दूसरों का लुक देखकर खरीदारी करने का दौर खत्म? अब महिलाएं अपना रही हैं नया फैशन मंत्र
फैशन में बदलाव होना स्वाभाविक है, लेकिन हर बदलाव के साथ अपनी पसंद बदलना जरूरी नहीं। फैशन के इस बदलते सोच, इसके मनोवैज्ञानिक पहलुओं और महिलाओं की पसंद में आ रहे बदलावों पर चर्चा कर रहे हैं एन नवराही

महिलाओं का नया फैशन मंत्र: ट्रेंड नहीं, अपनी पसंद है प्राथमिकता (Picture Credit- AI Generated)
HighLights
महिलाएं अब ट्रेंड नहीं, अपनी पसंद को दे रही प्राथमिकता
सोशल मीडिया के प्रभाव से फैशन थकान महसूस कर रही हैं
'जोमो' अपनाकर व्यक्तिगत शैली और सहजता पर जोर दे रही हैं
एन नवराही, नई दिल्ली। अलमारी में कपड़े कम नहीं हैं, फिर भी पहनने के लिए कुछ नया चाहिए। इंटरनेट मीडिया पर किसी का नया लुक दिखा नहीं कि वैसा ही कुछ खरीदने की इच्छा होने लगती है। कभी कोई रंग फैशन में है तो कभी कोई खास डिजाइन, लेकिन ग्रेटर नोएडा में रहने वाली खुशी भट्ट ने अब इस दौड़ में शामिल होना कम कर दिया है। वह कहती हैं कि पहले मैं ट्रेंड देखकर खरीदारी करती थी, लेकिन कई बार ऐसे कपड़े भी खरीद लिए जिन्हें बाद में पहनने का मौका ही नहीं मिला। इसलिए अब वही खरीदती हूं जो मुझे पसंद है और जिसे बार-बार पहनने में भी संकोच न हो।
नोएडा की ही गृहिणी कोमल सिंह का तरीका थोड़ा अलग है। वह नए कपड़े खरीदने के बजाय अपनी अलमारी में मौजूद कपड़ों के साथ प्रयोग करना पसंद करती हैं। कभी पुराने कुर्ते के साथ नई एक्सेसरी तो कभी किसी पुरानी साड़ी को नए अंदाज में पहनकर वह अपना लुक तैयार करती हैं। उनके लिए फैशन का मतलब हर बार कुछ नया खरीदना नहीं, बल्कि जो पहले से है, उसे अपने अंदाज में नया बना लेना है।
दिलचस्प यह है कि फैशन की दुनिया में विकल्प पहले से कहीं अधिक हैं, लेकिन इन्हीं विकल्पों के बीच अपनी पसंद तय करना भीक चुनौती बनता जा रहा है। हर दिन सामने आने वाले नए ट्रेंड, सेलिब्रिटी लुक और इन्फ्लुएंसर स्टाइल महिलाओं को लगातार कुछ नया आजमाने के लिए प्रेरित करते हैं। ऐसे में सवाल यह नहीं है कि फैशन में क्या नया आया है, बल्कि यह है कि क्या हर नया ट्रेंड हमारे लिए भी जरूरी है?
फैशन की रफ्तार और अपनी पसंद
फैशन अब केवल मौसम या सीजन के हिसाब से नहीं बदलता। इंटरनेट मीडिया ने इसे माइक्रोट्रेंड में बांट दिया है। कोई रंग, प्रिंट या ड्रेसिंग स्टाइल कुछ ही दिनों में लोकप्रिय हो जाता है और फिर उसकी जगह कोई दूसरा ट्रेंड ले लेता है। मैकिन्जी-बीओएफ की स्टेट आफ फैशन 2026 और पिंटरेस्ट प्रेडिक्ट्स 2026 जैसे अध्ययन इस बदलते फैशन परिदृश्य और व्यक्तिगत अभिव्यक्ति की अहमियत को समझने के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ देते हैं।
तेजी से बदलते इन ट्रेंड्स के बीच अपनी पसंद बनाए रखना भी एक तरह का चयन है। फैशन डिजाइनर रोजी आहलूवालिया मानती हैं कि महिलाएं अब केवल किसी स्टाइल के लोकप्रिय होने के कारण उसे अपनाने के बजाय अपने व्यक्तित्व, जीवनशैली, जरूरत और सहजता को भी महत्व दे रही हैं। खासकर कामकाजी और युवा महिलाओं के लिए ऐसे कपड़े अहम होते जा रहे हैं, जिन्हें अलग-अलग अवसरों पर पहना जा सके और जिनमें उनका अपना अंदाज भी नजर आए। पहनावे में अपनी पहचान बनाए रखने का मतलब एक ही तरह के कपड़े पहनना नहीं, बल्कि रंग, प्रिंट, एक्सेसरीज या स्टाइलिंग के जरिये अपनी पसंद जाहिर करना है। अपना सिग्नेचर स्टाइल विकसित करने की यह चाह महिलाओं को खरीदारी के प्रति भी अधिक सजग बना रही है। जब उन्हें अपनी पसंद के रंग, फिटिंग और पहनावे का अंदाज समझ आने लगता है तो अलमारी में ऐसे कपड़े शामिल करने की कोशिश होती है, जिन्हें वे बार-बार इस्तेमाल कर सकें। इससे फैशन केवल ट्रेंड अपनाने का नहीं, बल्कि अपनी पसंद को पहचानने का माध्यम बनता है।
प्रेरणा और नकल के बीच अंतर
इंटरनेट मीडिया से फैशन की प्रेरणा लेना आसान है, लेकिन लगातार दूसरों के लुक देखने से अपनी पसंद प्रभावित हो सकती है। मनोविज्ञानी निशा खन्ना के अनुसार, इंटरनेट मीडिया कई बार तुलना का माध्यम बन जाता है। दूसरों के कपड़े, लुक और जीवनशैली देखकर व्यक्ति को लग सकता है कि उसके पास मौजूद चीजें पर्याप्त नहीं हैं या उसे भी कुछ वैसा हासिल करना चाहिए। मनोविज्ञान में इसे सोशल कंपैरिजन थ्योरी यानी सामाजिक तुलना कहते हैं। इसमें अपवर्ड कंपैरिजन की स्थिति तब बनती है, जब व्यक्ति खुद की तुलना किसी ऐसे व्यक्ति से करता है जिसे वह अपने से बेहतर, आकर्षक या सफल मानता है।
इस तुलना के कारण कई बार खरीदारी अपनी जरूरत या पसंद के बजाय दूसरों जैसा दिखने की इच्छा से होने लगती है।
इंटरनेट मीडिया पर किसी खास लुक को देखकर उसे हूबहू अपनाने की चाह इसी का हिस्सा हो सकती है। वहीं, कुछ महिलाएं अपनी अलग और क्यूरेटेड फैशन पहचान बनाने के लिए भी नए ट्रेंड अपनाती हैं ताकि उनका अंदाज दूसरों से अलग दिखे। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि प्रेरणा लेना और बिना सोचे नकल करना एक जैसी बात नहीं है। रोजी के अनुसार, किसी ट्रेंड से प्रेरित होकर उसे अपने बजट, जरूरत, कम्फर्ट और पसंद के मुताबिक ढालना अधिक बेहतर है।
हर नया ट्रेंड दे सकता है थकान
हर दिन नए कपड़े, रंग, एक्सेसरीज और स्टाइल के विकल्प सामने आने से फैशन की दुनिया रोमांचक तो बनती है, लेकिन लगातार इस बदलाव के साथ बने रहने की कोशिश थकाने वाली भी हो सकती है। निशा खन्ना कहती हैं कि इसके पीछे सामाजिक स्वीकार्यता की इच्छा और दूसरों से पीछे छूट जाने का डर काम करता है। व्यक्ति को लग सकता है कि यदि उसने नया ट्रेंड नहीं अपनाया तो वह कम आकर्षक या कम अपडेटेड दिखाई देगा। ऐसे में कपड़े चुनने और खरीदने का आनंद धीरे-धीरे दबाव में बदल सकता है। बार-बार नए विकल्पों के बीच निर्णय लेना भी मानसिक थकान पैदा करता है। क्या खरीदें, कौन सा रंग लें, कौन सा स्टाइल बेहतर है और क्या अब पुराना हो चुका है, ऐसे सवाल व्यक्ति को फैशन फटीग यानी फैशन से ऊब या थकान की स्थिति में ले जा सकते हैं। यह वह दौर हो सकता है, जब व्यक्ति लगातार बदलते ट्रेंड से कुछ समय दूरी बनाना और अपनी पसंद के कपड़ों में लौटना चाहता है।
ट्रेंड छूटने का डर नहीं
फैशन के इस दबाव से बाहर निकलने के लिए इन दिनों जोमो यानी ‘जाय आफ मिसिंग आउट’ की अवधारणा चलन में है। इसका अर्थ किसी लोकप्रिय गतिविधि, अनुभव या चलन में शामिल न होने पर भी संतुष्ट रहना है। जहां फोमो यानी ‘फियर आफ मिसिंग आउट’ किसी चीज से वंचित रह जाने की चिंता पैदा करता है, वहीं जोमो उस चीज को छोड़ने की सहज स्वीकृति है। फैशन के संदर्भ में इसका अर्थ है कि कोई ड्रेस, रंग या स्टाइल लोकप्रिय हो रहा है, लेकिन उसे अपनाना जरूरी नहीं। निशा खन्ना के अनुसार, महिलाओं को यह समझने की जरूरत है कि किसी ट्रेंड को छोड़ देने से उनकी पहचान या सामाजिक स्वीकार्यता कम नहीं होती। फैशन को दबाव के बजाय आनंद और आत्म अभिव्यक्ति का माध्यम बनाए रखना जरूरी है। हर वायरल लुक को आजमाने के बजाय अपने लिए सहज और पसंदीदा पहनावा चुनना भी खुशी दे सकता है।
कम कपड़े, ज्यादा प्रयोग
अपनी पसंद के कपड़े पहनना केवल बाहरी रूप तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मस्वीकृति से भी जुड़ा है। जब महिलाएं दूसरों की अपेक्षाओं के बजाय अपनी सहजता और पसंद को महत्व देती हैं तो वे अपने व्यक्तित्व को अधिक स्वतंत्रता से व्यक्त कर पाती हैं। कपड़े कई बार व्यक्ति के मूड, पहचान और सोच को जाहिर करने का माध्यम बनते हैं। दूसरों की राय सुनना गलत नहीं, लेकिन अंतिम चयन अपनी पसंद और सहजता के आधार पर करना आत्मविश्वास को मजबूत करता है। रोजी आहलूवालिया के अनुसार, बदलते ट्रेंड्स के बीच ऊब चुकी अधिकतर महिलाएं अब अलमारी में मौजूद कपड़ों के साथ प्रयोग करके भी नए लुक तैयार कर रही हैं।
पुराने कुर्ते को अलग दुपट्टे, जैकेट या एक्सेसरी के साथ पहनना, साड़ी की नई ड्रेपिंग करना या कपड़ों को मिक्स एंड मैच करना वार्डरोब को अधिक उपयोगी बनाता है। यह स्लो फैशन के सोच से भी जुड़ता है, जिसमें गुणवत्ता, लंबे समय तक इस्तेमाल और सोच-समझकर खरीदारी को महत्व दिया जाता है। खरीदारी से पहले यह देखना उपयोगी है कि कपड़ा वास्तव में पसंद है या केवल किसी को देखकर उसे लेने की इच्छा हुई है। क्या उसे पहले से मौजूद कपड़ों के साथ पहना जा सकता है? क्या वह एक से अधिक अवसरों पर काम आएगा? अपनी पसंद के रंग, स्टाइल और जरूरत को पहचानने के साथ खरीदारी में जल्दबाजी से बचना भी जरूरी है।