चक्रधरपुर रेल मंडल: चार महीने से अटकी सहायता राशि 72 घंटे में जारी, दिवंगत रेलकर्मी की पत्नी को मिली राहत
दैनिक जागरण की खबर के बाद चक्रधरपुर रेल मंडल ने चार महीने से लंबित 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिवंगत रेलवे इंस्टीट्यूट कर्मी बोम्मली चिन्ना राव की पत्नी को 72 घंटे में जारी की।

स्थायी नौकरी की उम्मीद के बीच बीमारी के कारण 22 अगस्त 2025 को उनका निधन हो गया था।
HighLights
दैनिक जागरण की खबर के बाद रेलवे ने दिखाई तत्परता।
चार महीने से लंबित 20 हजार की सहायता राशि जारी।
दिवंगत रेलकर्मी बोम्मली चिन्ना राव की पत्नी को मिली राहत।
जासं, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल में दैनिक जागरण की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। करीब चार महीने से लंबित दिवंगत रेलवे इंस्टीट्यूट कर्मी बोम्मली चिन्ना राव की पत्नी बी. ज्योति को आखिरकार 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल गई है।
खबर प्रकाशित होने के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्परता दिखाई और महज 72 घंटे के भीतर सोमवार शाम भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर महिला को सहायता राशि सौंप दी।
जानकारी के अनुसार, बोम्मली चिन्ना राव ने बंडामुंडा रेलवे इंस्टीट्यूट में धोबी के रूप में करीब 20 वर्षों तक अपनी सेवाएं दी थीं।
स्थायी नौकरी की उम्मीद के बीच बीमारी के कारण 22 अगस्त 2025 को उनका निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार गंभीर आर्थिक संकट से जूझने लगा।
परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए रेलवे इंस्टीट्यूट प्रबंधन समिति ने उनकी पत्नी बी. ज्योति को 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया था।
हालांकि, रेलवे खाते से 10 हजार रुपये से अधिक की राशि निकासी के लिए डीआरएम की अनुमति अनिवार्य होने के कारण यह भुगतान करीब चार महीने तक अटका रहा।
इस संबंध में स्वीकृति के लिए पत्र भी भेजा गया था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने से महिला को राशि नहीं मिल पा रही थी।
दैनिक जागरण ने इस मानवीय मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर छपने के 72 घंटे के भीतर रेलवे प्रशासन हरकत में आया और लंबित प्रक्रिया को पूरा कराया।
सोमवार शाम बंडामुंडा रेलवे इंस्टीट्यूट प्रबंधन की ओर से उपाध्यक्ष जे.के. पात्र ने बी. ज्योति को 20 हजार रुपये की राशि सौंपी।
सहायता मिलने पर बी. ज्योति ने प्रबंधन और दैनिक जागरण का आभार जताया। उनके लिए यह राशि केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि पति की दो दशक की सेवा के सम्मान का प्रतीक है।