विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए बदला चक्रधरपुर रेल मंडल का टाइम-टेबल; सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक खुलेंगे ऑफिस

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:33 PM (IST)

चक्रधरपुर में 30वें ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज 28 नवंबर से होगा, जिसके लिए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

डीआरएम तरुण हुरिया ने दी जानकारी। (जागरण)

डीआरएम तरुण हुरिया ने दी जानकारी। (जागरण) 

HighLights

  1. चक्रधरपुर में 30वां ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू।

  2. टूर्नामेंट के कारण रेल कार्यालयों का समय बदला गया।

  3. डे-नाइट मुकाबले, 14 टीमें लेंगी हिस्सा, फाइनल 11 दिसंबर को।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर में 30वें ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज 28 नवंबर से होगा। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा को देखते हुए इकबाल सिंह संधू स्टेडियम में विशेष व्यवस्था की जा रही है।

वहीं, प्रतियोगिता के आयोजन के मद्देनजर चक्रधरपुर रेल मंडल के कार्यालयों के कार्य समय में भी बदलाव किया गया है। अब निर्धारित अवधि में रेल कार्यालय सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक संचालित होंगे।

डीआरएम तरुण हुरिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 30 नवंबर से 4 दिसंबर और फिर 7 से 11 दिसंबर तक मंडल के कार्यालय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे।

इस संबंध में सभी शाखा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट चक्रधरपुर की खेल परंपरा और पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस वर्ष प्रतियोगिता अपने 50 वर्षों के गौरवशाली सफर का भी उत्सव मना रही है।

दूधिया रोशनी में होंगे डे-नाइट मुकाबले

इस बार प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण डे-नाइट मुकाबले होंगे। इसके लिए इकबाल सिंह संधू स्टेडियम में विशेष प्रकाश व्यवस्था की जा रही है।

मैदान में ऊंचे पोल पर शक्तिशाली हैलोजन लाइटें लगाई जा रही हैं, ताकि रात में भी खिलाड़ियों को बेहतर रोशनी मिले और दर्शक मुकाबलों का भरपूर आनंद उठा सकें। डीआरएम ने कहा कि दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

14 टीमें दिखाएंगी दमखम, 11 दिसंबर को फाइनल

प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से 14 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें कोरबा, ओडिशा, मणिपुर, लखनऊ, देहरादून, केरल, कश्मीर, हैदराबाद, कोलकाता और चक्रधरपुर की टीमें शामिल हैं। तीन बार की विजेता मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब, कोलकाता इस बार भी प्रमुख आकर्षण रहेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 नवंबर, 3, 5 और 8 दिसंबर को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। 6 और 9 दिसंबर को सेमीफाइनल होंगे। 10 दिसंबर को विश्राम दिवस रहेगा, जबकि 11 दिसंबर को फाइनल मुकाबले के साथ टूर्नामेंट का समापन होगा।

डीआरएम ने क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को टूर्नामेंट के स्वर्णिम सफर की बधाई देते हुए अधिक से अधिक संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, सीनियर डीईएन को-ऑर्डिनेशन आरपी मीणा, रेलवे स्पोर्ट्स ऑफिसर, आरपीएफ के डीएससी ए. नवीन प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- चक्रधरपुर रेल मंडल: चार महीने से अटकी सहायता राशि 72 घंटे में जारी, दिवंगत रेलकर्मी की पत्नी को मिली राहत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।