गढ़वा में दशहरा पर बदला ट्रैफिक रूट, 16 से 21 अक्टूबर तक शहर में गाड़ियों की एंट्री पर रोक
दुर्गा पूजा को लेकर गढ़वा में 16 से 21 अक्टूबर तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। शहर में ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
गढ़वा में 16 से 21 अक्टूबर तक यातायात प्रतिबंध।
निजी वाहनों का शहरी क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित।
संवाद सहयोगी, गढ़वा। दशहरा एवं दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने गढ़वा शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। 16 से 21 अक्टूबर तक शहर में वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर नियंत्रण रहेगा। प्रशासन ने विभिन्न दिशाओं से आने वाली बसों, निजी वाहनों, मालवाहक गाड़ियों और आटो के लिए अलग-अलग पड़ाव निर्धारित किए हैं।
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, प्रतिदिन सुबह पांच बजे से दोपहर एक बजे तक तथा शाम चार बजे से रात एक बजे तक निजी वाहनों का शहरी क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। 16 अक्टूबर की शाम चार बजे से 21 अक्टूबर तक बड़ी गाड़ियों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। छोटी मालवाहक गाड़ियां रात एक बजे से सुबह चार बजे तक ही शहर में प्रवेश कर सकेंगी।
मेराल की ओर से आने वाली बसों का पड़ाव कल्याणपुर ओवरब्रिज तथा रंका और शाहपुर की ओर से आने वाली बसों का पड़ाव नारायणपुर ओवरब्रिज निर्धारित किया गया है। मझिआंव की ओर से आने वाले वाहन कर्बला मैदान तक आएंगे, जबकि रेहला की ओर से आने वाली छोटी गाड़ियां गढ़वा बस स्टैंड तक पहुंच सकेंगी।

पलामू की ओर से आने वाली बसें और बड़ी गाड़ियां हूर मोड़ तक आएंगी। चिनियां की ओर से आने वाले वाहनों को कल्याणपुर ओवरब्रिज से ही वापस लौटना होगा। मझिआंव मोड़ से रंका मोड़ के बीच भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
आटो के लिए कर्बला मैदान, टाउन हाल मैदान और टंडवा चौक में स्टैंड निर्धारित किए गए हैं। जिला प्रशासन ने वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित पड़ावों का उपयोग करने की अपील की है।
