पश्चिमी सिंहभूम में बालू की अवैध ढुलाई को लेकर 2 गुटों में तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा
पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी में अवैध बालू ढुलाई को लेकर दो गुटों में तनाव हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया।
-1792214583432_m.webp)
बालू की अवैध ढुलाई को लेकर विवाद। फोटो जागरण
HighLights
अवैध बालू ढुलाई पर कुमारडुंगी में दो गुटों में तनाव।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया।
स्थानीय कारोबारी बाहरी बालू आपूर्ति का कर रहे हैं विरोध।
संवाद सूत्र, कुमारडुंगी। पश्चिमी सिंहभूम जिले में नदियों से अवैध बालू उठाव और ढुलाई का कारोबार बेरोकटोक जारी है।
शुक्रवार की रात मंझारी थाना क्षेत्र से बालू लेकर कुमारडुंगी पहुंच रहे दर्जनों ट्रैक्टरों को कुदाहातु चौक पर रोकने के बाद दो गुटों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलने पर कुमारडुंगी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
बताया जाता है कि मंझारी थाना क्षेत्र से बालू लदे ट्रैक्टर रात के अंधेरे में कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में बालू की आपूर्ति करने पहुंच रहे थे।
इसकी जानकारी मिलने पर कुमारडुंगी क्षेत्र के बालू कारोबारियों ने कुदाहातु चौक पर ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने लगा।
स्थिति गंभीर होने पर स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों गुटों को शांत कराया और उन्हें घर भेज दिया।
अपने क्षेत्र में बाहरी ट्रैक्टरों की आपूर्ति का विरोध
कुमारडुंगी क्षेत्र के बालू कारोबारियों का कहना है कि वे अपने क्षेत्र में मंझारी से आने वाले ट्रैक्टरों के जरिये बालू की आपूर्ति नहीं होने देंगे। उनका तर्क है कि बाहरी क्षेत्र से बालू आने पर स्थानीय कारोबार प्रभावित होगा।
उनका कहना है कि कुमारडुंगी क्षेत्र में जहां भी बालू की आवश्यकता होगी, वहां स्थानीय कारोबारियों के माध्यम से ही इसकी आपूर्ति की जाएगी। हालांकि, इस विवाद के पीछे अवैध बालू कारोबार पर नियंत्रण को लेकर प्रतिस्पर्धा की बात भी सामने आ रही है।
थाना और अंचल कार्यालय के सामने से गुजरते हैं ट्रैक्टर
स्थानीय स्तर पर आरोप है कि मंझारी थाना क्षेत्र से प्रतिदिन दर्जनों ट्रैक्टर बालू लेकर कुमारडुंगी पहुंचते हैं। इनमें कुछ ट्रैक्टर बाईहातु होकर, जबकि अधिकतर थाना और अंचल कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने से गुजरते हैं।
इसके बावजूद अवैध ढुलाई पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान होने की आशंका है।
चार से साढ़े चार हजार रुपये में बिक रही एक ट्रॉली बालू
कुमारडुंगी क्षेत्र में बालू की कीमत भी आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। आरोप है कि बालू कारोबारी एक ट्रॉली के चार से साढ़े चार हजार रुपये तक वसूल रहे हैं। इससे घर बनाने वाले लोगों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुमारडुंगी की आमड़ा और धानसारी नदियों से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में बालू का अवैध उठाव किया जाता है। दिन में छापेमारी की आशंका के कारण कुछ कारोबारी बालू उठाकर अपने घरों में जमा कर लेते हैं और रात होते ही उसकी ढुलाई शुरू कर देते हैं।
कुछ ट्रैक्टर रात में ही नदी से बालू उठाते हैं। आरोप है कि कार्रवाई से बचने के लिए कारोबारी ट्रैक्टरों के आगे चलकर निगरानी करते हैं, जबकि नदी के आसपास के चौक-चौराहों पर भी नजर रखी जाती है।
बताया जाता है कि मझगांव, मंझारी और तांतनगर थाना क्षेत्रों में भी बालू के अवैध कारोबार की शिकायतें मिल रही हैं।
दो दिन पहले कुमारडुंगी थाना क्षेत्र की आमड़ा नदी से अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था।
इसके बावजूद अवैध उठाव और ढुलाई पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। अब देखना है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
यह भी पढ़ें- रामगढ़ में नवरात्र की अनोखी साधना, कांटों की सेज पर लेटीं रूपा देवी; सीने पर कलश रख नौ दिनों की तपस्या
यह भी पढ़ें- पलामू की बदलेगी तस्वीर, पार्किंग के साथ बनेगा तीन मंजिला मार्केट कॉम्प्लेक्स; निगम बोर्ड की मंजूरी
