विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनुआ शराब दुकान चोरी कांड का खुलासा, कार से आए 3 शातिर गिरफ्तार; 211 बोतल शराब और बोल्ट कटर बरामद

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:42 PM (IST)

पश्चिमी सिंहभूम के सोनुआ में शराब दुकान चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है और चोरी की गई शराब व अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। (जागरण)

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। (जागरण)

HighLights

  1. सोनुआ शराब दुकान चोरी का पुलिस ने किया खुलासा।

  2. तीन आरोपित गिरफ्तार, चोरी की शराब बरामद की गई।

  3. गिरफ्तार अपराधियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ में शराब दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

इनके पास से चोरी की गई शराब की 16 पेटी (192 बोतल) और 19 अतिरिक्त बोतलें बरामद हुई हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ओडिशा नंबर की कार, बोल्ट कटर, लोहे का सब्बल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपितों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।

गिरफ्तार आरोपितों में ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर निवासी अंजन दास (35), सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली निवासी मो. शाहिद (32) और पूर्वी सिंहभूम के बारीडीह निवासी तारकेश्वर शर्मा उर्फ आलोक (36) शामिल हैं।

अंजन दास पर गौ तस्करी और वाहन दुर्घटना में मौत से संबंधित मामले दर्ज हैं। मो. शाहिद के खिलाफ छिनतई, जबकि तारकेश्वर शर्मा के विरुद्ध जमशेदपुर और सरायकेला के विभिन्न थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं।

23 नवंबर को हुई थी घटना

पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे सोनुआ प्रखंड कार्यालय के सामने स्थित अनुज्ञप्तिधारी शराब दुकान का ताला तोड़कर चोर शराब और नकदी लेकर फरार हो गए थे।

मामले में सोनुआ थाना कांड संख्या 39/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर छापामारी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने ओडिशा नंबर की एक्सएल-6 कार (ओडी-11-डब्ल्यू-8036), बोल्ट कटर, लोहे का सब्बल, तीन मोबाइल फोन, सीसीटीवी फुटेज और चोरी की शराब जब्त की है। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सरायकेला, जमशेदपुर और ओडिशा के विभिन्न इलाकों में छापेमारी जारी है।

छापामारी दल में सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा, पुअनि इंद्रदेव रजक, तकनीकी शाखा के पुअनि धनंजय सिंह व अभय कुमार, एएसआई सिंघेश्वर यादव समेत सोनुआ थाना और जिला तकनीकी शाखा के जवान शामिल थे।

यह भी पढ़ें- फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए बदला चक्रधरपुर रेल मंडल का टाइम-टेबल; सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक खुलेंगे ऑफिस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।