफली से इस ठेचे में एक बहुत ही बढ़िया क्रंच आता है, जो इसके तीखेपन को बैलेंस करता है।
- आपका तीखा, चटपटा और मसालेदार टमाटर का ठेचा बिल्कुल तैयार है। इसे गरमागरम ज्वार की भाकरी, बाजरे की रोटी, या सादे दाल-चावल के साथ परोसें। यकीन मानिए, जो भी इसे खाएगा, वह बिना तारीफ किए नहीं रह पाएगा।
यह भी पढ़ें- स्वाद भी और सेहत भी: शाम की भूख मिटाने के लिए बनाएं क्रिस्पी 'हरा मूंग कटलेट', भूल जाएंगे समोसा-कचौड़ी
