विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्कूटी पर भालू का शव ले जाने के मामले में सनसनीखेज खुलासा: इमली के पेड़ के नीचे मिले बाल और धारदार हथियार, जांच तेज

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:24 PM (GMT+05:30)

पश्चिमी सिंहभूम में स्कूटी पर भालू का शव ले जाने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है, जिसमें उसके मांस को काटकर खाने की आशंका जताई जा रही है। 

वन विभाग ने पाटाजैंत में इमली के पेड़ के नीचे भालू के बाल और धारदार हथियार मिलने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

वन विभाग ने पाटाजैंत में इमली के पेड़ के नीचे भालू के बाल और धारदार हथियार मिलने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

HighLights

  1. भालू के शव को स्कूटी पर ले जाने का मामला।

  2. मांस काटकर खाने की आशंका, धारदार हथियार बरामद।

  3. वन विभाग ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

जासं, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जैंतगढ़-छनपदा मार्ग के पास खेत में मृत मिले भालू के शव को स्कूटी पर ले जाने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। 
 
आशंका जताई जा रही है कि भालू को ले जाने के बाद उसका मांस काटकर खाया गया। इस मामले में वन विभाग ने पाटाजैंत के अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
 
जांच के दौरान वन विभाग की टीम को पाटाजैंत में इमली के पेड़ के नीचे भालू के बाल और मांस काटने में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार मिला है। 
 
घटनास्थल पर मांस के छोटे-छोटे टुकड़े किए जाने के साक्ष्य भी पाए गए हैं। विभाग ने बरामद धारदार हथियार और भालू के बाल को जांच का प्रमुख आधार बनाया है।
 
गौरतलब है कि 12 नवंबर को यह खबर सामने आई थी कि जैंतगढ़ और छनपदा गांव के बीच एनएच-75 जैंतगढ़-चाईबासा मुख्य मार्ग के समीप एक खेत में भालू का शव मिला था। 
 
इंटरनेट मीडिया पर फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक शव वहां से गायब हो चुका था।
 
उस समय खेत की मालकिन महिला किसान सुभाषिनी नायक ने बताया था कि सुबह करीब आठ बजे धान काटने के दौरान उन्होंने खेत में भालू का शव देखा था। 
 
खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी और कई लोगों ने फोटो-वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर साझा किए थे। महिला के मुताबिक, भीड़ कम होने के बाद एक युवक भालू के शव को स्कूटी पर लादकर छनपदा की ओर ले गया था। 
 
उस दौरान कुछ लोगों द्वारा मृत भालू के बाल नोचने और नाखून निकालने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई थी।
 
अब पाटाजैंत स्थित इमली के पेड़ के नीचे भालू को काटे जाने के सबूत मिलने के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है।
 
वन विभाग के अधिकारियों की टीम आरोपितों की पहचान करने और इस घटना में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।