विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रसीद मिली, स्कूटी नहीं; जमशेदपुर में पार्सल बुक कर पछता रही महिला, रेलवे नहीं दे रहा जवाब 

Published: Sun, 22 Nov 2026 05:51 PM (IST)

चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत टाटानगर से रायपुर के लिए पार्सल की गई एक महिला की स्कूटी रास्ते से गायब हो गई, जिससे रेलवे की लापरवाही उजागर हुई है।  

पार्सल बुकिंग की रसीद। फोटो जागरण

पार्सल बुकिंग की रसीद। फोटो जागरण

HighLights

  1. टाटानगर से रायपुर के लिए पार्सल की गई स्कूटी गायब।

  2. बुकिंग रसीद होने पर भी रेलवे अधिकारी बेखबर।

  3. महिला को मानसिक, आर्थिक और शारीरिक परेशानी का सामना।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। रेलवे की पार्सल व्यवस्था की लापरवाही का एक मामला सामने आया है। चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले टाटानगर से रायपुर के लिए पार्सल बुक कराई गई एक महिला की स्कूटी रास्ते से ही गायब हो गई।

हैरानी की बात यह है कि ट्रेन रायपुर पहुंची और वापस टाटानगर भी लौट आई, लेकिन स्कूटी का कोई सुराग नहीं मिला। बुकिंग रसीद होने के बावजूद रेलवे अधिकारी और कर्मचारी यह बताने में असमर्थ हैं कि स्कूटी आखिर कहां गई।

रेलवे ने रसीद दी, स्कूटी नहीं 

जानकारी के अनुसार, सोनम कुमारी ने 19 नवंबर को ट्रेन संख्या 18109 टाटा-इतवारी एक्सप्रेस से टाटानगर से रायपुर के लिए अपनी स्कूटी पार्सल कराई थी। रेलवे ने इसकी बाकायदा बुकिंग रसीद भी जारी की थी।

नियमानुसार स्कूटी को रायपुर स्टेशन पर उतारा जाना था, लेकिन ट्रेन के रायपुर पहुंचने पर स्कूटी नहीं मिली। इसके बाद ट्रेन आगे रवाना हो गई।

महिला को उम्मीद थी कि वापसी में स्कूटी रायपुर में उतार दी जाएगी, लेकिन इस बार भी उन्हें निराशा हाथ लगी। मामला तब और उलझ गया, जब ट्रेन टाटानगर वापस पहुंची। वहां भी जांच के दौरान स्कूटी का कोई पता नहीं चला।

स्कूटी के लिए महिला परेशान 

यहां तक कि महिला को यह आशंका जताई गई कि संभव है स्कूटी टाटानगर से ट्रेन में लोड ही नहीं की गई हो। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब स्कूटी ट्रेन में लोड नहीं हुई तो उसकी बुकिंग कैसे कर दी गई और यदि लोड हुई थी तो रास्ते में कहां गायब हो गई?

सोनम कुमारी के अनुसार, वह लगातार रायपुर स्टेशन के चक्कर लगा रही हैं और रेलवे अधिकारियों व कर्मचारियों से जानकारी मांग रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपनी शिकायत साझा की है, लेकिन अब तक उन्हें कोई ठोस जवाब नहीं मिला है।

महिला का कहना है कि रेलवे पर भरोसा कर उन्होंने स्कूटी पार्सल कराई थी, लेकिन अब उन्हें मानसिक, आर्थिक और शारीरिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

रलेवे ने की बुकिंग की पुष्टि

इधर, चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी ने भी एक्स पर स्कूटी की 19 नवंबर को हुई बुकिंग की पुष्टि की है।

वहीं, रायपुर रेल मंडल की ओर से महिला से बुकिंग संबंधी विवरण मांगा जा रहा है। इसके बावजूद स्कूटी का पता नहीं चल पाया है। रेलवे की इस लापरवाही ने पार्सल बुकिंग और सामान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें- चर्लपल्ली स्पेशल बरौनी की जगह दरभंगा से, साहिबगंज में चार घंटे का ब्लॉक; हावड़ा-जमालपुर सहित कई ट्रेनों के समय में बदलाव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।