12वीं पास युवाओं के लिए रेलवे में सीनियर इंजीनियर बनने का मौका, सरकार उठाएगी पढ़ाई और हॉस्टल का खर्च
रेलवे बोर्ड ने 12वीं पास युवाओं के लिए सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) बनने हेतु टेक्निकल एंट्री स्कीम (टीईएस) शुरू की है।

भारतीय रेलवे की नौकरी। ग्राफिक्स जागरण
HighLights
12वीं पास युवाओं को रेलवे में इंजीनियर बनने का अवसर।
गति शक्ति विश्वविद्यालय में मुफ्त इंजीनियरिंग कोर्स और प्रशिक्षण।
कोर्स के बाद सीनियर सेक्शन इंजीनियर पद पर सीधी नियुक्ति।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। रेलवे में इंजीनियर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए रेलवे बोर्ड ने नई राह खोली है। अब 12वीं के बाद ही सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) बनने का मौका मिलेगा।
इसके लिए रेलवे बोर्ड ने टेक्निकल एंट्री स्कीम (TES) शुरू की है। योजना के तहत चयनित युवाओं को गति शक्ति विश्वविद्यालय में चार साल का विशेष इंजीनियरिंग कोर्स कराया जाएगा। फीस और हॉस्टल का पूरा खर्च रेलवे उठाएगा।
पढ़ाई और 12 महीने का अनिवार्य प्रशिक्षण पूरा करने पर पे लेवल-7 में एसएसई के पद पर नियुक्ति मिलेगी।
रेलवे बोर्ड के निदेशक स्थापना यूके तिवारी ने शुक्रवार को दक्षिण पूर्व रेलवे समेत सभी 17 जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को इस संबंध में आदेश जारी किया है।
योजना सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के लिए लागू होगी। हर साल एसएसई की कुल रिक्तियों के पांच प्रतिशत या विश्वविद्यालय की क्षमता के अनुसार सीटें भरी जाएंगी।
एडमिशन की शर्तें
प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की आयु एक जुलाई को 17 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। 12वीं में भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित विषयों के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। चयन जेईई मेन रैंक के आधार पर होगा।
शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को 100 प्रश्नों की कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) परीक्षा देनी होगी। दो घंटे की परीक्षा में जनरल एप्टीट्यूड के 60 और विज्ञान एवं गणित के 40 प्रश्न होंगे।
तीन गलत उत्तर पर एक अंक कटेगा। सीईटी मेरिट के आधार पर गति शक्ति विश्वविद्यालय में दाखिला मिलेगा। कोर्स पूरा करने के बाद 12 महीने की रेलवे ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसके दौरान स्टाइपेंड मिलेगा।
नियुक्ति से पहले ए-3 मेडिकल जांच और बॉन्ड की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सफल अभ्यर्थियों को एसएसई पद पर नियुक्ति के बाद दो साल प्रोबेशन पर रखा जाएगा। रेलवे बोर्ड का उद्देश्य इस योजना से कम उम्र में ही तकनीकी रूप से दक्ष इंजीनियर तैयार करना है।