विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंपुआ-बाउंशुली रोड पर कार और बाइक की जोरदार टक्कर में झारखंड के दो युवकों की मौत, एक महिला घायल

Published: Sun, 28 Jun 2026 10:22 PM (IST)

ओडिशा के क्योंझर जिले में चंपुआ-बाउंशुली मुख्य मार्ग पर कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में झारखंड के दो युवकों की ...और पढ़ें

जैंतगढ़ में सड़क हादसे के बाद घटना स्‍थल पर जुटी भीड़।

जैंतगढ़ में सड़क हादसे के बाद घटना स्‍थल पर जुटी भीड़।

HighLights

  1. ओडिशा में कार-बाइक की सीधी भिड़ंत हुई।

  2. झारखंड के दो युवकों की मौके पर मौत।

  3. एक महिला घायल, पुलिस जांच में जुटी।

संवाद सूत्र, जैंतगढ़। ओडिशा के क्योंझर जिले के बरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चंपुआ-बाउंशुली मुख्य मार्ग पर रविवार को सड़क हादसा हो गया। गिधिबास गांव के समीप एक कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। 
 
इस हादसे में कार सवार एक महिला भी घायल हुई हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
 

झारखंड के रहने वाले थे दोनों मृतक, गांव में मातम 

हादसे का शिकार हुए दोनों युवक झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के रहने वाले थे। उनकी पहचान जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नरसिंहपुर गांव निवासी सालेश गोप और रमेश गोप के रूप में की गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन बदहवास हालत में चंपुआ अस्पताल पहुंचे और शवों की पहचान की। युवकों की अचानक मौत की खबर से अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। 
 
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे के बाद से नरसिंहपुर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
 

पुलिस ने वाहनों को जब्त कर शुरू की जांच 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बरिया थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और यातायात सुचारू कराया।

इसके बाद दोनों शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए चंपुआ अस्पताल भेज दिया गया। बरिया थाना पुलिस ने बताया क‍ि प्रारंभिक जांच में मामला तेज रफ्तार के कारण आमने-सामने की टक्कर का लग रहा है। 
 
दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- मीरजापुर में सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई कार, मध्य प्रदेश के पति-पत्नी की मौत और तीन घायल