हर स्किन पर एक जैसी नहीं होती ब्लीच, लगाने से पहले गांठ बांध लें ये जरूरी बातें; वरना बिगड़ सकता है चेहरा
चेहरे पर ब्लीच लगाने से पहले त्वचा को हाइड्रेट करना, स्किन टाइप के अनुसार ब्लीच चुनना और पैच टेस्ट करना जरूरी है।

ब्लीच करते समय इन बातों का रखें ध्यान (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कई महिलाएं चेहरे के बाल हटाने या रंगत एकसमान बनाने के लिए ब्लीच का इस्तेमाल करती हैं, लेकिन वो इसे लगाने का सही तरीका नहीं जानतीं। जबकि इसमें शामिल केमिकल्स त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
ऐसे में जरूरी है कि ब्लीच को स्किन पर अप्लाई करने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखा जाए, जिनके बारे में यहां बताया जा रहा है:
ब्लीच से पहले इन बातों का रखें ध्यान
ब्लीच लगाने से पहले हमेशा अपनी स्किन को अच्छे से हाइड्रेट करना चाहिए। उसमें भी अगर स्किन बहुत ज्यादा ड्राई रहती है तो सबसे पहले स्किन को मॉइश्चराइज करें और उसके बाद ही ब्लीच लगाएं। ऐसा न करने पर ब्लीच से त्वचा में जलन, खुजली और लालिमा तक आ सकती है। वहीं, पहले से त्वचा पर मुहांसे या दाने होने पर भी ब्लीच लगाने से बचा जाना चाहिए। इसके साथ ही ब्लीच आइब्रोज और पलकों पर भी नहीं लगाई जानी चाहिए।
स्किन टाइप के हिसाब से ब्लीच चुनें
ब्लीच हमेशा अपने स्किनटाइप के हिसाब से खरीदी जानी चाहिए और उसके ब्रैंड का भी ध्यान रखें। जब भी ब्लीच स्किन पर लगानी हो तो उससे कम से कम 24 घंटे पहले हाथ पर या कान के पीछे एक पैच टेस्ट करके देख लें। इन बातों को अनदेखा करने पर रैशेज, जलन या पिगमेंटेशन जैसी समस्या बढ़ सकती है।
आंखों के नीचे ब्लीच लगाने से पहले बरतें सावधानी
वैसे तो आंखों के नीचे ब्लीच लगाने से परहेज करना चाहिए क्योंकि यहां की त्वचा बहुत ही पतली और संवेदनशील होती है। इसकी वजह से सूजन के साथ लालिमा, जलन और गंभीर स्थिति में फफोले तक पड़ सकते हैं। इसके बजाय आंखों के नीचे की रंगत सुधारने के लिए खीरे, ठंडे टी-बैग्स और बाकी डार्क सर्कल से नुस्खे आजमाना असरदार और सुरक्षित विकल्प हो सकता है।
ब्लीच के बाद की प्रक्रिया
ब्लीच लगाने के बाद कम से कम 2 दिन तक धूप में जाने से बचने की सलाह दी जाती है। ऐसा इसलिए क्योंकि ब्लीच के तुरंत बाद अगर स्किन धूप के संपर्क में आती है तो उससे टैनिंग का खतरा रहता है। इसके साथ ही जलन और रैशेज जैसे दूसरे लक्षण भी देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में किसी इमरजेंसी में बाहर जाना भी पड़े तो चेहरे को कपड़े से ढककर जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- शैंपू में मिलाएं 'कलौंजी के तेल' की सिर्फ दो बूंदें! बालों की होगी दोगुनी ग्रोथ, हेयर फॉल भी होगा कम
यह भी पढ़ें- चेहरे के जिद्दी दाग-धब्बों और टैनिंग से चाहिए छुटकारा? ग्लोइंग स्किन के लिए इन तरीकों से लगाएं टमाटर का रस
Disclaimer: लेख में उल्लेखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो, तो हमेशा डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें।
