विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी सिंहभूम: एक सप्ताह के नवजात को मां ने गला दबाकर मारा, घर से 3 KM दूर दलदल में दफनाया शव

Published: Tue, 06 Oct 2026 01:13 PM (IST)

पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी में एक सप्ताह के नवजात की संदिग्ध मौत और शव को दलदल में दफनाने का मामला सामने आया है।

दलदल में दफनाया शव

दलदल में दफनाया शव

HighLights

  1. कुमारडुंगी में एक सप्ताह के नवजात की संदिग्ध मौत हुई।

  2. मां पर बच्चे की गला दबाकर हत्या का आरोप लगा।

  3. शव को दलदल में दफनाया गया, बाद में निकाला गया।

संवाद सूत्र, कुमारडुंगी। पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव में एक सप्ताह के नवजात की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और शव को दलदल में दफन किए जाने का मामला सामने आया है। नवजात की मां भगवती नायक पर बच्चे की हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगा है। 

सोमवार को ग्रामीण मुंडा विजय हेम्ब्रम की अध्यक्षता में हुई बैठक में महिला से पूछताछ के बाद ग्रामीणों ने करीब तीन किलोमीटर दूर पुटीसाल के दलदली क्षेत्र से नवजात का शव बाहर निकलवाया। 

बच्चे की गला दबाकर हत्या

ग्रामीणों के अनुसार, भगवती नायक के घर 22 सितंबर को नवजात का जन्म हुआ था। आरोप है कि 26 सितंबर की सुबह महिला ने बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पुटीसाल के दलदल में दफना दिया। 

घटना के बाद महिला कुछ दिनों तक गांव से बाहर रही। इसी दौरान बच्चे को बेच दिए जाने की चर्चा ग्रामीणों के बीच होने लगी। मामले की सच्चाई जानने के लिए सोमवार को बैठक बुलाई गई। 

शव को करीब एक फीट गहरे गड्ढे में दोबारा दफना दिया

ग्रामीणों का दावा है कि पूछताछ के दौरान महिला ने नवजात की हत्या कर शव दलदल में दफनाने की बात स्वीकार की। इसके बाद महिला ग्रामीणों को पुटीसाल ले गई, जहां दलदल से नवजात का शव निकाला गया। शव काफी सड़-गल चुका था। बाद में महिला ने ही शव को करीब एक फीट गहरे गड्ढे में दोबारा दफना दिया। 

सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और ग्रामीणों व महिला से घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने पुलिस को लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई है। वहीं, बैठक के बाद ग्रामीणों ने भगवती नायक, उसके तीन वर्षीय बेटे और उसकी मां को बस्ती से बाहर कर दिया। नवजात की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

यह भी पढ़ें- चाईबासा में बिजनेस का झांसा देकर 14 महिलाओं के खातों से निकाले ₹12 लाख, बैंक कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध