चक्रधरपुर के DRM तरुण कुमार हुरिया का तबादला, नीरज कुमार वर्मा संभालेंगे कमान
चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण कुमार हुरिया का तबादला हो गया है, अब नीरज कुमार वर्मा नए डीआरएम का पदभार संभालेंगे।

डीआरएम तरुण हुरिया और नए डीआरएम नीरज कुमार वर्मा। (फाइल फोटो)
HighLights
तरुण कुमार हुरिया का चक्रधरपुर डीआरएम पद से तबादला।
नीरज कुमार वर्मा बने चक्रधरपुर रेल मंडल के नए डीआरएम।
नए डीआरएम के सामने होंगी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण कुमार हुरिया का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह अब नीरज कुमार वर्मा चक्रधरपुर रेल मंडल के नए डीआरएम होंगे।
नीरज कुमार वर्मा इससे पहले दक्षिण पूर्व रेलवे के गार्डन रीच स्थित मुख्यालय में पदस्थापित थे। उनके चक्रधरपुर आने की खबर के साथ ही रेल मंडल में प्रशासनिक बदलाव और नए नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
डीआरएम तरुण कुमार हुरिया का कार्यकाल 28 दिसंबर 2024 से शुरू हुआ था। लगभग दो वर्षों के इस कार्यकाल में रेल यात्रियों से लेकर रेलकर्मियों तक की कई समस्याएं लगातार चर्चा में रहीं।
विशेष रूप से ट्रेनों की लेटलतीफी, रेल परिचालन में अव्यवस्था, हादसों और प्रशासनिक फैसलों को लेकर रेलवे प्रबंधन को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
यात्रियों को घंटों की देरी से चलने वाली ट्रेनों के कारण भारी परेशानियां झेलनी पड़ीं।प्रशासनिक स्तर पर भी उनके कार्यकाल को लेकर असंतोष की चर्चाएं होती रहीं।
रेल मंडल के विभिन्न विभागों के कामकाज, कर्मचारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन से जुड़े मामलों में कथित हस्तक्षेप को लेकर विभागीय स्तर पर नाराजगी की बातें सामने आती रहीं। कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच समन्वय तथा कार्य संस्कृति को लेकर भी सवाल उठते रहे।
नीरज कुमार वर्मा के हाथ में कमान
इन परिस्थितियों का असर मंडल मुख्यालय के कामकाज पर पड़ने की शिकायतें भी सामने आईं। अब तरुण कुमार हुरिया के स्थानांतरण के बाद चक्रधरपुर रेल मंडल की कमान नीरज कुमार वर्मा के हाथों में होगी।
नए डीआरएम के सामने ट्रेनों का समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित करना, रेल हादसों पर प्रभावी नियंत्रण, यात्री सुविधाओं का विस्तार, लंबित विकास योजनाओं को गति देना और रेल अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना प्रमुख चुनौतियां होंगी।
चक्रधरपुर रेल मंडल के यात्रियों, रेलकर्मियों और आम लोगों को उम्मीद है कि नए डीआरएम के नेतृत्व में मंडल में कार्य संस्कृति में सुधार आएगा और रेलवे प्रशासन का ध्यान जमीनी समस्याओं के समाधान पर केंद्रित होगा।
अब देखना होगा कि नीरज कुमार वर्मा अपने कार्यकाल में चक्रधरपुर रेल मंडल को विकास, सुरक्षित रेल परिचालन और बेहतर यात्री सुविधाओं की दिशा में किस तरह आगे ले जाते हैं।
यह भी पढ़ें- फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए बदला चक्रधरपुर रेल मंडल का टाइम-टेबल; सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक खुलेंगे ऑफिस