Hartalika Teej पर 10 मिनट में रचाएं ये शगुन वाले मेहंदी डिजाइन, बिना ज्यादा मेहनत के खूबसूरत दिखेंगे हाथ
पिया के नाम की शगुन वाली मेहंदी के बिना भला Hartalika Teej का सोलह शृंगार कैसे पूरा हो सकता है?

हरतालिका तीज के लिए आसानी से लगने वाले खूबसूरत मेहंदी डिजाइन (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हरतालिका तीज का त्योहार महिलाओं के लिए बेहद खास होता है, जो इस बार 14 सितंबर को मनाया जा रहा है। बता दें, सजने-संवरने, नई साड़ी पहनने और सोलह शृंगार करने का यह एक बेहद खूबसूरत मौका है।
खासतौर से, जब बात श्रृंगार की हो, तो हाथों में रची गहरी लाल मेहंदी के बिना सब अधूरा-सा लगता है। हालांकि, आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में, घर की तैयारियों और पूजा के कामों के बीच घंटों बैठकर मेहंदी लगवाना हर किसी के लिए मुमकिन नहीं होता।
अगर आपके पास भी समय की कमी है, तो बिल्कुल फिक्र मत कीजिए। आज हम आपके लिए कुछ ऐसे आसान मेहंदी डिजाइन (Hartalika Teej Mehndi Designs) लेकर आए हैं, जिन्हें आप सिर्फ 10 मिनट में खुद लगाकर शगुन पूरा कर सकती हैं।
हरतालिका तीज मेहंदी डिजाइन-1

(Image Source: AI-Generated)
यह डिजाइन कभी पुराना नहीं होता और शगुन के लिए इसे सबसे शुभ माना जाता है। बस अपनी हथेली के बिल्कुल बीचों-बीच एक प्यारा-सा गोल डिजाइन बनाएं। उसके चारों तरफ छोटी-छोटी पत्तियां या बारीक बिंदु सजा दें। इसके बाद अपनी उंगलियों के पोरों को मेहंदी से पूरा भर लें। यह ट्रेडिशनल डिजाइन बनाने में सबसे आसान है और रचने के बाद हाथों पर बहुत ही सुंदर और भरा-भरा लगता है।
हरतालिका तीज मेहंदी डिजाइन-2

(Image Source: AI-Generated)
अगर आपको कुछ जल्दी बनने वाला लेकिन थोड़ा स्टाइलिश डिजाइन चाहिए, तो अरेबिक बेल सबसे अच्छा ऑप्शन है। कलाई के एक कोने से शुरू करते हुए अपनी तर्जनी तक एक सुंदर-सी बेल बना लें। इस बेल में आप अपनी पसंद के छोटे फूल, पत्तियां और घुमावदार लाइनें बना सकती हैं। यह डिजाइन हाथों को एक मॉडर्न लुक देता है और इसे लगाने में 10 मिनट से भी कम समय लगता है।
हरतालिका तीज मेहंदी डिजाइन-3

(Image Source: AI-Generated)
आजकल जूलरी डिजाइन काफी ट्रेंड में है और यह कम समय वाली महिलाओं की पहली पसंद बन गया है। इसमें हाथों के पिछले हिस्से पर ऐसा डिजाइन बनाया जाता है, जैसे आपने कोई खूबसूरत-सी रिंग या हाथफूल पहना हो। बस कुछ सीधी लाइनों, डॉट्स, और उंगली पर एक छोटे से फूल की मदद से आप एक बेहद आकर्षक लुक पा सकती हैं। यह देखने में मेहनत वाला लगता है, लेकिन असल में बहुत जल्दी बन जाता है।
हरतालिका तीज मेहंदी डिजाइन-4

(Image Source: AI-Generated)
अगर आप अपनी हथेली को खाली रखना पसंद करती हैं या सच में आपके पास समय बिल्कुल नहीं है, तो सिर्फ उंगलियों पर मेहंदी लगाना एक बेहतरीन आइडिया है। इसमें आप अपनी सभी उंगलियों के पीछे वाले हिस्से पर छोटे-छोटे फूल, जाली या पत्तियों की बारीक लाइनें बना सकती हैं। यह स्टाइल आजकल की महिलाओं के बीच काफी चलन में है। यह देखने में बहुत ही मॉडर्न लगता है और सबसे अच्छी बात यह है कि इसे लगाने में 5 से 7 मिनट से ज्यादा का समय नहीं लगता।
हरतालिका तीज मेहंदी डिजाइन-5

(Image Source: AI-Generated)
तीज-त्योहारों के मौके पर कमल के फूल का डिजाइन बहुत ही शुभ और खास माना जाता है। आपको बस अपनी हथेली के बीचों-बीच या हाथ के पिछले हिस्से पर एक बड़ा-सा और प्यारा कमल का फूल बनाना है। इसके अंदर हल्की सी शेडिंग कर दें और फूल के बाहर की तरफ कुछ बिंदू या छोटी पत्तियां बना दें। क्योंकि यह डिजाइन जगह ज्यादा घेरता है, इसलिए आपका हाथ झटपट भरा हुआ और खूबसूरत लगने लगता है। बिना ज्यादा मेहनत और बारीकी के भी यह हाथों को एक परफेक्ट ट्रेडिशनल लुक देता है।
इन 5 में से आप अपनी पसंद के हिसाब से कोई भी मेहंदी डिजाइन चुन सकती हैं। सभी हरतालिका तीज के मौके पर आपके हाथों पर खूब जचेंगे।
यह भी पढ़ें- हरतालिका तीज पर अखंड सौभाग्य के लिए शिव-पार्वती को चढ़ाएं ये चीजें, वैवाहिक जीवन में आएगी सुख-शांति
यह भी पढ़ें- 14 सितंबर को हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी का दुर्लभ संयोग, कैसे रखें दोनों व्रत और कब करें पारण ?
