विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलामू की बदलेगी तस्वीर, पार्किंग के साथ बनेगा तीन मंजिला मार्केट कॉम्प्लेक्स; निगम बोर्ड की मंजूरी

Published: Sat, 17 Oct 2026 09:55 AM (IST)

मेदिनीनगर के छहमुहान में तीन मंजिला मार्केट कॉम्प्लेक्स बनेगा, जिससे पार्किंग और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। नगर निगम की ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. छहमुहान में तीन मंजिला मार्केट कॉम्प्लेक्स और पार्किंग सुविधा।

  2. स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर सड़कों का नामकरण होगा।

संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र छहमुहान की तस्वीर बदलने की तैयारी है। यहां नगर निगम की जमीन पर पार्किंग सुविधा से युक्त तीन मंजिला मार्केट काम्प्लेक्स बनाया जाएगा। इससे एक ओर व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

वहीं दूसरी ओर पार्किंग की सुविधा मिलने से शहर की यातायात व्यवस्था को भी राहत मिल सकती है। शुक्रवार को नगर निगम बोर्ड की बैठक में इस महत्वाकांक्षी योजना को स्वीकृति दी गई। काली मंदिर के निकट निगम की जमीन पर भी मार्केट काम्प्लेक्स निर्माण की योजना को मंजूरी दी गई।

निगम सभागार में हुई बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी। स्वतंत्रता सेनानी यदुवंश सहाय और अमीय कुमारी घोष की प्रतिमा स्थापित करने के साथ उनके सम्मान में सार्वजनिक स्थलों का नामकरण करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

इसके अलावा गुरुद्वारा रोड का नाम वेद प्रकाश पथ, गुरुद्वारा के पीछे की सड़क का नाम नंदकिशोर प्रसाद वर्मा पथ और रेड़मा स्थित रांची रोड का नाम महावीर प्रसाद रोड करने का प्रस्ताव भी रखा गया। बैठक में डिप्टी मेयर मनोज सिंह, नगर आयुक्त रंजीत कुमार लाल, अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार, सहायक नगर आयुक्त प्रमोद उरांव, नाजिर संतोष कुमार, प्रधान सहायक धीरज प्रसाद सहित सभी वार्ड पार्षद उपस्थित थे।

व्यवस्था पर पार्षदों का फूटा गुस्सा

शहर के विकास की योजनाओं के बीच वार्डों में सफाई व्यवस्था का मुद्दा बैठक में गरमाया रहा। पार्षदों ने आरोप लगाया कि उनके वार्डों में नियमित सफाई नहीं हो रही है। इस पर मेयर अरुणा शंकर ने बताया कि सफाई की जिम्मेदारी एनजीओ को दी गई है। सभी वार्ड पार्षदों से समन्वय बनाकर सफाई कराने का निर्देश दिया गया है। लापरवाही मिलने पर संबंधित एनजीओ से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

आवास से लेकर रोशनी तक विकास की तैयारी

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 900 लाभुकों को स्वीकृति दी गई है। इनमें 700 लाभुकों के साथ एग्रीमेंट पूरा हो चुका है, जबकि शेष 200 के एग्रीमेंट की प्रक्रिया जारी है। वार्डों में मूलभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं के चयन के लिए टीम गठित की गई है।

निगम क्षेत्र में 600 नई स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं और 700 लाइटों की मरम्मत कराई गई है। इसके अलावा 1,400 नई लाइटें लगाने की दिशा में काम चल रहा है। 

यह भी पढ़ें- पलामू की बेटी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिला मौका, कोलंबो में पेश करेंगी झारखंड का डेयरी मॉडल

यह भी पढ़ें- दशहरा से पहले पलामू के 130 परिवारों का पूरा होगा घर का सपना, खाते में आएगी PM आवास योजना की किस्त