पुरानी चूड़ियों से बनाएं नए-नवेले डिजाइनर कड़े, देखकर हर कोई पूछेगा कहां से खरीदे; ये स्टेप्स करें फॉलो
पुरानी चूड़ियों पर सिल्क थ्रेड, गोटा पट्टी, वेलवेट और घुंघरू का उपयोग करके आप घर पर ही आकर्षक कड़े बना सकते हैं।

पुरानी चूड़ियों से नए और स्टाइलिश कड़े बनाएं (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हम अक्सर अपने आउटफिट के मैचिंग की चूड़ियां खरीद तो लेते हैं, पर उसे एक दो बार पहनने के बाद समझ नहीं आता कि इनका करें क्या। अगर आपके भी वार्डरोब में ऐसी बहुत सी चूड़ियां रखी हुई पुरानी हो गईं हैं, तो आइए इनका दोबारा इस्तेमाल करने का तरीका जानते हैं।
बता दें कि इन पुरानी चूड़ियों से नए और स्टाइलिश कड़े बनाए जा सकते हैं, इसके लिए यहां बताए गए स्टेप्स फॉलो करें:
चूड़ियों को पहले इकट्ठा कर लें
कड़े बनाने के लिए आपको सबसे पहले पुरानी चूड़ियों को इकट्ठा कर लेना है और अगर इनमें धूल जमी हो तो उसे भी कपड़े से साफ कर लें। इसके बाद 3-4 एक ही साइज की चूड़ियों के 4 पेयर बना लें।
सिल्क थ्रेड का इस्तेमाल करें
3-4 एक ही साइज की चूड़ियों को एक साथ रखते हुए सुपर रेशम का धागा लेकर लपेटना शुरू करें। चूड़ियों के अच्छे से कवर होने के बाद धागे को आखिर में ग्लू से नीचे के हिस्से में चिपका दें। इससे एक मोटा बेस बनकर तैयार हो जाएगा। ऐसे ही आपको कुल 4 कड़े तैयार कर लेने है ताकि 2-2 कड़े का सेट बन जाए।
गोटा पट्टी से सजाएं
कड़ों को हर आउटफिट के साथ मैच करने के लिए सुनहरे या सिल्वर गोटा पट्टी का इस्तेमाल करें। इसके लिए चूड़ी पर लेस को पहले ग्लू से चिपका लें और उसके बाद तिरछा लपेटते जाना है। इस बात का ध्यान रखें कि इस दौरान गोटा पट्टी की दूरी एक समान होनी चाहिए, फिर उसके आखिरी हिस्से को भी अंदर की तरफ चिपका दें।
वेलवेट और स्टोन के कड़े
वेलवेट चूड़ियों के साथ रॉयल लुक के लिए वेलवेट स्टोन वाले कड़े बनाने के लिए पहले वेलवेट का कपड़ा 3-4 चूड़ी लेकर अच्छे से लपेट दें। बेस तैयार करने के बाद ग्लू की मदद से अपनी पसंद के स्टोन उसपर चिपकाएं।
घुंघरू वाले कड़े
शादी-पार्टी के लिए घुंघरू वाले कड़े बनाने हैं, तो इसके लिए रेशब के धागे या रंग-बिरंगी ऊन के साथ घुंघरू की जरूरत होगी। सबसे पहले 3-4 चूड़ी पर रेशम का धागा या पसंद की ऊन लपेटकर चिपका देनी है। उसके बाद सुई की मदद से छोटे-छोटे घुंघरू समान दूरी पर लगा दें। आप चाहे तो आखिर में इसे गोटा पट्टी से भी कवर कर सकते हैं।
