पश्चिमी सिंहभूम के टांकुरा गांव के पास हथिनी का शव मिलने से सनसनी, मौत के कारणों की जांच शुरू
पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी वन प्रक्षेत्र में एक जंगली हथिनी की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना ...और पढ़ें

हथिनी का शव मिलने से सनसनी
HighLights
नोवामुंडी वन प्रक्षेत्र में हथिनी की रहस्यमय मौत।
ग्रामीणों ने खेत में देखा हथिनी का शव।
वन विभाग ने मौत के कारणों की जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, नोवामुंडी। पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी वन प्रक्षेत्र अंतर्गत बड़ाजामदा सबविट के टांकुरा गांव के निकट मंगलवार देर रात एक जंगली हथिनी की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने हथिनी का शव खेत में पड़ा देखा।
ग्रामीणों की सूचना के बावजूद वन विभाग की टीम को घटनास्थल पहुंचने में करीब आठ घंटे लग गए। टीम जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
चार सदस्यीय टीम को घटनास्थल भेजा गया
हथिनी की मौत की सूचना मिलने के बाद ओडिशा के नालदा सेक्शन की वन विभाग की पांच सदस्यीय टीम भी बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घटनास्थल पहुंची। टीम ने ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली और वापस लौट गई। वहीं, नोवामुंडी वन विभाग की ओर से भी चार सदस्यीय टीम को घटनास्थल भेजा गया था।
ग्रामीणों के अनुसार, बा खदान के पास लांदुब गेना जंगल से सटे मन चूड़िया बुरमा के खेत में हथिनी का शव पड़ा था। बताया गया कि घटना से पहले करीब 20 जंगली हाथियों का झुंड जिकीलाता जंगल की ओर से होते हुए टांकुरा बुरमा टोला के जंगल के पास पहुंचा था। इस झुंड में तीन शिशु हाथी भी शामिल थे।
मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया
हाथियों के झुंड ने सबसे पहले इसराइल सुरेन, सुनिया सुरेन और गोमा सुरेन के खेतों में लगी धान की फसल को खाया और रौंदकर नुकसान पहुंचाया। इसके बाद झुंड के एक हथिनी की मौत की खबर सामने आई। फिलहाल हथिनी की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वन विभाग की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।