विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एशिया के प्रसिद्ध सारंडा जंगल में 17 दिनों से DFO की कुर्सी खाली, अवैध कटाई और हाथियों की सुरक्षा पर संकट

Published: Fri, 27 Nov 2026 11:41 AM (IST)

एशिया के प्रसिद्ध सारंडा वन प्रमंडल में 17 दिनों से डीएफओ का पद रिक्त है, जिससे वन सुरक्षा, अवैध कटाई पर रोक और हाथियों की सुरक्षा पर संकट गहरा गया है। कर्मचारियों की कमी और नेतृत्व के अभाव में महत्वपूर्ण योजनाओं का क्रियान्वयन और मानव-हाथी संघर्ष का प्रबंधन प्रभावित हो रहा है।

अवैध कटाई और हाथियों की सुरक्षा पर संकट (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

अवैध कटाई और हाथियों की सुरक्षा पर संकट (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. सारंडा में 17 दिनों से डीएफओ का पद रिक्त।

  2. अवैध कटाई, वन सुरक्षा और हाथी संरक्षण पर संकट।

  3. योजनाओं का क्रियान्वयन और प्रबंधन भी प्रभावित हो रहा।

जागरण संवाददाता, चाईबासा। एशिया के प्रसिद्ध साल वनों में शामिल सारंडा वन प्रमंडल में पिछले 17 दिनों से डीएफओ का पद रिक्त है। राज्य सरकार ने 10 नवंबर को 39 भारतीय वन सेवा (आइएफएस) अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की थी। 

इसमें सारंडा के डीएफओ अविरूप सिन्हा का स्थानांतरण लातेहार कर दिया गया था, लेकिन उनके स्थान पर अब तक किसी नए अधिकारी की पदस्थापना नहीं की गई है। इससे सारंडा जैसे महत्वपूर्ण वन क्षेत्र में वन सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। 

पदस्थापना नहीं होने से असमंजस की स्थिति

गौरतलब है कि पड़ोसी चाईबासा और पोड़ाहाट वन प्रमंडलों में नए डीएफओ की नियुक्ति हो चुकी है, लेकिन सारंडा में अब तक पदस्थापना नहीं होने से असमंजस की स्थिति बनी हुई है। यह वन प्रमंडल पहले से ही कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रहा है। 

स्थिति यह है कि एक-एक वन क्षेत्र पदाधिकारी को 15-16 रेंज का प्रभार है संभालना पड़ रहा है। ऐसे में नियमित वन गश्ती, अवैध कटाई पर रोक और वन संपदा की निगरानी बड़ी चुनौती बनी हुई है। 

योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी असर पड़ने की आशंका

स्थायी डीएफओ नहीं होने से इन कार्यों की समीक्षा और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी असर पड़ने की आशंका है। सारंडा हाथियों के महत्वपूर्ण गलियारे के रूप में भी जाना जाता है। क्षेत्र में आइईडी धमाकों से हाथियों के घायल होने की घटनाओं को देखते हुए आनंदपुर और नोवामुंडी में रेस्क्यू सेंटर बनाए जा रहे हैं। 

इन केंद्रों के निर्माण, निगरानी और संचालन के साथ मानव-हाथी संघर्ष रोकने की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय नेतृत्व जरूरी है। डीएफओ का पद रिक्त रहने से इन कार्यों के समन्वय और निगरानी पर असर पड़ सकता है। 

वन्यजीव अभयारण्य घोषित करने का मामला

वहीं, सारंडा के 31,468 हेक्टेयर क्षेत्र को सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार वन्यजीव अभयारण्य घोषित करने का मामला भी महत्वपूर्ण है। इसके लिए जरूरी विभागीय प्रक्रिया, वन्यजीव संरक्षण की कार्ययोजना और खनन गतिविधियों पर नियंत्रण जैसे विषयों पर ठोस निर्णय लेने की आवश्यकता है। 

सारंडा में खनन और वन संरक्षण के बीच संतुलन बनाना बड़ी चुनौती है। ऐसे में कर्मचारियों की कमी के साथ डीएफओ का पद रिक्त रहना वन विभाग की कार्यप्रणाली के लिए अतिरिक्त चुनौती बन गया है। अब निगाहें राज्य सरकार पर टिकी हैं कि सारंडा जैसे संवेदनशील वन क्षेत्र में स्थायी डीएफओ की नियुक्ति कब तक की जाती है।

यह भी पढ़ें- स्कूटी पर भालू का शव ले जाने के मामले में सनसनीखेज खुलासा: इमली के पेड़ के नीचे मिले बाल और धारदार हथियार, जांच तेज


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।