लिप बाम भी हो गया है फेल? फटे होंठों को मक्खन सा मुलायम बनाएंगे दादी-नानी के ये आसान देसी नुस्खे
मौसम बदलने के साथ होंठ फटना एक आम समस्या है, जिससे दर्द और खून भी आ सकता है। इस समस्या से निपटने के लिए कुछ घरेलू उपाय असरदार हैं।

रसोई में रखा है फटे होंठों का देसी इलाज (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। मौसम बदलने के साथ ही, होंठ फटना एक आम समस्या बन जाती है। हवा में नमी कम होने की वजह से होंठो की नाजुक त्वचा तुरंत ही ड्राई हो जाती है और फटने लगती है। ऐसे में मौसम में अगर होंठों की सही देखभाल न की जाए, तो वे रूखे हो जाते हैं।
कई बार समस्या इतनी बढ़ जाती है कि होंठों में दर्द और खून आना भी शुरू हो जाता है। इसलिए जरूरी है कि इस मौसम में लिप बाम के साथ आप कुछ घरेलू उपायों को भी आजमाकर देखें। ये नेचुरल उपाय आपके होंठों को सुरक्षित रखेंदे और बदलते मौसम में फटने से बचाएंगे। आइए जानें इन घरेलू उपचारों के बारे में।
होंठों को फटने से बचाएंगे ये उपाय
- शहद का कमाल- शहद एक नेचुरल ह्यूमेक्टेंट है, जो नमी को लॉक करता है। रात को सोने से पहले शुद्ध शहद की पतली परत होंठों पर लगाएं। इसमें मौजूद एंटीबैक्टीरियल गुण फटी त्वचा को जल्दी भरने में मदद करते हैं। सुबह उठकर गुनगुने पानी से वॉश करें।
- नारियल तेल- नारियल तेल होंठों को गहराई से मॉइश्चराइज करता है। दिन में 2-3 बार थोड़ा-सा नारियल तेल होंठों पर लगाएं। यह ड्राइनेस दूर करने के साथ-साथ होंठों को सॉफ्ट और हेल्दी बनाने में भी सहायक है।
- घी का जादू- देसी घी सदियों से होंठों की देखभाल में इस्तेमाल होता आ रहा है। रात को सोने से पहले घी की कुछ बूंदें होंठों पर लगाएं। यह फटी त्वचा को रिपेयर करता है और होंठों को प्राकृतिक चमक देता है।
- चीनी और शहद का स्क्रब- डेड सेल्स हटाने के लिए स्क्रब जरूरी है। आधा चम्मच चीनी में थोड़ा शहद मिलाएं और हल्के हाथों से होंठों पर 1-2 मिनट मसाज करें। हफ्ते में 1-2 बार करने से होंठ स्मूद और सॉफ्ट बनते हैं।
- एलोवेरा जेल- एलोवेरा में हीलिंग और कूलिंग गुण होते हैं। ताजा एलोवेरा जेल निकालकर होंठों पर लगाएं और 15 मिनट बाद धो लें। यह जलन, दर्द और सूखापन कम करता है।
- गुलाब जल और ग्लिसरीन- बराबर मात्रा में गुलाब जल और ग्लिसरीन मिलाएं और रात में इसे होंठों पर लगाकर सो जाएं। यह होंठों को नमी देता है और डार्कनेस कम करने में भी मदद करता है।
- दूध की मलाई- कच्चे दूध की मलाई होंठों के लिए नेचुरल मॉइश्चराइजर है। थोड़ी-सी मलाई होंठों पर लगाकर 10-15 मिनट छोड़ दें, फिर वॉश करें। इससे होंठ सॉफ्ट और हेल्दी बनते हैं।
एक्स्ट्रा टिप्स
- दिनभर पर्याप्त पानी पिएं।
- होंठों को बार-बार जीभ से न चाटें।
- बाहर जाते समय लिप बाम जरूर लगाएं।
इन आसान DIY उपायों को अपनाकर आप बिना किसी खर्च के अपने होंठों को सॉफ्ट, हेल्दी और खूबसूरत बना सकते हैं।
