समरसता एक्सप्रेस में लाश मिलने से हड़कंप, टॉयलेट में फंदे से लटका मिला यात्री
चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर मुंबई-शालीमार समरसता एक्सप्रेस के शौचालय में एक यात्री का शव फंदे से लटका मिला, जिससे हड़कंप मच गया।

लाश मिलने के बाद चक्रधरपुर स्टेशन में हड़कंप। फोटो जागरण
HighLights
समरसता एक्सप्रेस के टॉयलेट में मिला यात्री का शव।
चक्रधरपुर स्टेशन पर यात्री की मौत से सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को मुंबई–शालीमार समरसता एक्सप्रेस के स्लीपर कोच के टॉयलेट में एक यात्री का शव मिलने से सनसनी फैल गई। यात्री का शव गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 12151 के स्लीपर कोच संख्या एस-7 के टॉयलेट का दरवाजा काफी देर से बंद था। टॉयलेट का इस्तेमाल करने के लिए परेशान यात्रियों ने जब दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद यात्रियों ने अंदर झांककर देखा, जहां एक व्यक्ति दिखाई दिया। अनहोनी की आशंका पर यात्रियों ने ट्रेन में मौजूद टीटीई को सूचना दी। टीटीई से जानकारी मिलने के बाद रेल मंडल के कंट्रोल रूम ने संबंधित विभागों को अलर्ट किया।
शनिवार की सुबह करीबन साढ़े सात बजे समरसता एक्सप्रेस
चक्रधरपुर स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने टॉयलेट का दरवाजा खुलवाया। अंदर एक व्यक्ति गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। स्टेशन मास्टर और अन्य रेलकर्मियों की मदद से शव को नीचे उतारकर प्लेटफॉर्म संख्या-दो पर रखा गया।
रेलवे अस्पताल से पहुंचीं चिकित्सक डॉ. रश्मि ने जांच के बाद यात्री को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यात्री अकेले सफर कर रहा था। वह किस स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था और उसे कहां जाना था, इसकी जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है।
मौत की परिस्थितियों की जांच
बंद टॉयलेट में शव मिलने से यात्रियों के बीच दहशत फैल गई। पुलिस मृतक की पहचान करने और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
मौत आत्महत्या के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- पश्चिमी सिंहभूम में बालू की अवैध ढुलाई को लेकर 2 गुटों में तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा
यह भी पढ़ें- गढ़वा में दशहरा पर बदला ट्रैफिक रूट, 16 से 21 अक्टूबर तक शहर में गाड़ियों की एंट्री पर रोक
